डोनाल्ड ट्रंप दिवाली
Donald Trump Diwali: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को व्हाइट हाउस के ओवल ऑफिस में दिवाली का त्योहार मनाया. इस मौके पर उन्होंने भारतीय मूल के प्रमुख कारोबारियों, उद्यमियों और अपने प्रशासन के अधिकारियों के साथ दीया जलाया. समारोह में माइक्रोन टेक्नोलॉजी के सीईओ संजय मेहरोत्रा समेत कई बड़ी हस्तियां शामिल हुईं. इस दौरान उद्यमी विशाल गोंडल ने राष्ट्रपति ट्रंप को हनुमान चालीसा की एक प्रति भी भेंट की.
कार्यक्रम में अमेरिका में भारत के राजदूत विनय मोहन क्वात्रा, मशहूर शेफ विकास खन्ना, आईबीएम के सीईओ अरविंद कृष्णा, एफबीआई निदेशक काश पटेल और अमेरिकी नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ हेल्थ के निदेशक जय भट्टाचार्य भी मौजूद रहे.
दीया जलाकर ट्रंप ने की समारोह की शुरुआत
ओवल ऑफिस में आयोजित समारोह की शुरुआत राष्ट्रपति ट्रंप ने दीया जलाकर की. इस छोटे और निजी आयोजन में अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो और सोशल सिक्योरिटी एडमिनिस्ट्रेशन के डिप्टी कमिश्नर अर्जुन मोदी भी शामिल हुए.
A moment of shared light in the Oval Office. 🪔
Honored to celebrate Diwali with President @realDonaldTrump and proud to gift him with a copy of the Hanuman Chalisa, Tulsidas’s hymn to Lord Hanuman that millions of us recite for courage, devotion and strength.
As the diyas were lit, my prayer was for friendship between India and America, and for the triumph of light over darkness.
Jug Jug Jiyo, a blessing many of us grew up hearing, means “may you live for ages.” It is the wish behind everything I do, and today I made it for everyone around the world: peace, prosperity, good health and longevity.
Happy Diwali. Jug Jug Jiyo. 🙏
@TheVikasKhanna @DhallaRuby @WhiteHouse
— Vishal Gondal (@vishalgondal) November 6, 2026
इसके अलावा धल्ला ग्रुप ऑफ कंपनीज की अध्यक्ष और सीईओ रूबी धल्ला, नैक सिस्टम्स के संस्थापक और सीईओ राजीव शर्मा, केशवम डीसी के अध्यक्ष विश्वजीत मल्लमपति और राष्ट्रपति के अतिथि के तौर पर हेतलकुमार पटेल भी समारोह में पहुंचे. व्हाइट हाउस में आयोजनों की जिम्मेदारी संभालने वाले अरविंद चड्ढा भी इस मौके पर मौजूद रहे.
जीओक्यूआईआई टेक्नोलॉजीज के संस्थापक और सीईओ विशाल गोंडल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर समारोह की तस्वीरें साझा कीं. उन्होंने इसे ‘ओवल ऑफिस में रोशनी का साझा पल’ बताया.
ट्रंप को भेंट की हनुमान चालीसा
विशाल गोंडल ने राष्ट्रपति ट्रंप के साथ दिवाली मनाने पर खुशी जताई. उन्होंने लिखा, “राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ दिवाली मनाना सम्मान की बात है. मुझे उन्हें हनुमान चालीसा की एक प्रति भेंट करने पर गर्व है. यह तुलसीदास की भगवान हनुमान को समर्पित स्तुति है, जिसका पाठ हममें से लाखों लोग साहस, भक्ति और शक्ति के लिए करते हैं.”
गोंडल ने कहा कि समारोह में दीये जलाए जाने के दौरान उन्होंने भारत और अमेरिका की दोस्ती और अंधकार पर प्रकाश की जीत के लिए प्रार्थना की.
2003 में शुरू हुई थी दिवाली मनाने की परंपरा
व्हाइट हाउस में दिवाली मनाने की परंपरा साल 2003 में तत्कालीन अमेरिकी राष्ट्रपति जॉर्ज डब्ल्यू बुश ने शुरू की थी. शुरुआती दौर में ये समारोह मुख्य रूप से आइजनहावर एग्जीक्यूटिव ऑफिस बिल्डिंग में आयोजित किए जाते थे. इनमें भारतीय-अमेरिकी समुदाय के लोगों और भारतीय राजनयिकों को आमंत्रित किया जाता था.
ये भी पढ़ें- अमेरिका से कनाडा तक दिवाली की धूम, जगमग हुए शहर; न्यू जर्सी में रामलीला तो टोरंटो में लगा स्ट्रीट मेला
साल 2009 में राष्ट्रपति बराक ओबामा व्हाइट हाउस में दीया जलाने वाले पहले अमेरिकी राष्ट्रपति बने थे. उन्होंने ईस्ट रूम में आयोजित समारोह के दौरान दीप प्रज्वलित किया था. इसके बाद से व्हाइट हाउस के अलग-अलग हिस्सों में दिवाली के कार्यक्रम आयोजित होते रहे हैं. इनमें ओवल ऑफिस और रूजवेल्ट रूम भी शामिल हैं.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



