अलीगढ़ के जवान करन चौधरी का शव घर पहुंचा (इमेज-Bharat Express)
Karan Chaudhary Death: अलीगढ़ के जिस घर में आठ दिन बाद शादी की शहनाइयां बजनी थीं, वहां मंगलवार रात बेटे की चिता जल उठी. 24 नवंबर को दूल्हा बनकर बारात लेकर निकलने वाले सेना के जवान करन चौधरी का पार्थिव शरीर तिरंगे में लिपटकर घर पहुंचा. जिस परिवार में शादी की तैयारियां चल रही थीं वहां चीख-पुकार मच गई. करन की मौत की परिस्थितियां स्पष्ट नहीं होने पर परिजनों ने करीब दो घंटे तक शव लेने से इनकार किया. सेना और प्रशासन के अधिकारियों से बातचीत और लिखित आश्वासन मिलने के बाद परिवार राजी हुआ. रात 9 बजकर 20 मिनट पर पिता पप्पू सिंह ने बेटे को मुखाग्नि दी. सेना ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर जवान को अंतिम विदाई दी. इस दौरान पांच हजार से ज्यादा लोग मौजूद रहे.
मामला अलीगढ़ के छर्रा क्षेत्र के गांव सिरसा का है. सेना के जवान करन चौधरी का पार्थिव शरीर मंगलवार शाम करीब सात बजे सेना की टुकड़ी गांव लेकर पहुंची. परिवार को मिले दस्तावेजों में करन के बेस कैंप में मृत मिलने और सिर-माथे पर दो गोलियां लगने का जिक्र था. हालांकि उसकी मौत किन हालात में हुई यह साफ नहीं था.
परिवार ने शव लेने से किया इनकार
इसी बात को लेकर परिजनों ने शव लेने से इनकार कर दिया. परिवार की मांग थी कि मौत की परिस्थितियां स्पष्ट की जाएं और शहीद का दर्जा दिए जाने को लेकर लिखित आश्वासन मिले. करीब दो घंटे तक सेना और प्रशासन के अधिकारियों से बातचीत चली. जिला सैनिक अधिकारी कर्नल अजय सिंह राना ने बताया कि शहीद का दर्जा देने पर फैसला कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी के बाद ही होगा. यह बात लिखित में दिए जाने के बाद परिवार शव लेने को तैयार हुआ.
इसके बाद रात करीब 9 बजकर 20 मिनट पर सेना की टुकड़ी ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर करन को अंतिम सलामी दी. पिता पप्पू सिंह ने बेटे को मुखाग्नि दी. सांसद सतीश गौतम, जिला पंचायत अध्यक्ष विजय सिंह, एमएलसी ऋषिपाल सिंह, बोधपाल सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष कृष्णपाल सिंह लाला और सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष गिरीश यादव समेत कई जनप्रतिनिधियों ने श्रद्धांजलि दी. इस दौरान प्रशासन और सेना के अधिकारी भी मौजूद रहे.
घर में चल रही थीं तैयारियां
करन की शादी पालीमुकीमपुर क्षेत्र के गांव भाऊपुर निवासी सोनवीर सिंह उर्फ छोटे चौधरी की इकलौती बेटी कल्पना से तय हुई थी. 16 अप्रैल को दोनों परिवारों में गोद भराई की रस्म हुई थी. 20 नवंबर को लगन, 22 नवंबर को सगाई और 24 नवंबर को शादी होनी थी. अतरौली के छर्रा रोड स्थित एक लॉज में शादी का कार्यक्रम रखा गया था.
दोनों परिवारों ने शादी की खरीदारी भी पूरी कर ली थी. दुल्हन के लिए सोने के गहने, कपड़े, इलेक्ट्रॉनिक्स और फर्नीचर खरीदा जा चुका था. लॉज और हलवाई को एडवांस भी दिया गया था. दुकानों पर दूल्हे के कपड़े और शादी का बाकी सामान रखा था. लेकिन शादी से पहले ही सब कुछ बदल गया. जिस घर में बारात की तैयारी हो रही थी, वहां अब मातम पसरा है.
आखिरी बार फोन पर शादी की खरीदारी की बात हुई थी
परिवार को करन की आखिरी बातचीत याद आ रही है. 14 नवंबर को उसने फोन कर बताया था कि 16 नवंबर को श्रीनगर से फ्लाइट लेकर दिल्ली पहुंचेगा. वहां आर्मी कैंटीन से शादी का बाकी सामान खरीदेगा और गांव आकर खुद शादी के कार्ड बांटेगा.
शनिवार को उसने नोएडा में रहने वाले अपने बुआ के बेटे मनवीर को भी फोन किया था. उसने मंगलवार को दिल्ली पहुंचने साथ में शॉपिंग करने और फिर गांव चलने की बात कही थी. उसी शाम उसने अपनी होने वाली पत्नी कल्पना और उसकी मां से भी बात की थी. परिवार को अंदाजा नहीं था कि ये उसकी जिंदगी की आखिरी बातचीत बन जाएगी.

2020 में सेना में भर्ती हुआ था करन
करन चौधरी साल 2020 में सेना में भर्ती हुआ था. उसने रांची में ट्रेनिंग ली थी. पहली पोस्टिंग लेह ग्लेशियर में हुई और बाद में वह जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा स्थित लोहलाम में 22 राष्ट्रीय राइफल्स बटालियन में तैनात था. उसका बड़ा भाई संजय चौधरी भी सेना में जवान है. पिता खेती करते हैं और करन तीन भाई-बहनों में सबसे छोटा था.
ये भी पढ़ें- 177 करोड़ के टॉरेस ज्वेलरी घोटाले का आरोपी पहुंचा भारत, रोमानिया से प्रत्यर्पित हुआ यूक्रेनी नागरिक; ED करेगी पूछताछ
सोमवार सुबह बटालियन के सीओ ने परिवार को करन की मौत की सूचना दी थी. शुरुआती जानकारी में उसके सिर और माथे पर दो गोलियां लगने की बात बताई गई थी. अब परिवार को कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी के नतीजे का इंतजार है, ताकि करन की मौत की परिस्थितियां साफ हो सकें.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



