नाबालिग से यौन शोषण के आरोप में घिरे भूषण बाड़ा को CM का साथ?
Bhushan Bara Rape Case/MADHUKAR ANAND: झारखंड में कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा के घर काम करने वाली नाबालिग युवती के साथ कथित यौन शोषण का मामला अब सियासी टकराव का रूप लेता दिख रहा है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस मामले पर पहली बार बयान देते हुए बीजेपी पर गंदी राजनीति करने का आरोप लगाया और कहा कि कानून अपना काम करेगा.
मुख्यमंत्री के इस बयान पर बीजेपी ने कड़ी आपत्ति जताई है. पार्टी अब मामले की न्यायिक जांच कराने की मांग कर रही है. वहीं कांग्रेस ने विपक्ष पर इस मामले को बेवजह तूल देने का आरोप लगाया है.
हेमंत सोरेन के बयान पर बीजेपी को आपत्ति
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मामले पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए बीजेपी पर राजनीतिक फायदा उठाने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि कानून अपना काम करेगा. मुख्यमंत्री के इस बयान के बाद बीजेपी ने सवाल उठाए हैं. पार्टी का कहना है कि राज्य के मुखिया को इस तरह की भाषा का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए.
बीजेपी की मांग है कि अगर मुख्यमंत्री को अपने विधायक पर इतना ही भरोसा है तो उन्हें मामले की न्यायिक जांच का आदेश देना चाहिए. पार्टी का कहना है कि नाबालिग से जुड़े इस गंभीर मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए.
कांग्रेस ने विपक्ष पर लगाया राजनीति करने का आरोप
दूसरी तरफ विधायक भूषण बाड़ा की पार्टी कांग्रेस शुरू से ही उनके पक्ष में खड़ी दिखाई दी है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के बयान के बाद कांग्रेस ने भी विपक्ष पर पलटवार किया है. पार्टी का कहना है कि विपक्ष के पास कोई दूसरा काम नहीं है इसलिए वह इस मामले को राजनीतिक रंग दे रहा है.
न्यायिक जांच की मांग पर कांग्रेस ने तर्क दिया कि पहले भी एक ऐसे ही मामले में बीजेपी ने जांच की मांग उठाई थ. लेकिन बाद में जब पार्टी के ही कार्यकर्ता उसमें दोषी नजर आने लगे तो उसने इस मुद्दे पर बोलना बंद कर दिया. कांग्रेस का आरोप है कि विपक्ष बेवजह इस मामले को तूल दे रहा है.
ये भी पढ़ें- ‘सपा 300 सीट जीतेगी’, यूपी चुनाव से पहले सपा के ‘अफलातून’ नेता ने कर दी भविष्यवाणी, बोले- ऐसी विदाई होगी…
झारखंड कांग्रेस के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने भी विपक्ष की मांगों पर सवाल उठाए हैं. कांग्रेस का कहना है कि इस तरह के मामलों को राजनीतिक मुद्दा बनाने के बजाय जांच पर भरोसा करना चाहिए.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.






