Badrinath Temple Closing
Badrinath Temple Closing: उत्तराखंड की प्रसिद्ध चारधाम यात्रा अब शीतकाल के लिए समाप्त होने जा रही है. गंगोत्री, यमुनोत्री और केदारनाथ धाम के कपाट पहले ही बंद किए जा चुके हैं. अब आज यानी 16 नवंबर को बद्रीनाथ धाम के कपाट भी श्रद्धालुओं के लिए बंद कर दिए जाएंगे. इसके साथ ही इस साल की चारधाम यात्रा का समापन हो जाएगा. हालांकि, पहाड़ों में गिरते तापमान, कड़ाके की ठंड और बर्फबारी के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था कम नहीं हुई है. बड़ी संख्या में भक्त बद्रीनाथ धाम पहुंचकर भगवान बदरी विशाल के दर्शन कर रहे हैं.
आज रात 9:37 बजे बंद होंगे बद्रीनाथ धाम के कपाट
बद्रीनाथ धाम के कपाट आज सोमवार, 16 नवंबर को रात 9 बजकर 37 मिनट पर शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे. इसके बाद मंदिर में नियमित दर्शन की प्रक्रिया अगले साल कपाट खुलने तक बंद रहेगी. बद्रीनाथ धाम के कपाट बंद होने के बाद चारों धामों की यात्रा पर भी विराम लग जाएगा. कपाट बंद होने के अगले दिन यानी 17 नवंबर को भगवान बदरी विशाल के प्रतिनिधि उद्धव जी, देवताओं के खजांची कुबेर जी और गरुड़ जी की गद्दी शीतकालीन प्रवास के लिए रवाना होगी. इनकी यात्रा पांडुकेश्वर और ज्योतिर्मठ स्थित नृसिंह मंदिर तक होगी. सर्दियों के दौरान श्रद्धालु इन शीतकालीन स्थलों पर दर्शन और पूजा-अर्चना कर सकेंगे.
गंगोत्री, यमुनोत्री और केदारनाथ के कपाट पहले ही बंद
चारधाम यात्रा के तीन प्रमुख धामों के कपाट पहले ही शीतकाल के लिए बंद किए जा चुके हैं. गंगोत्री धाम के कपाट 10 नवंबर को अन्नकूट पर्व के अवसर पर बंद हुए थे. सर्दियों में श्रद्धालु मुखबा गांव स्थित मां गंगा के मंदिर में दर्शन कर सकेंगे. मुखबा को मां गंगा का शीतकालीन प्रवास स्थल माना जाता है. वहीं, यमुनोत्री धाम के कपाट 11 नवंबर को बंद किए गए थे. अब श्रद्धालु खरसाली स्थित मां यमुना के मंदिर में दर्शन कर सकेंगे. दूसरी ओर, केदारनाथ धाम के कपाट भी 11 नवंबर को भाई दूज के अवसर पर बंद हो चुके हैं. शीतकाल के दौरान बाबा केदार के दर्शन ऊखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर में किए जा सकेंगे.
अब अगले साल खुलेंगे चारों धाम के कपाट
बद्रीनाथ धाम के कपाट बंद होने के साथ ही उत्तराखंड की चारधाम यात्रा का इस साल का धार्मिक कार्यक्रम पूरा हो जाएगा. सर्दियों में पहाड़ों पर भारी बर्फबारी और बेहद कम तापमान के कारण चारों धामों में नियमित यात्रा रोक दी जाती है. हालांकि, श्रद्धालुओं के लिए राहत की बात यह है कि शीतकाल में भी चारों धामों से जुड़े देवी-देवताओं के दर्शन उनके निर्धारित शीतकालीन प्रवास स्थलों पर किए जा सकते हैं. अब भक्तों को चारधाम यात्रा के अगले सीजन का इंतजार रहेगा. साल 2027 में शुभ मुहूर्त और परंपराओं के अनुसार चारों धामों के कपाट दोबारा खोले जाएंगे.
भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



