फूट-फूटकर रोने लगे दोनों भाई, फिर छोटे भाई ने छुआ पैर
Fatehpur News: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले से रिश्तों की मिठास और अपनत्व की एक ऐसी भावुक कर देने वाली कहानी सामने आई है, जिसने हर किसी की आंखें नम कर दीं. थरियांव थाना क्षेत्र के एकारी गांव में करोड़ों की संपत्ति और फसल के बंटवारे को लेकर पिछले छह महीनों से दो सगे भाइयों के बीच कट्टर दुश्मनी चल रही थी. लेकिन गुरुवार को जब पुलिस की पहल पर दोनों भाई थाने में आमने-सामने बैठे, तो दौलत की दीवार ढह गई और बचपन का प्यार फिर उमड़ पड़ा. एक-दूसरे को गले लगाते ही दोनों भाई फूट-फूटकर रोने लगे, जिसे देखकर उनकी पत्नियां भी खुद को रोक नहीं सकीं और आपस में लिपटकर रो पड़ीं.
बंगलूरू में कमाया करोड़ों का कारोबार
एकारी गांव निवासी राकेश चंद्र श्रीवास्तव और उनके छोटे भाई रत्नेश चंद्र श्रीवास्तव ने बचपन में बेहद गरीबी और संघर्ष देखा था. परिवार की हालत सुधारने के लिए दोनों ने गांव में मजदूरी की और करीब 15 साल पहले बेहतर भविष्य की तलाश में बंगलूरू चले गए. वहां दिन-रात एक कर दोनों भाइयों ने अपना कारोबार खड़ा किया और मेहनत के दम पर करोड़ों की संपत्ति बनाई.
सुख-दुख में हमेशा साये की तरह साथ रहने वाले इन भाइयों के रिश्ते को करीब छह महीने पहले जमीन और फसल के बंटवारे की नजर लग गई. मामूली कहासुनी से शुरू हुआ विवाद मारपीट, पुलिस शिकायत और मुकदमेबाजी तक जा पहुंचा, जिससे दोनों परिवारों में बोलचाल तक बंद हो गई.
थाना प्रभारी की समझाइश ने जोड़ दिए टूटे दिल
विवाद को हमेशा के लिए खत्म कराने के मकसद से थरियांव थाना प्रभारी शमशेर बहादुर ने गुरुवार को दोनों भाइयों को थाने बुलाया. उन्होंने दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद बेहद आत्मीयता से समझाया कि जमीन, मकान और पैसा जिंदगी में दोबारा कमाया जा सकता है, लेकिन बचपन के रिश्ते और भाई का प्यार दोबारा नहीं मिलता.
थाने में बैठकर पुराने संघर्ष के दिनों को याद करते ही दोनों भाइयों का गुस्सा पिघल गया. उन्होंने सारे गिले-शिकवे भुलाकर फिर से एक साथ रहने का फैसला किया. थाने का यह दृश्य उन तमाम परिवारों के लिए एक बड़ी सीख बन गया है, जो जायदाद के लालच में अपनों से ही दूरी बना लेते हैं.
यह भी पढ़ें: यूपी पुलिस होगी हाईटेक! IIT कानपुर समेत 3 बड़े संस्थानों से मिलाया हाथ, AI और साइबर सुरक्षा से लैस होगी पुलिसिंग
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




