मधुबनी में ASI की कथित फायरिंग से एक की मौत,
Bihar News: मधुबनी जिले के बाबूबरही थाना क्षेत्र से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जिसने पुलिस विभाग की छवि पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. यह मामला ऐतिहासिक बालीराजगढ़ स्थल की सुरक्षा में तैनात एक एएसआई से जुड़ा है. सोमवार देर रात हुई इस घटना में एएसआई द्वारा की गई कथित गोलीबारी में एक ग्रामीण की मौत हो गई, जबकि एक महिला समेत तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया.
बालीराजगढ़ में सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात था एएसआई
जानकारी के अनुसार, बाबूबरही थाना क्षेत्र के बालीराजगढ़ में पुरातात्विक खुदाई स्थल की सुरक्षा के लिए एक एएसआई की तैनाती की गई थी. पुलिस जांच में सामने आया है कि वह अक्सर गांव की रहने वाली फूलों देवी के घर आया-जाया करता था. इसी दौरान दोनों के बीच कथित अवैध संबंध होने की बात सामने आई है.
ग्रामीणों ने रंगे हाथ पकड़ लिया
बताया जा रहा है कि सोमवार रात ग्रामीणों ने एएसआई को महिला के साथ संदिग्ध स्थिति में देख लिया. इसके बाद बड़ी संख्या में लोग वहां इकट्ठा हो गए और उसे घेर लिया. खुद को चारों तरफ से घिरा हुआ देखकर एएसआई बौखला गया और उसने अपनी सर्विस रिवॉल्वर निकाल ली.
बचने के लिए की अंधाधुंध फायरिंग
पुलिस के मुताबिक, एएसआई ने मौके से निकलने के प्रयास में ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं. गोलीबारी होते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई. फायरिंग की चपेट में आए 45 वर्षीय अशोक यादव की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. वहीं तीन अन्य लोग गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए.
महिला समेत तीन लोग घायल
घायलों में 40 वर्षीय फूलों देवी, 50 वर्षीय बिजेंद्र यादव और 45 वर्षीय धनीकलाल यादव शामिल हैं. तीनों बालीराजगढ़ गांव के निवासी बताए जा रहे हैं. घटना के तुरंत बाद सूचना डायल-112 टीम को दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सदर अस्पताल भेजा गया. अस्पताल में उनका इलाज जारी है.
एसपी रात में ही पहुंचे अस्पताल
घटना की जानकारी मिलते ही मधुबनी के एसपी योगेंद्र कुमार खुद टीम के साथ सरस्वती अस्पताल पहुंचे. उन्होंने घायलों का हालचाल जाना और पूरे मामले की विस्तृत जानकारी ली. इसके बाद एसपी बाबूबरही थाना पहुंचे और अधिकारियों के साथ स्थिति की समीक्षा की.
एसपी ने बताई पूरी घटना
एसपी योगेंद्र कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात एएसआई का गांव की एक महिला के घर लगातार आना-जाना था. देर रात ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया और घेराबंदी कर दी. इसी दौरान उसने अपनी सर्विस रिवॉल्वर से फायरिंग कर दी, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई और तीन लोग घायल हुए.
घायलों को अलग-अलग जगह लगी गोली
पुलिस के अनुसार, घायल लोगों में एक व्यक्ति के पैर में गोली लगी है. दूसरे व्यक्ति को गोली छूते हुए निकल गई, जबकि तीसरे घायल के सिर में गोली लगी है. डॉक्टरों की निगरानी में सभी का इलाज किया जा रहा है.
आरोपी एएसआई की तलाश जारी
घटना के बाद आरोपी एएसआई मौके से फरार हो गया. उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने दो विशेष टीमों का गठन किया है. लगातार छापेमारी की जा रही है और उसके संभावित ठिकानों पर नजर रखी जा रही है.
केस दर्ज के बाद सस्पेंड हुआ एएसआई
एसपी ने बताया कि फरार एएसआई को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है. उसके खिलाफ हत्या और अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर कानून के मुताबिक कड़ी सजा दिलाने की कोशिश की जाएगी.
गांव में तनाव के बीच भारी पुलिस बल तैनात
गोलीकांड के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है. किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है. प्रशासन लगातार लोगों से शांति बनाए रखने की अपील कर रहा है.
गिरफ्तारी का इंतजार
फिलहाल पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल यही है कि फरार एएसआई पुलिस की पकड़ में कब आएगा. ग्रामीण आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं. वहीं पुलिस अधिकारियों का दावा है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए तेजी से कार्रवाई की जा रही है और आरोपी को जल्द कानून के हवाले किया जाएगा.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




