अहमदाबाद में हुए भीषण एयर इंडिया विमान हादसे से जुड़ी याचिका पर सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई को दो सप्ताह के लिए टाल दिया है. भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत, न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची और न्यायमूर्ति वी. मोहना की पीठ के समक्ष वरिष्ठ वकील प्रशांत भूषण ने इस मामले को मेंशन करते हुए जल्द सुनवाई की मांग की थी. वहीं, सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने सुनवाई टालने का अनुरोध किया, जिसके बाद कोर्ट ने मामले की सुनवाई स्थगित कर दी.
एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) का हलफनामा
इससे पहले एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) ने सुप्रीम कोर्ट में एक हलफनामा दाखिल कर जानकारी दी थी कि इस बहुचर्चित हादसे की जांच अगले 6 हफ्तों में पूरी होने की संभावना है. AAIB ने बताया था कि जांच पूरी होने के बाद सभी तथ्यों और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर अक्टूबर 2026 तक ड्राफ्ट फाइनल रिपोर्ट तैयार कर ली जाएगी.
जांच में समय क्यों लगा?
ब्यूरो ने अपने हलफनामे में स्पष्ट किया था कि हादसे की अत्यधिक गंभीरता, बड़े पैमाने और तकनीकी जटिलता को देखते हुए ही जांच का यह समय-सीमा तय की गई है. यदि अन्य संबंधित एजेंसियों से जुड़ी जरूरी प्रक्रियाएं समय पर पूरी हो जाती हैं, तो निर्धारित समय में जांच पूरी कर ली जाएगी. इसके साथ ही, भारतीय कानून के तहत विमान दुर्घटना की जांच के लिए तय सभी 10 चरणों का पूरी तरह पालन किया जा रहा है.
ऑडियो सार्वजनिक करने पर प्रतिबंध
AAIB ने सुप्रीम कोर्ट को यह भी बताया था कि नियमों के तहत कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर (CVR) की ऑडियो रिकॉर्डिंग और विमान में मौजूद अन्य इमेज या ऑडियो रिकॉर्डिंग को सार्वजनिक नहीं किया जा सकता है. ब्यूरो के मुताबिक, ऐसा करना कानून के तहत पूरी तरह प्रतिबंधित है.
यह नियम इसलिए बनाए गए हैं ताकि गवाह बिना किसी डर या दबाव के सच सामने रख सकें, जांच एजेंसियां पूरी तरह स्वतंत्र होकर काम कर सकें, हादसे की निष्पक्षता प्रभावित न हो और भारत अपने अंतरराष्ट्रीय दायित्वों (International Obligations) का भी सुचारू रूप से पालन कर सके.
क्या था पूरा हादसा?
अहमदाबाद एयरपोर्ट से उड़ान भरने के महज 5 मिनट बाद ही यह विमान शहर के मेघाणी नगर इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था. इस विमान में कुल 252 लोग (242 यात्री और 10 क्रू मेंबर) सवार थे. इनमें 53 ब्रिटिश, 7 पुर्तगाली और 1 कनाडाई नागरिक भी शामिल था. हादसा इतना भयानक था कि अधिकांश शव बुरी तरह झुलस गए थे, जिससे उनकी शिनाख्त करना बेहद कठिन था.
ये भी पढ़ें: सीजेआई सूर्यकांत पर टिप्पणी करना वकील को पड़ा भारी, सुप्रीम कोर्ट ने जारी किया अवमानना नोटिस; 20 जनवरी को होना होगा पेश
इस विमान हादसे में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रुपाणी के अलावा कई बड़े बिजनेस टायकून भी अपनी जान गंवा बैठे थे, जिनमें कार्गो मोटर्स के प्रमुख नंदा और ल्यूबी (Lubi) के डायरेक्टर सुभाष अमीन भी शामिल थे. इस विमान की कमान कैप्टन सुमित सभरवाल और फर्स्ट ऑफिसर क्लाइव कुंदर के हाथों में थी.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




