Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

तेलंगाना में सूखे की मार: सीएम रेवंत रेड्डी ने पीएम मोदी से मुलाकात कर रखी ये बड़ी मांगें

तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने रविवार को दिल्ली में पीएम मोदी से मुलाकात कर राज्य के 365 सूखाग्रस्त मंडलों के लिए केंद्र से आर्थिक मदद मांगी. साथ ही उन्होंने पीएम को दिसंबर में होने वाले ग्लोबल समिट और खेलो इंडिया यूथ गेम्स के लिए आमंत्रित किया.

Telangana CM Revanth Reddy Meets PM Modi Seeks Drought Relief Global Summit

Telangana CM Revanth Reddy Meets PM Modi: तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने रविवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर राज्य से जुड़े कई अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की. इस मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री के साथ राज्य के सिंचाई मंत्री उत्तम कुमार रेड्डी और खेल मंत्री वाकिटी श्रीहरि भी मौजूद रहे, जबकि केंद्र की ओर से केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मंडाविया भी शामिल हुए. बैठक में मुख्य रूप से तेलंगाना में पड़ रहे भीषण सूखे, किसानों की खराब होती स्थिति और आगामी बड़े आयोजनों को लेकर बातचीत हुई.

365 मंडल सूखे की चपेट में

मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने प्रधानमंत्री को बताया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून की कमी और ‘अल नीनो’ (El Nino) के प्रभाव के कारण तेलंगाना के किसानों, खेती-किसानी और ग्रामीण आजीविका पर बेहद बुरा असर पड़ा है. उन्होंने पीएम मोदी से संकट की इस घड़ी में प्रभावित किसानों को सहारा देने और सूखाग्रस्त इलाकों में राहत कार्य चलाने के लिए केंद्र सरकार से पर्याप्त आर्थिक सहायता जारी करने की गुहार लगाई.

बता दें कि पिछले ही महीने तेलंगाना सरकार ने खरीफ 2026 सीजन के लिए राज्य के 31 जिलों के कुल 365 मंडलों को सूखाग्रस्त घोषित किया था. इनमें से 111 मंडल गंभीर सूखे की श्रेणी में रखे गए हैं, जबकि 254 मंडल मध्यम सूखे से जूझ रहे हैं.

ग्लोबल समिट और ‘खेलो इंडिया’ के लिए पीएम मोदी को निमंत्रण

राहत पैकेज की मांग के साथ-साथ मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने प्रधानमंत्री मोदी को राज्य में होने वाले दो बड़े आयोजनों में शामिल होने के लिए औपचारिक रूप से आमंत्रित भी किया. पहला आयोजन ‘इन्वेस्ट तेलंगाना ग्लोबल समिट 2026’ है, जो 7 से 9 दिसंबर तक हैदराबाद की ‘भारत फ्यूचर सिटी’ में आयोजित होगा. यह समिट ‘तेलंगाना राइजिंग 2047’ विजन का हिस्सा है, जिसका लक्ष्य 2047 तक राज्य को 3 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाना है.

इसके अलावा, सीएम ने 11 से 22 दिसंबर तक हैदराबाद में आयोजित होने वाले आठवें ‘खेलो इंडिया यूथ गेम्स’ के लिए भी पीएम को न्योता दिया. पहली बार तेलंगाना की मेजबानी में होने वाले इस 12 दिवसीय खेल महाकुंभ में 27 प्रतिस्पर्धी खेलों में करीब 6,000 एथलीट और 1,800 सपोर्ट स्टाफ हिस्सा लेंगे.

यह भी पढ़ें: कल से फिलीपींस दौरे पर रहेंगे पीएम मोदी, समुद्री सुरक्षा और व्यापार पर होगा बड़ा मंथन

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

Chhath Puja 2026

Latest