India First Bird Flu Vaccine: भारत के पोल्ट्री सेक्टर और पशुपालन क्षेत्र के लिए एक बड़ी राहत की खबर सामने आई है. देश की पहली स्वदेशी इनएक्टिवेटेड H5N1 बर्ड फ्लू वैक्सीन 20 नवंबर 2026 को भोपाल स्थित ICAR-NIHSAD में लॉन्च होने जा रही है. केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान इस स्वदेशी टीके की शुरुआत करेंगे.
साल 2006 में पहली बार भारत में बर्ड फ्लू के मामले सामने आए थे और तब से अब तक H5N1 व H5N8 के 500 से ज्यादा प्रकोप दर्ज हो चुके हैं. अकेले 2006 में हुए प्रकोप से पोल्ट्री उद्योग को 2,200 से 3,000 करोड़ रुपये का भारी नुकसान उठाना पड़ा था. अब तक हमारे देश में इस बीमारी से लड़ने के लिए कोई वैक्सीन मौजूद नहीं थी, जिससे संक्रमण फैलते ही एक किलोमीटर के दायरे में मुर्गियों को मारने (मास कलिंग), अंडे व दाना नष्ट करने और आवाजाही रोकने जैसे कड़े कदम उठाने पड़ते थे. दुनिया भर में उपलब्ध टीके दूसरे देशों के स्ट्रेन पर बने थे, जबकि भारत में मुख्य रूप से Clade 2.3.2.1a स्ट्रेन सक्रिय रहा है, जिसके खिलाफ कोई व्यावसायिक वैक्सीन नहीं थी.
कैसे तैयार हुई स्वदेशी वैक्सीन?
इस चुनौती से निपटने के लिए भोपाल के ICAR-NIHSAD में प्रिंसिपल साइंटिस्ट डॉ. एस. नागराजन के नेतृत्व में आठ वैज्ञानिकों की टीम ने सितंबर 2025 में मिशन मोड पर काम शुरू किया. टीम ने भारत में सक्रिय H5N1 वायरस के स्थानीय नमूनों से क्लेड 2.3.2.1a को अलग किया. इसके बाद उच्च जैव-सुरक्षा (BSL-3+) लैब में वायरस को नियंत्रित माहौल में विकसित कर रासायनिक तरीके से निष्क्रिय किया गया, ताकि बीमारी फैलाने की क्षमता खत्म हो जाए लेकिन वायरस के मुख्य गुण सुरक्षित रहें. अगस्त 2026 तक टीका तैयार हो गया और स्पेसिफिक पैथोजन-फ्री (SPF) मुर्गियों पर किए गए सुरक्षा व प्रभावकारिता के परीक्षण भी सफल रहे.
कैसे काम करती है और क्या होंगे बड़े फायदे?
यह एक इनएक्टिवेटेड यानी मृत-वायरस वैक्सीन है, जो मुर्गी के शरीर में जाकर अपनी संख्या नहीं बढ़ा सकती. टीका लगने के बाद मुर्गी का इम्यून सिस्टम वायरस की बाहरी सतह के प्रोटीन्स को पहचानकर मजबूत एंटीबॉडी बनाता है. इससे असली वायरस के संपर्क में आने पर मुर्गी सुरक्षित रहती है और शरीर से वायरस का फैलना (शेडिंग) भी रुक जाता है.
H5N1 से प्रभावित मुर्गियों में मृत्यु दर करीब 100 प्रतिशत तक होती है, लेकिन यह वैक्सीन एक खुराक में छह महीने तक सुरक्षा देगी. इससे अंडा देने वाली और प्रजनन वाली मुर्गियों को बचाया जा सकेगा और मास कलिंग की मार कम होगी. हाल के वर्षों में H5N1 क्लेड 2.3.2.1a के मामले बाघ, तेंदुए और इंसानों में भी देखे गए हैं, ऐसे में मुर्गियों में ही संक्रमण की कड़ी टूटने से इंसानों में फैलने का खतरा भी घटेगा. साथ ही, तकनीक के हस्तांतरण से भारतीय कंपनियां बड़े पैमाने पर सस्ती वैक्सीन बना सकेंगी, जिससे किसानों और पोल्ट्री कारोबार को सीधा फायदा मिलेगा.
यह भी पढ़ें: चक्रवात ‘अकवान’ ने बदला रास्ता, जानें भारत के कौन से 10 राज्य निशाने पर?
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


