धीरेंद्र शास्त्री ने अखिलेश यादव को दिया कथा का न्योता
Dhirendra Krishna Shastri: बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव को अपनी कथा में शामिल होने का न्योता दिया है. प्रतापगढ़ के कुंडा में राजा भैया की ओर से आयोजित श्रीराम कथा के दौरान उन्होंने कई मुद्दों पर अपनी बात रखी. अखिलेश यादव की ओर से कथा का विरोध किए जाने पर भी उन्होंने जवाब दिया.
धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने अखिलेश यादव को अच्छा व्यक्ति बताया और कहा कि वह उनके विरोधी नहीं हैं. उन्होंने उन्हें कथा सुनने के लिए आमंत्रित किया. हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि अखिलेश न तो उनकी कथा सुन पाएंगे और न ही करवा पाएंगे. फिलहाल इस न्योते पर अखिलेश यादव की ओर से कोई जवाब सामने नहीं आया है.
‘कथा रोकेंगे तो नमाज और चर्च की प्रार्थना भी रोकेंगे?’
अखिलेश यादव की ओर से धीरेंद्र शास्त्री की कथा पर रोक लगाने की मांग को लेकर भी सवाल पूछा गया. इस पर उन्होंने कहा कि संविधान सभी को अपने धर्म के प्रचार-प्रसार का अधिकार देता है. उन्होंने सवाल उठाया कि अगर कथा पर रोक लगाने की बात हो रही है तो क्या नमाज और चर्च की प्रार्थना भी रोकी जाएगी?
प्रतापगढ़: राजा भैया की श्रीराम कथा में बाबा बागेश्वर का बड़ा बयान। अखिलेश यादव की कथा पर रोक लगाने की मांग पर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा, “हम सफाई नहीं देंगे, संविधान हमें धर्म के प्रचार-प्रसार का अधिकार देता है। कथा ही क्यों रोकी जाएगी, क्या नमाज और चर्च की प्रार्थना भी रोकी जाएगी? हिंदू जाग रहा है और प्रखरता से जवाब भी दे रहा है।” चुनावी साल में कथा के राजनीतिक फायदे के आरोपों पर बाबा बागेश्वर ने कहा, “हमारी कथा पांचों साल चलती है, चुनाव के लिए नहीं, सनातन के लिए करते हैं। कथा से सभी का फायदा होता है, टेंट, टीवी और न्यूज वालों को भी मसाला मिलता है।” भगवान श्रीकृष्ण पर कथित बयान को लेकर उन्होंने कहा, “3 घंटे की कथा को 3 मिनट की रील से नहीं समझा जा सकता, आधी-अधूरी क्लिप वायरल की गई।” मथुरा को लेकर बाबा बागेश्वर बोले, “राम और श्याम एक हैं, यदुवंशी और रघुवंशी सभी बराबर हैं। 21 तारीख को बांके बिहारी के दर्शन करेंगे, वहीं से नया प्रण और संकल्प लेंगे। औरंगजेब के कलंक की निशानी मिटे और कृष्ण कन्हैया वहां भव्य व दिव्य रूप में विराजमान हों।”
आने वाले समय में सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ करने का भी ऐलान किया।
— Ashutosh shukla (@Ashu9621101476) November 17, 2026
धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि हिंदू जाग रहा है और अब खुलकर अपनी बात रख रहा है. उन्होंने यह भी कहा कि वह किसी को सफाई देने के लिए नहीं बैठे हैं और अपना काम कर रहे हैं.
चुनावी फायदे के आरोपों पर क्या बोले?
चुनावी साल में रामकथा के आयोजन और इसके राजनीतिक फायदे को लेकर भी धीरेंद्र शास्त्री से सवाल किया गया. उन्होंने कहा कि उनकी कथाएं पूरे पांच साल चलती हैं. वह चुनाव को ध्यान में रखकर नहीं, बल्कि सनातन धर्म के लिए कथा करते हैं.
उन्होंने कहा कि कथा से सुनने वालों, आयोजन कराने वालों और कथा करने वालों को फायदा होता है. इसके अलावा टेंट, टीवी और न्यूज से जुड़े लोगों को भी काम मिलता है. उनके मुताबिक, कथा को सिर्फ चुनाव से जोड़कर देखना ठीक नहीं है.
श्रीकृष्ण पर कथित बयान को लेकर दी सफाई
भगवान श्रीकृष्ण को लेकर दिए गए अपने कथित बयान पर धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि तीन घंटे की कथा को कुछ सेकेंड की वायरल क्लिप देखकर नहीं समझा जा सकता. उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी बात का अधूरा हिस्सा काटकर सोशल मीडिया पर फैलाया गया और उसे गलत तरीके से पेश किया गया.
उन्होंने सवाल किया कि कोई संत भगवान श्रीकृष्ण की निंदा कैसे कर सकता है. धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि पूरी कथा सुनने के बाद ही उनकी बात का मतलब समझा जा सकता है.
21 नवंबर को मथुरा जाएंगे धीरेंद्र शास्त्री
मथुरा को लेकर धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि राम और श्याम एक हैं और यदुवंशी और रघुवंशी सभी बराबर हैं. उन्होंने बताया कि वह 21 नवंबर को बांके बिहारी के दर्शन करने मथुरा जाएंगे. वहीं से नया प्रण और संकल्प लेने की बात भी कही.
उन्होंने कहा कि उनकी इच्छा है कि औरंगजेब के कलंक की निशानी मिटे और कृष्ण कन्हैया वहां भव्य और दिव्य रूप में विराजमान हों. इसके साथ ही उन्होंने आने वाले समय में सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ कराने का भी ऐलान किया. हालांकि, इसके लिए तारीख और जगह की जानकारी अभी सामने नहीं आई है.
(भारत एक्सप्रेस के लिए ये खबर सान्या सिंह ने लिखी है.)
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.





