Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

इटली के नेता ने दोहराया ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ नारा तो शाह ने किया राहुल पर पलटवार- भारत को बदनाम करने से नहीं मिलेगी सत्ता

हैदराबाद में कांग्रेस के भारत समिट में इटालियन नेता जियाकोमो फिलिबेक के नारे पर गृह मंत्री अमित शाह का पलटवार. कहा- लगातार हार की हताशा निकाल रहे राहुल गांधी.

amit shah
Vijay Ram Edited by Vijay Ram

हैदराबाद में आयोजित कांग्रेस के ‘भारत समिट 2026’ के दौरान इटली के नेता जियाकोमो फिलिबेक द्वारा लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के समर्थन में ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ (Vote Thief, Leave Your Seat) का नारा लगाए जाने पर भारतीय राजनीति में बड़ा विवाद खड़ा हो गया है. इस घटना पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू और तेलंगाना भाजपा नेतृत्व ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कांग्रेस पर देश की आंतरिक लोकतांत्रिक प्रक्रिया में विदेशी हस्तक्षेप और भारत की छवि धूमिल करने का आरोप लगाया है.

शाह का पलटवार: ‘मोदी सरकार के 12 साल में भ्रष्टाचार का एक भी आरोप नहीं’

पुणे में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इस मुद्दे पर कांग्रेस और राहुल गांधी को आड़े हाथों लिया. शाह ने कहा कि कांग्रेस लगातार तीन बार आम चुनाव हारने की हताशा अब अंतरराष्ट्रीय सम्मेलनों में भारत विरोधी बयान देकर निकाल रही है. उन्होंने कहा, “कांग्रेस ने अपने कार्यक्रम का नाम तो ‘भारत समिट’ रखा, लेकिन उस मंच पर वामपंथी विचारधारा के विदेशी प्रतिनिधियों को बुलाकर देश की छवि खराब करने का प्रयास किया गया. सत्ता की लालसा इस तरह पूरी नहीं हो सकती; भारत को बदनाम करने से सत्ता नहीं मिलने वाली है.”

अमित शाह ने कांग्रेस के शासनकाल में हुए घोटालों की याद दिलाते हुए दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल में भ्रष्टाचार का चार आने का भी आरोप नहीं लगा है. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री मोदी और देश को बदनाम करने के प्रयास की वे कड़ी निंदा करते हैं.

किरेन रिजिजू और तेलंगाना भाजपा ने भी उठाए सवाल

केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने भी इस घटनाक्रम पर नाराजगी जताते हुए सवाल किया कि जब कोई विदेशी नागरिक देश का अपमान करता है, तो भला कौन हंसता है. वहीं, तेलंगाना भाजपा अध्यक्ष ने भी आपत्ति दर्ज कराते हुए कहा कि इटली का कोई राजनेता भारत की आंतरिक लोकतांत्रिक और चुनावी प्रक्रिया पर टिप्पणी कैसे कर सकता है.

क्या कहा था इटालियन नेता जियाकोमो फिलिबेक ने?

गौरतलब है कि हैदराबाद में आयोजित ‘भारत समिट 2026’ में पार्टी ऑफ यूरोपियन सोशलिस्ट्स (PES) के महासचिव और इटली के नेता जियाकोमो फिलिबेक ने अपने संबोधन के दौरान राहुल गांधी के समर्थन में यह नारा लगाया था. फिलिबेक ने कहा था कि राहुल गांधी ने ‘एक व्यक्ति, एक वोट’ के लोकतांत्रिक सिद्धांत की रक्षा की है. उन्होंने भारत में लोकतंत्र के खतरे में होने का दावा करते हुए इसके बचाव के लिए राहुल गांधी और कांग्रेस के साथ खड़े होने की बात कही थी.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

Chhath Puja 2026

Latest