Cyclone Akvan IMD Alert: बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ को लेकर तटीय राज्यों में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, यह तूफान 20 नवंबर को आंध्र प्रदेश के नरसापुर और ओडिशा के पुरी के बीच उत्तर आंध्र प्रदेश, यानम और दक्षिण ओडिशा के तटों से टकरा सकता है. इस दौरान 90 से 110 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका जताई गई है. खतरे को देखते हुए ओडिशा में अब तक करीब 80 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका है, जबकि छह जिलों में 19 से 21 नवंबर तक स्कूल और आंगनवाड़ी बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं.
क्यों बदल रहा है पूर्वानुमान और रास्ता?
पिछले कुछ दिनों से अकवान के संभावित लैंडफॉल क्षेत्र और तीव्रता को लेकर मौसम विभाग के बुलेटिन में बदलाव देखने को मिल रहे हैं. 17 नवंबर को जहां नेल्लोर और तुनी के बीच अति गंभीर चक्रवात के रूप में 120-130 किमी प्रति घंटे की हवाओं का अनुमान था, वहीं 18 नवंबर को दायरा बदलकर मछलीपट्टनम से पुरी किया गया और तीव्रता को गंभीर चक्रवाती तूफान (90-100 किमी प्रति घंटा हवा और 110 किमी तक झोंके) आंका गया.
मौसम जानकारों के मुताबिक, इसकी बड़ी वजह तूफान की बेहद धीमी गति है. एक समय इसकी रफ्तार महज 3 किमी प्रति घंटा तक सिमट गई थी और बाद में 7-8 किमी प्रति घंटा हुई. दो एंटी-साइक्लोन के बीच बने कोल क्षेत्र, मध्यम वर्टिकल विंड शीयर और पूर्व की रिज के असर से दिशा व तीव्रता के अनुमान बदल रहे हैं. वहीं, ECMWF और कुछ एआई आधारित मौसम मॉडल जहां कमजोर पड़ने का संकेत दे रहे थे, वहीं आईएमडी ने 20 नवंबर को तट पार करने की चेतावनी दी है.
10 राज्यों पर असर, बचाव टीमें मुस्तैद
चक्रवात अकवान का असर तटीय इलाकों के साथ-साथ देश के करीब 10 राज्यों में मौसम बदलने के रूप में दिखेगा. आंध्र प्रदेश में भारी से बेहद भारी बारिश, 100-110 किमी प्रति घंटे की हवाओं व 120 किमी तक के झोंकों की आशंका के बीच नेल्लोर व विशाखापट्टनम के बीच टकराव की चेतावनी है, जहां एनडीआरएफ की 13 और एसडीआरएफ की 11 टीमें तैनात की गई हैं. ओडिशा में 74 रेस्क्यू टीमें मुस्तैद हैं, 8 जिलों में 2.04 लाख से अधिक लोगों की पहचान की गई है, हरभंगी व बदनाला बांधों से पानी छोड़ा जा रहा है और समुद्र में 14 मीटर से ऊंची लहरें उठ सकती हैं.
तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में तेज हवाओं, ऊंची लहरों और भारी बारिश का अलर्ट है, जबकि भुवनेश्वर, विशाखापट्टनम और कोलकाता की इंडिगो उड़ानों पर भी असर पड़ा है. इसके अलावा तेलंगाना, पश्चिम बंगाल, झारखंड, छत्तीसगढ़, बिहार और मध्य प्रदेश के हिस्सों में भी बारिश व आंधी के आसार बने हुए हैं.
ईरान ने रखा ‘अकवान’ नाम, क्या है इसका अर्थ?
इस चक्रवात का नाम ‘अकवान’ ईरान द्वारा दिया गया है. फारसी के प्रसिद्ध महाकाव्य ‘शाहनामा’ में अकवान का जिक्र एक शक्तिशाली मायावी राक्षस के रूप में मिलता है, जिसका सामना योद्धा रुस्तम से हुआ था. बंगाल की खाड़ी और अरब सागर के चक्रवातों के नाम रखने की व्यवस्था 2000 में शुरू हुई थी और 2018 में इसमें ईरान समेत पांच अन्य देश जुड़े. तय नियमों के तहत हर नाम किसी राजनीति, धर्म, संस्कृति या व्यक्ति से परे रखा जाता है. फिलहाल प्रशासन, नौसेना और आपदा प्रबंधन एजेंसियां हर स्थिति से निपटने के लिए अलर्ट मोड पर हैं.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



