Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

‘घर में घुसकर मारूंगा…’, बांग्लादेशियों के उकसाने पर BSF जवान ने किया बॉर्डर क्रॉस, VIDEO हुआ वायरल

बांग्लादेश के सिलहट जिले में BGB द्वारा हिरासत में लिए गए BSF जवान को दोनों देशों के सुरक्षा बलों के बीच बातचीत के बाद रिहा कर दिया गया है.

भारत-बांग्लादेश सीमा से एक बेहद चौंकाने वाला और संवेदनशील मामला सामने आया है. बांग्लादेश के सीमा सुरक्षा बल यानी बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (BGB) द्वारा हिरासत में लिए गए भारतीय सीमा सुरक्षा बल (BSF) के जवान को अब रिहा कर दिया गया है और वह सुरक्षित भारत लौट आए हैं.

हालांकि, जवान की वापसी के बाद सोशल मीडिया पर इस घटना का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने पूरे मामले की एक अलग ही तस्वीर पेश की है. वीडियो से पता चलता है कि कुछ बांग्लादेशी नागरिकों द्वारा लगातार चिढ़ाए जाने और उकसाए जाने के बाद गुस्से में आकर BSF जवान ने सीमा पार की थी.

वायरल वीडियो में क्या दिखा?

सामने आए वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि सीमा के दूसरी तरफ खड़े कुछ बांग्लादेशी नागरिक स्थानीय भाषा में BSF जवान को लगातार कुछ कहकर चिढ़ा रहे हैं और उकसा रहे हैं. इस पर भारतीय जवान का पारा चढ़ जाता है और वह जवाब देते हुए कहते हैं, ‘चैलेंज कर रहा है, चैलेंज करेगा तो घर में घुसकर मारूंगा.’ इसके तुरंत बाद वीडियो में जवान को बांसों से बनी अस्थायी सीमा रेखा को पार कर दूसरी तरफ जाते हुए देखा जा सकता है.

सिलहट के गोवाइनघाट की घटना

बांग्लादेशी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (BGB) की टीम ने सिलहट जिले के गोवाइनघाट उपजिले में सीमा के पास से इस BSF जवान को हिरासत में लिया था. हालांकि, दोनों देशों के सुरक्षा बलों के बीच बातचीत के बाद अब जवान को सम्मानपूर्वक छोड़ दिया गया है, लेकिन सुरक्षा कारणों से अभी तक जवान की पहचान उजागर नहीं की गई है.

 

सीमा के 200 गज अंदर घुसने का लगा आरोप

बांग्लादेश के प्रमुख अखबार ‘प्रथोमआलो’ की रिपोर्ट के अनुसार, यह पूरी घटना मंगलवार दोपहर करीब 12:30 बजे की है. रिपोर्ट में BGB की सिलहट बटालियन के सूत्रों के हवाले से दावा किया गया है कि बिच्छनाकंडी सीमावर्ती इलाके में BGB की पेट्रोलिंग टीम ने BSF जवान को हथियारों के साथ देखा था. बांग्लादेशी पक्ष का आरोप है कि भारतीय जवान सीमा के करीब 200 गज अंदर तक आ गए थे, जिसके बाद उन्हें पकड़ा गया.

वायरल वीडियो की आधिकारिक पुष्टि बाकी

फिलहाल इस पूरे घटनाक्रम और वायरल हो रहे वीडियो को लेकर आधिकारिक स्तर पर विस्तृत बयान का इंतजार है. सीमा पर होने वाली इस तरह की उकसावेबाजी की घटनाएं सुरक्षा एजेंसियों के लिए एक बड़ी चुनौती बनी हुई हैं, हालांकि जवान की सुरक्षित वतन वापसी से तनाव कम हो गया है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

UP Tourism