Bharat Express DD Free Dish
Pension Mission Shakti Digital
Pension Mission Shakti Digital

नशे में धुत पंजाब के सीएम भगवंत मान? जानिए वायरल वीडियो का सच

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान का नशे की हालत में बताकर वायरल किया गया वीडियो एडिटेड निकला. असल वीडियो 2017 का है जिसमें जस्सी देओल नाम के व्यक्ति थे.

Bhagwant Mann Viral Video Truth Jassi Deol 2017 Video

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान का एक कथित वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में भगवंत मान जैसा दिखने वाला एक व्यक्ति कुर्सी पर बैठा हुआ है और नशे की हालत में अजीबोगरीब बातें करता नजर आ रहा है. कई यूजर इस वीडियो को शेयर करते हुए आम आदमी पार्टी और पंजाब सरकार पर निशाना साध रहे हैं.

डीपफेक या एडिटिंग से बदला गया चेहरा

वीडियो की जांच करने पर पता चला कि वायरल वीडियो में असल में भगवंत मान हैं ही नहीं. असली वीडियो में जस्सी देओल नाम के व्यक्ति थे, जिनके चेहरे पर एडिटिंग के जरिए पंजाब के सीएम का चेहरा लगा दिया गया है.

वायरल वीडियो में शख्स नशे की धुन में ‘अपने मुंडे दा व्याह’ चिल्लाता हुआ दिखता है. जब इस कीवर्ड को यूट्यूब पर सर्च किया गया, तो एक यूट्यूब चैनल पर सितंबर 2017 का एक वीडियो मिला. उस ओरिजिनल वीडियो में वही संवाद, वही हाव-भाव और वही माहौल था, लेकिन कुर्सी पर बैठा शख्स कोई और था.

क्या है वायरल वीडियो की कहानी?

जिस असली वीडियो से छेड़छाड़ की गई है, वह 2017 में इंटरनेट पर काफी वायरल हुआ था. वीडियो में दिख रहे व्यक्ति का नाम जस्सी देओल था. एक इंटरव्यू में उन्होंने खुद बताया था कि वे एक शादी समारोह में गए थे, जहां शराब पीने के बाद उनका यह वीडियो किसी ने रिकॉर्ड करके सोशल मीडिया पर डाल दिया था.

जस्सी का यह अंदाज लोगों को इतना पसंद आया कि पंजाबी गायक दिलप्रीत ढिल्लों ने 2017 में ‘साडे मुंडे दा व्याह’ नाम से एक गाना रिलीज किया और जस्सी को भी उसमें फीचर किया था. दुखद बात यह रही कि मार्च 2018 में हार्ट अटैक के कारण जस्सी देओल का निधन हो गया था. इस जांच से यह साफ है कि वायरल हो रहे वीडियो से छेड़छाड़ कर उसे भ्रामक रूप से फैलाया जा रहा है.

यह भी पढ़ें: क्या ‘चलो दिल्ली’ रैली में शामिल होने के लिए ट्रेनों में उमड़ी भारी भीड़? जानें वायरल वीडियो का सच

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Pension Mission Shakti Digital