मदर डेयरी ने बढ़ाए दूध के दाम
Mother Dairy Milk Price Hike: दिल्ली-NCR के लोगों को महंगाई का एक और झटका लगा है. मदर डेयरी ने दूध की कीमतों में 2 से 4 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ोतरी कर दी है. नई कीमतें गुरुवार यानी 12 नवंबर से लागू होंगी. कंपनी ने फुल क्रीम, टोंड, गाय के दूध और डबल टोंड समेत अलग-अलग वैरायटी के दाम बढ़ाए हैं. ऐसे में अब रोजाना दूध खरीदने वाले लोगों की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा.
नई दरों के मुताबिक मदर डेयरी का फुल क्रीम दूध अब 72 रुपये की जगह 76 रुपये प्रति लीटर मिलेगा. यानी इसकी कीमत में 4 रुपये की बढ़ोतरी हुई है. वहीं, टोंड मिल्क की कीमत 60 रुपये से बढ़कर 62 रुपये प्रति लीटर हो गई है.
इसी तरह गाय का दूध अब 62 रुपये की जगह 65 रुपये प्रति लीटर मिलेगा. इसकी कीमत में 3 रुपये का इजाफा हुआ है. जबकि डबल टोंड दूध के दाम 54 रुपये से बढ़कर 56 रुपये प्रति लीटर हो गए हैं. कंपनी ने लिक्विड मिल्क की अलग-अलग वैरायटी के दामों में यह बदलाव किया है.

क्यों बढ़े मदर डेयरी के दूध के दाम?
सूत्रों के मुताबिक, किसानों से दूध खरीदने की लागत बढ़ने के कारण कंपनी ने कीमतों में बढ़ोतरी का फैसला किया है. दूध की खरीद कीमतों में इजाफा होने से कंपनी की लागत पर असर पड़ा है. ऐसे में बढ़ी हुई लागत का कुछ बोझ अब ग्राहकों पर डाला जा रहा है.
मदर डेयरी अपनी कुल कमाई का करीब 75 से 80 फीसदी हिस्सा दूध उत्पादक किसानों को भुगतान करती है. कंपनी के लिए किसानों से दूध खरीदने की लागत में बदलाव का सीधा असर कारोबार पर पड़ता है. हालांकि, कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर कंपनी के प्रवक्ता ने टिप्पणी करने से इनकार कर दिया है.
छह महीने बाद बढ़े दूध के दाम
मदर डेयरी ने करीब छह महीने बाद दूध की कीमतों में बदलाव किया है. इससे पहले कंपनी ने 14 मई 2026 को दूध के दाम बढ़ाए थे. उससे पहले अप्रैल 2025 में कीमतों में बदलाव किया गया था.
दिल्ली-NCR में रोजाना 35 लाख लीटर दूध की सप्लाई
मदर डेयरी दिल्ली-NCR में दूध की सबसे बड़ी आपूर्तिकर्ता कंपनियों में से एक है. कंपनी अपने आउटलेट्स, स्थानीय दुकानदारों और ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के जरिए इस इलाके में रोजाना करीब 35 लाख लीटर दूध की सप्लाई करती है. देशभर में कंपनी की कुल दैनिक बिक्री 50 लाख लीटर से ज्यादा है.
ये भी पढ़ें- ये कैसे भगवान हैं? DMCH में जूनियर डॉक्टरों की हड़ताल से सभी सेवाएं ठप, दर-दर भटक रहे मरीज
राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड (NDDB) के स्वामित्व वाली मदर डेयरी देश की प्रमुख डेयरी कंपनियों में शामिल है. ऐसे में कीमतों में इस बढ़ोतरी का असर दिल्ली-NCR के लाखों उपभोक्ताओं के घरेलू बजट पर पड़ सकता है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



