PM Modi Philippines Visit: फिलीपींस गणराज्य के राष्ट्रपति फर्डिनेंड आर. मार्कोस जूनियर के आधिकारिक निमंत्रण पर मनीला के दौरे पर पहुंचे पीएम मोदी का आज (17 नवंबर) दूसरा और बेहद व्यस्त दिन है. आज प्रधानमंत्री मनीला में आयोजित 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन (ईएएस) में शिरकत कर रहे हैं.
आसियान सहयोग पर रणनीतिक साझेदारी
भारत और आसियान के संबंध देश की ‘एक्ट ईस्ट पॉलिसी’ और हिंद-प्रशांत क्षेत्र के दृष्टिकोण का मुख्य आधार हैं. खास बात यह है कि भारत और आसियान वर्ष 2026 को ‘आसियान-भारत समुद्री सहयोग वर्ष’ के रूप में मना रहे हैं, और आगामी 2027 में संवाद संबंधों के 35 वर्ष पूरे होने का जश्न मनाया जाएगा. इस शिखर सम्मेलन के दौरान व्यापार, निवेश, रक्षा सहयोग, समुद्री सुरक्षा और तकनीक जैसे अहम मुद्दों पर व्यापक चर्चा हो रही है.
मनीला में क्वाड (QUAD) नेताओं की महाबैठक
इस दौरे का सबसे बड़ा कूटनीतिक आकर्षण मनीला में होने वाली क्वाड (चतुष्पक्षीय सुरक्षा संवाद) देशों के नेताओं की बैठक है. आसियान शिखर सम्मेलन से इतर होने वाली इस बैठक में पीएम मोदी के साथ अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज और जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची हिस्सा ले रहे हैं.
यह बैठक राष्ट्रपति के रूप में ट्रंप के मौजूदा कार्यकाल के दौरान क्वाड नेताओं की पहली बैठक है, जिसका मुख्य फोकस हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति, सुरक्षा, सप्लाई चेन और आर्थिक समृद्धि को बढ़ावा देना है.
ये भी पढ़ें: 3 हफ्ते में तीसरा तूफान! 7 राज्यों में ‘अकवान’ का अलर्ट, दिल्ली-यूपी मौसम से रहें सावधान
गुरुद्वारा खालसा दीवान का दौरा
कूटनीतिक बैठकों के अलावा प्रधानमंत्री मोदी मनीला में 100 वर्ष से अधिक पुराने ऐतिहासिक गुरुद्वारा खालसा दीवान के पुनर्विकास कार्यों के शुभारंभ समारोह में भी शामिल होंगे. इसके साथ ही, उनका फिलीपींस में रह रहे प्रवासी भारतीय समुदाय के साथ संवाद करने का भी कार्यक्रम है. जो भारत की बढ़ती वैश्विक कूटनीति और सांस्कृतिक जुड़ाव को और मजबूत करता है.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


