TIME मैगजीन ने आर्यन खान, पायल कपाड़िया और तेजा रियो को अपने कवर पेज पर जगह दी है
TIME Magazine: भारत में दुनिया के किसी भी देश से ज्यादा फिल्में बनती हैं. बॉलीवुड से लेकर साउथ सिनेमा तक, भारतीय फिल्मों का अपना बड़ा दर्शक वर्ग है. लेकिन अब भारतीय सिनेमा में एक नया बदलाव देखने को मिल रहा है. फिल्म बनाने का पुराना तरीका बदल रहा है. नए निर्देशक अपनी अलग सोच के साथ सामने आ रहे हैं. अमेरिकी मैगजीन TIME ने अपने फ्रंट पेज पर आर्यन खान, पायल कपाड़िया और तेजा रियो को भारतीय सिनेमा की इसी नई लहर का चेहरा बताया है.
TIME की रिपोर्ट के मुताबिक, इन तीनों फिल्ममेकर्स का काम करने का अंदाज एक-दूसरे से काफी अलग है, लेकिन तीनों ने भारतीय सिनेमा के दायरे को बढ़ाया है. इनकी फिल्में और कहानियां यह दिखाती हैं कि भारतीय सिनेमा सिर्फ बड़े बजट, एक्शन और स्टारडम तक सीमित नहीं है.

आर्यन खान: कैमरे के पीछे रहकर बनाई अलग पहचान
शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान ने एक्टिंग के बजाय निर्देशन का रास्ता चुना. साल 2025 में उन्होंने नेटफ्लिक्स की सीरीज The Ba***ds of Bollywood से बतौर निर्देशक शुरुआत की. इस सीरीज में उन्होंने बॉलीवुड की दुनिया, उसके पर्दे के पीछे की हलचल और फिल्म इंडस्ट्री से जुड़ी चर्चाओं को मजाकिया अंदाज में दिखाया.
TIME से बातचीत में आर्यन ने कहा कि किसी कहानी को अलग बनाने के लिए यह जरूरी है कि उसे किस नजरिए से पेश किया जा रहा है. उनके मुताबिक कहानी पहले भी कही जा चुकी हो सकती है, लेकिन उसे नए अंदाज में बताना ही फिल्ममेकिंग है. रिपोर्ट के अनुसार, वह इस सीरीज के दूसरे सीजन और एक नए प्रोजेक्ट पर भी काम कर रहे हैं.
पायल कपाड़िया: आम जिंदगी की कहानियों को पर्दे पर लाती हैं
पायल कपाड़िया भारतीय आर्ट हाउस सिनेमा की नई आवाज के तौर पर उभरी हैं. उनकी फिल्म All We Imagine as Light को 2024 में कान फिल्म फेस्टिवल में ग्रां प्री अवॉर्ड मिला था. उनकी फिल्मों में आम लोगों की जिंदगी, शहर की परेशानियां और सामाजिक मुद्दे अहम जगह रखते हैं.
TIME की रिपोर्ट में उनकी फिल्म का जिक्र करते हुए मुंबई में रहने वाली तीन महिलाओं की कहानी को खास तौर पर बताया गया है. फिल्म में शहर के बदलते माहौल, घरों की समस्या और आम लोगों की जिंदगी को करीब से दिखाया गया है. पायल का मानना है कि फिल्ममेकर अपने आसपास की दुनिया से अलग रहकर काम नहीं कर सकते.
तेजा रियो: नागालैंड की कहानियों को दुनिया तक पहुंचाया
नागालैंड के फिल्ममेकर तेजा रियो ने अपनी पहली फीचर फिल्म ‘Angh’ से अंतरराष्ट्रीय पहचान बनाई है. उनकी फिल्म में नागालैंड के कोन्याक समुदाय और वहां की संस्कृति से जुड़ी कहानी दिखाई गई है. फिल्म में 1960 के दशक के एक गांव के मुखिया और उनके बेटे की जिंदगी के जरिए धर्म और समाज में आ रहे बदलावों को दिखाया गया है.
ये भी पढ़ें- पहली बेटी के बाद अब नन्हे मेहमान का इंतजार! कियारा के बेबी शावर की चर्चा, वायरल केक ने बढ़ाई हलचल
तेजा रियो की फिल्म को टोरंटो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में प्लेटफॉर्म प्राइज मिला. TIME के मुताबिक, इस अवॉर्ड के साथ फिल्म को ऑस्कर के बेस्ट इंटरनेशनल फीचर फिल्म की दौड़ में शामिल होने का मौका भी मिला है.
TIME ने इन तीनों फिल्ममेकर्स के काम को भारतीय सिनेमा के बदलते रूप से जोड़कर देखा है. रिपोर्ट के मुताबिक, इनकी अलग-अलग सोच ने भारतीय फिल्मों की संभावनाओं को बढ़ाया है और दुनिया को यह दिखाया है कि भारतीय कहानियों में कितना कुछ नया कहने की गुंजाइश है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



