केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह गुरुवार को हरियाणा के दौरे पर रहेंगे. इस दौरान वह करनाल में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की ओर से आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ मार्च में हिस्सा लेंगे. इसके बाद उनका काफिला अंबाला पहुंचेगा, जहां वह आधुनिक शहीद स्मारक का औपचारिक उद्घाटन करेंगे. गृह मंत्री के दौरे को लेकर दोनों शहरों में तैयारियां तेज कर दी गई हैं और सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं.
अमित शाह करनाल में सेक्टर-12 से दयानंद चौक तक निकाली जाने वाली पदयात्रा में शामिल होंगे. इस मार्च को BJP के देशव्यापी अभियान का हिस्सा बताया जा रहा है. पार्टी इस अभियान के जरिए चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर इंडिया ब्लॉक की ओर से उठाए जा रहे सवालों का जवाब देना चाहती है.
BJP का मकसद इस अभियान के माध्यम से जनता तक अपना पक्ष पहुंचाना और लोकतांत्रिक संस्थाओं के समर्थन में माहौल बनाना है. शाह की मौजूदगी को देखते हुए कार्यक्रम स्थल और पदयात्रा के पूरे रास्ते पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी जाएगी.
अंबाला में आधुनिक शहीद स्मारक का उद्घाटन
करनाल का कार्यक्रम पूरा करने के बाद अमित शाह अंबाला जाएंगे. यहां वह आधुनिक शहीद स्मारक का उद्घाटन करेंगे और स्मारक परिसर का दौरा भी करेंगे. यह स्मारक 1857 के स्वतंत्रता संग्राम में अपना योगदान देने वाले वीरों और शहीदों की याद में तैयार किया गया है.
खास बात यह है कि अंबाला छावनी में अमित शाह का यह पहला दौरा होगा. हालांकि, इससे पहले वह दो बार अंबाला आ चुके हैं. उन दोनों दौरों के दौरान उन्होंने चुनावी रैलियों को संबोधित किया था. इस बार उनका दौरा किसी राजनीतिक सभा तक सीमित नहीं है, बल्कि देश की आजादी के लिए संघर्ष करने वाले वीरों को श्रद्धांजलि देने से जुड़ा है.
यह कार्यक्रम हरियाणा के 60वें स्थापना दिवस समारोह के तहत आयोजित किया जा रहा है. इसके जरिए राज्य के इतिहास और स्वतंत्रता संग्राम में यहां के लोगों के योगदान को याद करने का अवसर भी मिलेगा.
स्थापना दिवस पर शाह ने हरियाणा की तारीफ की थी
गौरतलब है कि 1 नवंबर को हरियाणा के 60वें स्थापना दिवस के मौके पर गृह मंत्री अमित शाह ने प्रदेशवासियों को बधाई दी थी. उन्होंने अपने संदेश में हरियाणा को वीरता, मेहनत और समृद्धि की धरती बताया था. साथ ही देश की सुरक्षा, खेल और कृषि के क्षेत्र में राज्य के योगदान की सराहना की थी.
शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा था कि हरियाणा के सैनिक सीमाओं पर देश की रक्षा कर रहे हैं, खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तिरंगे का मान बढ़ा रहे हैं और किसान कृषि व पशुपालन के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित कर रहे हैं.
उन्होंने यह भी कहा था कि राज्य के बहादुर जवानों, प्रतिभाशाली खिलाड़ियों और मेहनती किसानों ने हमेशा देश के गौरव और विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


