Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

लखनऊ में 50 हजार से अधिक विद्यार्थियों के हाथों में पहुंचा टैबलेट, युवाओं ने सीएम योगी का जताया आभार

जनजातीय गौरव दिवस पर लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में सीएम योगी की मौजूदगी में लखनऊ मंडल के 50 हजार से अधिक छात्रों को टैबलेट बांटे गए. छात्रों ने इसे प्रतियोगी परीक्षाओं और डिजिटल पढ़ाई के लिए बेहद उपयोगी बताते हुए सरकार का आभार जताया.

UP Free Tablet Distribution Yojana Lucknow Students Thank CM Yogi Adityanath

डिजिटल दौर में पढ़ाई को आसान बनाने और युवाओं को तकनीक से जोड़ने की दिशा में उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने एक और बड़ा कदम उठाया है. जनजातीय गौरव दिवस और भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के खास मौके पर रविवार को लखनऊ में आयोजित भव्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में लखनऊ मंडल के 50 हजार से अधिक छात्र-छात्राओं और प्रशिक्षणार्थियों को मुफ्त टैबलेट वितरित किए गए. ‘स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना’ के तहत हाथों में नया टैबलेट पाकर विद्यार्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे और उन्होंने इस पहल के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया.

एक क्लिक पर उपलब्ध होंगे पढ़ाई के संसाधन

टैबलेट पाने वाले छात्रों का मानना है कि यह उपकरण उनकी पढ़ाई और करियर की दिशा बदलने में बेहद मददगार साबित होगा. सीतापुर निवासी सिद्धार्थ तिवारी ने कहा कि अब किताबों के साथ-साथ इंटरनेट पर मौजूद स्टडी मटेरियल, वीडियो लेक्चर और ऑनलाइन क्लासेज तक पहुंच बेहद आसान हो जाएगी, जिससे कठिन विषयों को समझना सरल होगा. वहीं, सुयश अवस्थी के मुताबिक आज के समय में किताबी ज्ञान के साथ तकनीकी समझ भी जरूरी है; यह टैबलेट प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और ऑनलाइन फॉर्म भरने में बड़ी सुविधा देगा.

मेडिकल और नर्सिंग के छात्रों को मिलेगी खास मदद

चिकित्सा शिक्षा से जुड़े विद्यार्थियों ने भी इसे बेहद उपयोगी बताया. एसजीपीजीआई (SGPGI) के छात्र राज कश्यप ने कहा कि मेडिकल क्षेत्र में रोज नई जानकारियां आती हैं, ऐसे में डिजिटल माध्यम से खुद को अपडेट रखना आसान होगा. वहीं, बीएससी नर्सिंग की छात्रा ओजस्वी सिंह ने बताया कि नर्सिंग की पढ़ाई में थ्योरी के साथ प्रैक्टिकल समझ जरूरी होती है, जिसे टैबलेट पर मौजूद वीडियो और चित्रों के जरिए बेहतर तरीके से समझा जा सकेगा.

आत्मनिर्भर बनेंगे आर्थिक रूप से कमजोर छात्र

कार्यक्रम में मौजूद रागिनी और सुमन ने कहा कि आर्थिक तंगी की वजह से हर परिवार के लिए टैबलेट या लैपटॉप खरीदना संभव नहीं होता. सरकार की इस मदद से घर बैठे ई-बुक्स और ऑनलाइन कक्षाओं के जरिए पढ़ाई जारी रहेगी और समय की भी बचत होगी. छात्र अमन ने भी इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि यह योजना युवाओं में कौशल विकास और आत्मनिर्भरता के नए रास्ते खोलेगी.

यह भी पढ़ें: संगम नगरी में जल्द दौड़ेगी मेट्रो, 12 हजार करोड़ के प्रोजेक्ट में बनेंगे 45 स्टेशन

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

Chhath Puja 2026