Strait of Hormuz Tanker Explosion: दुनिया की नसों में दौड़ने वाले कच्चे तेल की जीवनरेखा यानी होर्मुज स्ट्रेट (Strait of Hormuz) एक बार फिर बारूदी धुएं में आ गया है. वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति के इस सबसे संकरे गलियारे में तनाव उस वक्त चरम पर पहुंच गया, जब ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) की नौसेना ने दावा किया कि अनाधिकृत रास्ते से गुजर रहे दो बड़े तेल टैंकरों में भीषण विस्फोट हुआ है और वे समंदर में धू-धू कर जल रहे हैं.
ईरानी दावे के मुताबिक, इनमें से एक सुपरटैंकर समुद्री बारूदी सुरंग से टकराकर उड़ गया. दूसरा अमेरिकी लड़ाकू विमानों की सुरक्षा छतरी के नीचे गुपचुप निकल रहा था, जो भीषण आग की चपेट में आकर ठप हो गया. लेकिन NASA के सैटेलाइट डेटा और अंतरराष्ट्रीय समुद्री सुरक्षा तंत्र ने ऐसी जानकारी सामने रखी, जिसने इस पूरे मामले को एक रहस्यमयी पहेली बना दिया है.
IRGC के दावा में क्या है आरोप? (Hormuz mein oil tanker par hamla)
ईरान की आधिकारिक समाचार एजेंसी (IRNA) द्वारा जारी बयान के अनुसार, फारस की खाड़ी के मुहाने पर हुई इस कथित घटना में कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं. IRGC ने कहा कि होर्मुज के दक्षिणी गलियारे से एक अनाधिकृत मार्ग पर आगे बढ़ रहा सुपरटैंकर सीधे नौसैनिक बारूदी सुरंग की चपेट में आ गया, जिससे उसमें भीषण विस्फोट हुआ.
दूसरे टैंकर को लेकर ईरान ने दावा किया कि उसे “आक्रामक अमेरिकी सेना” के लड़ाकू विमानों की सुरक्षा हासिल थी और वह छिपकर निकलने की फिराक में था, लेकिन वह भी एक घटना का शिकार होकर भयानक आग का गोला बन गया.
ईरान का आरोप है कि पकड़े जाने से बचने के लिए दोनों टैंकरों ने अपने स्वचालित पहचान (AIS) और नेविगेशन सिस्टम पूरी तरह बंद (डार्क मोड) कर रखे थे. IRGC ने अंतरराष्ट्रीय जहाजों को आगाह किया कि यह मार्ग असुरक्षित है और अमेरिकी सेना के साथ सहयोग करने वाले किसी भी पोत का यही हश्र होगा.
नासा के सैटेलाइट डेटा ने क्यों खड़े किए सवाल?
ईरान के इस सनसनीखेज दावे की पुष्टि के लिए जब अंतरराष्ट्रीय रक्षा विश्लेषकों ने उपग्रहों की ओर रुख किया, तो तस्वीर काफी धुंधली नजर आई. आग और अत्यधिक तापमान को रियल-टाइम ट्रैक करने वाले नासा के ‘फायर इंफॉर्मेशन फॉर रिसोर्स मैनेजमेंट सिस्टम’ (NASA FIRMS) के पिछले 24 घंटों के डेटा विश्लेषण में होर्मुज के उस इलाके में कोई थर्मल एनोमली दर्ज नहीं हुई.
क्या समंदर की आग सैटेलाइट से छिप सकती है?
विशेषज्ञों का मानना है कि खुले समुद्र में घने बादलों, भाप या पानी के सतह की वजह से नासा के थर्मल सेंसर कभी-कभार छोटी आग को मिस कर सकते हैं, लेकिन एक विशालकाय सुपरटैंकर में लगी भीषण लपटों का पूरी तरह नजर न आना संशय पैदा करता है.
ब्रिटिश नौसेना से जुड़े ‘यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस’ (UKMTO), जो खाड़ी क्षेत्र में किसी भी हमले या जहाज के जलने की तुरंत रिपोर्ट जारी करता है, उसने भी ऐसी किसी घटना की पुष्टि नहीं की है.
होर्मुज में तनाव हकीकत या मनोवैज्ञानिक युद्ध?
होर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया का वह चौकपॉइंट है जहां से रोजाना वैश्विक तेल खपत का लगभग 20 प्रतिशत हिस्सा गुजरता है. यूएस डेटा के अनुसार, वर्तमान में रोजाना करीब 30 जहाजों को अमेरिकी सुरक्षा तंत्र के समन्वय से निकाला जा रहा है. वहीं, ‘जॉइंट मैरीटाइम इंफॉर्मेशन सेंटर’ (JMIC) के मुताबिक हाल के हफ्तों में वाणिज्यिक पोतों पर निगरानी, हमलों के प्रयास और छिटपुट हमले काफी तेज हुए हैं.
ये भी पढ़ें: ‘मैं पढ़ूंगा सोनिया गांधी की किताब’, रविशंकर प्रसाद ने बताया क्या खुलेंगे राज, राहुल पर हमला
ऐसे तनावपूर्ण माहौल में ईरानी नौसेना का यह दावा या तो खाड़ी में शक्ति प्रदर्शन का एक मनोवैज्ञानिक पैंतरा हो सकता है, या फिर समंदर के सन्नाटे में ऐसा गुप्त ऑपरेशन जिसे वैश्विक रडार से छिपाने की पूरी कोशिश की गई.
ऊर्जा बाजार पर मंडराते युद्ध के बादल (Strait of Hormuz Tanker Explosion)
चाहे नासा के सेंसर उस आग को पकड़ पाए हों या नहीं, लेकिन इस घटना ने साफ कर दिया है कि खाड़ी का पानी कभी भी बारूद की तरह सुलग सकता है. यदि तेल टैंकरों पर ऐसे हमले वाकई शुरू हो चुके हैं, तो आने वाले दिनों में अंतरराष्ट्रीय क्रूड ऑयल की कीमतों में भारी उबाल आ सकता है, जिसका सीधा असर भारत समेत पूरी दुनिया की अर्थव्यवस्था पर पड़ेगा. अंतरिक्ष से लेकर समंदर की लहरों तक, सबकी निगाहें अब इस बात पर टिकी हैं कि क्या वाशिंगटन या कोई स्वतंत्र शिपिंग कंपनी इस जलते हुए दावे का अगला सच दुनिया के सामने रखती है.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




