Cyclone Alert: देश में चक्रवाती तूफानों की आहट ने एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है. चक्रवात ‘अर्नब’ के बाद अब बंगाल की खाड़ी में एक और नए चक्रवाती तूफान का खतरा मंडरा रहा है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 2 नवंबर से आंध्र प्रदेश, ओडिशा और पुडुचेरी सहित कई राज्यों में भारी बारिश, तेज आंधी और तटीय इलाकों में अलर्ट जारी किया है.
बंगाल की खाड़ी में बने दबाव के चक्रवाती तूफान में बदलने से ओडिशा, आंध्र प्रदेश और पुडुचेरी पर संकट गहरा गया है. मौसम विभाग ने 2 नवंबर को 80-90 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने और मूसलाधार बारिश की चेतावनी देते हुए मछुआरों को समुद्र किनारे से हटने की सलाह दी है. इसके अलावा तेलंगाना, रायलसीमा और कर्नाटक समेत कई दक्षिण भारतीय राज्यों में 4 नवंबर तक भारी बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया गया है.
बंगाल की खाड़ी में डिप्रेशन, 2 नवंबर तक आंध्र तट के पास पहुंचेगा तूफान
मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह के पास बना कम दबाव का क्षेत्र शनिवार को डिप्रेशन में तब्दील हो गया. यह आगे चलकर गहरे दबाव और चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है. शनिवार को इसका केंद्र श्री विजयपुरम से 330 किमी दूर स्थित था, जिसके 2 नवंबर की शाम तक आंध्र प्रदेश के तट के पास पहुंचने की प्रबल संभावना है.
3 राज्यों में आफत की बारिश और 90 किमी/घंटे की रफ्तार से आंधी की चेतावनी
इस चक्रवाती तूफान के प्रभाव से ओडिशा, आंध्र प्रदेश और पुडुचेरी में बेहद भारी बारिश की आशंका जताई गई है. तटीय क्षेत्रों में हवा की रफ्तार 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. सुरक्षा के मद्देनजर मौसम विभाग ने मछुआरों को समुद्र में न जाने और तटीय इलाकों से दूर रहने की सख्त सलाह दी है.
अल नीनो का प्रभाव और प्री-मॉनसून का अनोखा ट्रेंड
आईएमडी के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र ने बताया कि सामान्य तौर पर उत्तर हिंद महासागर में हर साल 4 से 5 तूफान आते हैं, लेकिन अल नीनो वाले वर्षों में इनकी संख्या और तीव्रता कम रहने का रुझान देखा जाता है. उल्लेखनीय है कि इस साल प्री-मॉनसून सीजन में कोई नामित चक्रवात नहीं बना, जो 1980 से 2025 के 46 वर्षों के आंकड़ों में केवल 12 बार ही देखने को मिला है.
देश के इन इलाकों में दर्ज हुई बारिश और आगे का अलर्ट
हाल के दिनों में गंगीय पश्चिम बंगाल, अंडमान-निकोबार और तेलंगाना में भारी से बहुत भारी बारिश (12-20 सेमी) दर्ज की गई है. वहीं उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, बिहार, छत्तीसगढ़ और तटीय आंध्र प्रदेश में भारी बारिश (7-11 सेमी) हुई है. IMD के अनुसार 2 से 4 नवंबर के बीच तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा, तेलंगाना, केरल, माहे और कर्नाटक के अंदरूनी हिस्सों में गरज-चमक के साथ आंधी और मूसलाधार बारिश का अलर्ट बना हुआ है.
यह भी पढ़ें-अर्नब चक्रवात के बाद एक और भीषण तूफान…! 20 राज्यों में मचेगा उत्पात, मूसलाधार बारिश का खौफनाक अलर्ट
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




