Bharat Express DD Free Dish

विधानसभा चुनाव 2027 से पहले वोटर लिस्ट में सुधार का बड़ा मौका, जानें नाम जुड़वाने की आखिरी तारीख

उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच 17 नवंबर को ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी होगी. नागरिक 16 दिसंबर 2026 तक नाम जुड़वाने या सुधार के लिए आवेदन कर सकेंगे, वहीं 1.73 लाख बूथों पर चार दिन विशेष कैंप भी लगेंगे.

UP Draft Voter List Release Date November 17 Special Campaign Booths

UP Draft Voter List: उत्तर प्रदेश में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले चुनाव आयोग ने मतदाता सूची को दुरुस्त करने की कवायद तेज कर दी है. विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत आगामी 17 नवंबर को प्रदेश की ड्राफ्ट (आलेख्य) मतदाता सूची जारी की जाएगी. सूची प्रकाशित होने के साथ ही नए नाम जुड़वाने, गलत नाम कटवाने और विवरण में सुधार कराने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी. आम नागरिक 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक अपने दावे और आपत्तियां दर्ज करा सकेंगे. मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि कोई भी पात्र नागरिक वोटर लिस्ट में शामिल होने से वंचित न रहे.

1.73 लाख बूथों पर चार दिन लगेंगे विशेष कैंप

मतदाता पंजीकरण को आसान बनाने के लिए प्रदेश के सभी 1,73,730 मतदान केंद्रों पर चार दिन का विशेष अभियान चलाया जाएगा. इसके तहत 21-22 नवंबर और 28-29 नवंबर को बूथ लेवल अधिकारी (BLO) सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक अपने-अपने बूथों पर मौजूद रहेंगे. इन केंद्रों पर मतदाताओं की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क और पेयजल की व्यवस्था रहेगी. इसके अलावा सार्वजनिक स्थानों पर भी अतिरिक्त हेल्प डेस्क लगाए जाएंगे, जहां से लोग आसानी से पंजीकरण फॉर्म लेकर जमा कर सकेंगे.

युवाओं को अग्रिम आवेदन का मौका

इस अभियान में युवा मतदाताओं पर खास ध्यान दिया जा रहा है. 1 जनवरी 2027 को 18 साल की उम्र पूरी करने वाले युवाओं के साथ-साथ 1 अप्रैल, 1 जुलाई और 1 अक्टूबर 2027 को 18 वर्ष के होने वाले युवा भी अग्रिम आवेदन कर सकेंगे.

पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जिला निर्वाचन अधिकारियों की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड की जाएगी और मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को भी इसकी प्रतियां दी जाएंगी. बीएलओ राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों (BLA) के साथ मिलकर सूची की जांच करेंगे. साथ ही, हर दिन प्राप्त होने वाले फॉर्म-9, 10, 11, 11ए और 11बी का ब्योरा वेबसाइट पर सार्वजनिक किया जाएगा और जिला स्तर पर वरिष्ठ अधिकारी पूरे अभियान की सीधी निगरानी करेंगे.

यह भी पढ़ें: UP: राह चलते युवक ने साड़ी शोरूम के दुपट्टों में लगाई आग, CCTV फुटेज में कैद हुई घटना, आपने देखा क्या VIDEO?

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read