Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

कभी सब्जी के लिए तरसी, मां के ताने ने बदली किस्मत; आज जापान में कमा रही 1 लाख रुपये महीना!

Aman Apang Japan Story: अरुणाचल प्रदेश की अमन अपांग ने बचपन की गरीबी को अपनी ताकत बनाया और जापान में अपनी पहचान बनाई.- आज वह जापान में नौकरी के साथ हर महीने करीब एक लाख रुपये कमा रही हैं.

Aman Apang Japan Story

Aman Apang Japan Story

Aman Apang Japan Story:कभी-कभी अपनों की कही एक छोटी-सी बात जिंदगी का सबसे बड़ा सबक बन जाती है.बचपन में सुनी गई कोई बात इंसान के दिल में इस तरह घर कर जाती है कि वही उसके सपनों और मेहनत की वजह बन जाती है.अरुणाचल प्रदेश की रहने वाली अमन अपांग (Aman Apang) की कहानी भी कुछ ऐसी ही है.कभी आर्थिक तंगी के कारण उन्हें अपनी छोटी-छोटी जरूरतों के लिए भी सोचना पड़ता था.एक दिन खाने की थाली में सब्जी नहीं मिलने पर उन्होंने खाना खाने से मना कर दिया.इस पर मां ने गुस्से में ऐसी बात कह दी, जिसने अमन की जिंदगी की दिशा बदल दी.आज वही अमन जापान में रहकर हर महीने करीब एक लाख रुपये कमा रही हैं और अपने परिवार का सहारा बन रही हैं.

मां के ताने ने दिखाया जिंदगी का मकसद

अमन ने इंस्टाग्राम पर अपनी जिंदगी से जुड़ा यह किस्सा साझा किया है.उन्होंने बताया कि बचपन में उनके परिवार की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं थी.घर के कामों में हाथ बंटाने के बावजूद कई बार उनकी छोटी-छोटी इच्छाएं अधूरी रह जाती थीं.हालत ऐसी थी कि कभी-कभी उनके पास खर्च करने के लिए 20 रुपये तक नहीं होते थे.माता-पिता से पैसे मांगने में भी उन्हें झिझक होती थी. अमन ने बताया कि एक दिन मां ने उन्हें खाने के लिए बिना सब्जी का खाना दिया.इस पर उन्होंने खाना खाने से इनकार कर दिया.उनकी इस बात पर मां नाराज हो गईं और कहा, ‘तुम क्या MLA-मिनिस्टर के बच्चे हो, जो तुम्हें सब्जी, मीट-मछली सब मिलेगा?’ मां के ये शब्द अमन के दिल में उतर गए.उन्होंने उसी दिन ठान लिया कि एक दिन वह इतना कमाएंगी कि उनके माता-पिता को कभी पैसों की कमी का सामना न करना पड़े.

तीन साल से जापान में कर रही हैं काम

अपने इस सपने को पूरा करने के लिए अमन ने लगातार मेहनत की.आज उन्हें जापान में रहते हुए तीन साल से ज्यादा समय हो चुका है.फिलहाल वह क्योटो के पास एक गांव में पारंपरिक जापानी रयोकान यानी सराय में काम करती हैं.इससे पहले वह एक साल से ज्यादा समय तक ओसाका में भी रह चुकी हैं. होटल में नौकरी करने के साथ-साथ अमन सोशल मीडिया पर वीडियो भी बनाती हैं.इसके अलावा वह SSW वीजा से जुड़े एक सेंटर में भी काम करती हैं.यहां वह भारतीय युवाओं को जापान में रोजगार पाने के लिए जापानी भाषा सीखने और नौकरी तलाशने में मदद करती हैं.

हर महीने एक लाख रुपये तक कमा रही हैं अमन

अमन ने अपने वीडियो में बताया कि जापान में उनकी मासिक कमाई करीब एक लाख रुपये है.हालांकि, इस मुकाम तक पहुंचने का रास्ता आसान नहीं रहा.उन्होंने बताया कि उनके कई दोस्त अपने लक्ष्य को पूरा करने से पहले ही पीछे हट गए, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी.बचपन में गरीबी के दौरान झेली गई मुश्किलें उन्हें लगातार आगे बढ़ने की प्रेरणा देती रहीं.

माता-पिता को देना चाहती हैं बेहतर जिंदगी

अमन का कहना है कि उनकी कहानी कोई काल्पनिक किस्सा नहीं, बल्कि उनकी जिंदगी की सच्चाई है.जिस लड़की को कभी 20 रुपये खर्च करने से पहले सोचना पड़ता था, आज वह विदेश में मेहनत करके अपने परिवार के सपनों को पूरा करने की कोशिश कर रही है.अमन का सबसे बड़ा सपना अपने माता-पिता को ऐसी जिंदगी देना है, जहां उन्हें पैसों की कमी के कारण अपनी किसी इच्छा का त्याग न करना पड़े.उनकी कहानी बताती है कि मुश्किल हालात इंसान के सपनों को रोक नहीं सकते, अगर उसके अंदर कुछ कर गुजरने का हौसला हो.

भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

Chhath Puja 2026