Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

अर्श से फर्श पर आए सोने-चांदी के भाव…! 2750 रुपये टूटा गोल्ड तो चांदी में भी बड़ी गिरावट

MCX पर सोने और चांदी की कीमतों में भारी गिरावट दर्ज की गई. सोना 2,750 रुपये टूटकर 1,31,500 रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी 5,700 रुपये गिरकर 1,63,889 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई.

Gold Silver Price Today

Gold Silver Price Crash: सर्राफा बाजार और कमोडिटी मार्केट (MCX) से आज सुबह-सुबह निवेशकों के होश उड़ा देने वाली खबर सामने आई है. सोने और चांदी की कीमतें एक झटके में आसमान से सीधे जमीन पर आ गई हैं. अमेरिकी बाजार के दबाव और मजबूत डॉलर के चलते कीमती धातुओं में भारी बिकवाली देखने को मिल रही है, जिससे निवेशकों में हड़कंप मच गया है.

आइए जानते हैं MCX पर आज सोने-चांदी का ताजा हाल और क्या सचमुच सोना ₹1.20 लाख के स्तर तक लुढ़कने वाला है.

सोने-चांदी का आज का भाव क्या?

एमसीएक्स (MCX) पर आज सुबह कारोबार की शुरुआत होते ही जबरदस्त गिरावट दर्ज की गई.

सोने का हाल: सुबह करीब साढ़े 10 बजे सोने का भाव 2.03% यानी 2,750 रुपये की भारी गिरावट के साथ 1,31,500 रुपये प्रति 10 ग्राम पर ट्रेड कर रहा था.

चांदी का हाल: वहीं, चांदी के भाव में भी बड़ी टूट देखने को मिली है और यह करीब 5,700 रुपये सस्ती होकर 1,63,889 रुपये प्रति किलो के स्तर पर आ गई है.

अगर इस साल के रिकॉर्ड स्तर की बात करें तो, 29 जनवरी को MCX पर सोना 1,93,096 रुपये के ऑल टाइम हाई पर था, जहां से अब तक यह 61,596 रुपये तक सस्ता हो चुका है. इसी तरह चांदी का रिकॉर्ड हाई 4,20,048 रुपये था, जिससे यह अब 2,56,159 रुपये तक नीचे गिर चुकी है.

वहीं अंतरराष्ट्रीय बाजार में स्पॉट गोल्ड 14 महीने के निचले स्तर पर आ गया है, जहां यह लगभग $3,797 प्रति औंस और स्पॉट सिल्वर $46 प्रति औंस के आसपास कारोबार कर रही है.

सोने-चांदी में अचानक इतनी बड़ी गिरावट क्यों आई?

ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट्स के मुताबिक, सोने और चांदी की कीमतों में इस तांडव के पीछे मुख्य वजहें निम्नलिखित हैं:

अमेरिका में महंगाई और फेडरल रिजर्व का रुख: अमेरिका में महंगाई का लगातार ऊंचा बने रहना और फेडरल रिजर्व की सख्त मौद्रिक नीति की आशंका ने बाजार की चाल बदल दी है. जानकारों का मानना है कि फेडरल रिजर्व 2027 तक ब्याज दरों में नरमी लाने से बच सकता है.

डॉलर में मजबूती: अमेरिकी डॉलर इंडेक्स में मजबूती आने से ग्लोबल मार्केट में सोने-चांदी जैसी कीमती धातुओं की डिमांड कमजोर हुई है.

ब्याज दरों का असर: चूंकि सोने से निवेशकों को कोई ब्याज नहीं मिलता, इसलिए ब्याज दरें बढ़ने पर निवेशकों का पैसा दूसरी संपत्तियों और बॉन्ड की तरफ शिफ्ट होने लगता है.

कितना गिरेगा गोल्ड-सिल्वर रेट?

मार्केट एक्सपर्टस के मुताबिक, घरेलू बाजार में सोने के लिए 1.35 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम का स्तर एक बहुत बड़ा सपोर्ट था, जिसे अब गोल्ड तोड़ चुका है. यदि अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना 3,800 डॉलर के नीचे अपनी पकड़ बनाए रखता है, तो MCX पर इसकी कीमत 1.30 लाख से 1.20 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के दायरे में फिसल सकती है.

इसी तरह चांदी के लिए 1.75 लाख और 1.68 लाख रुपये प्रति किलो का अहम सपोर्ट लेवल भी टूट चुका है. जानकारों का मानना है कि यदि ग्लोबल मार्केट में चांदी 48 डॉलर के नीचे फिसलती है, तो MCX पर भाव 1.55 लाख से 1.48 लाख रुपये प्रति किलो तक भी आ सकते हैं. ऐसे में निवेशकों को सलाह दी जाती है कि वे बाजार के हर उतार-चढ़ाव पर पैनी नजर बनाकर रखें.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

UP Tourism