Rajasthan News: राजस्थान के बीकानेर जिले से भाईदूज के पावन पर्व पर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है. जिस दिन बहनें अपने भाइयों की लंबी उम्र की दुआ मांग रही थीं, उसी दिन एक बहन की जान बचाने के चक्कर में तीन भाइयों को भी अपनी जान गंवानी पड़ी. एक ही परिवार के चार बच्चों की असमय मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है.
बीकानेर के छत्तरगढ़ में भाईदूज के दिन पानी की डिग्गी में पैर फिसलने से डूबी बहन को बचाने के चक्कर में तीन भाइयों की भी डूबने से मौत हो गई. एक ही परिवार के चार बच्चों की इस आकस्मिक और दर्दनाक मौत से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है.
भाईदूज पर खुशियां मातम में बदलीं
राजस्थान के बीकानेर जिले के छत्तरगढ़ थाना क्षेत्र के आवा गांव में बुधवार दोपहर यह हृदयविदारक हादसा हुआ. भाईदूज के त्योहार के दिन जहां एक तरफ जश्न का माहौल होना चाहिए था, वहीं इस दर्दनाक दुर्घटना ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं. एक साथ चार अर्थियां उठने से पूरा गांव गमगीन हो गया और हर किसी की आंखें नम थीं.
बहन को बचाने के लिए डिग्गी में कूदे भाई
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, रमेश नायक के खेत में बनी करीब 100×100 फीट की पानी से भरी डिग्गी में उनकी 14 वर्षीय बेटी पूजा नहाने गई थी. इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चली गई. बहन को डूबता देख वहां मौजूद उसके भाई उसे बचाने के लिए एक के बाद एक डिग्गी में उतर गए, लेकिन दुर्भाग्य से कोई भी बाहर नहीं निकल सका और चारों पानी में समा गए.
हादसे में चार भाई-बहनों की गई जान
इस दर्दनाक हादसे में नाबालिग बहन पूजा (14), उसके दो सगे भाइयों मुकेश (18), मनोज (16) और उनके चचेरे भाई निर्मल नायक (21) की डूबने से मौत हो गई. इस दिल दहला देने वाली घटना ने दो सगे भाइयों रमेश और कालूराम के परिवारों को कभी न भरने वाला जख्म दे दिया है, जिससे दोनों परिवारों में अब केवल एक-एक बेटा ही शेष बचा है.
पुलिस प्रशासन की कार्रवाई और अंतिम संस्कार
घटना की सूचना मिलते ही छत्तरगढ़ थानाधिकारी नवनीत धालीवाल अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. पुलिस ने आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करते हुए शवों को बाहर निकाला. गमगीन माहौल के बीच शाम को चारों भाई-बहनों का एक साथ अंतिम संस्कार किया गया, जिसे देखकर हर किसी का दिल पसीज गया.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



