Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

बर्ड फ्लू के खिलाफ भारत की पहली स्वदेशी वैक्सीन पर क्या बोले पीएम मोदी?

बर्ड फ्लू के खिलाफ भारत की पहले वैक्सीन आ गई है. इसपर खुशी जताते हुए पीएम मोदी ने बताया है कि पिछले 12 वर्षों में स्वदेशी टीकों ने किसानों की आय को बढ़ाया है.

पीएम मोदी ने कहा है कि पिछले 12 वर्षों में स्वदेशी टीकों का विकास पशुधन और पोल्ट्री (मुर्गी पालन) को संक्रामक रोगों से बचाने में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है. उन्होंने बताया कि इन प्रयासों से पशुओं के स्वास्थ्य की रक्षा करने, बीमारियों से होने वाले नुकसान को घटाने, किसानों की आय बढ़ाने और किसान समुदायों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने में मदद मिली है. प्रधानमंत्री के अनुसार, पिछले 12 वर्षों में किसानों की समृद्धि और ग्रामीण भारत के सशक्तीकरण की दिशा में कई ऐतिहासिक कदम उठाए गए हैं, जो पशु चिकित्सा स्वास्थ्य सेवा में भारत की बढ़ती क्षमताओं और आत्मनिर्भर कृषि इकोसिस्टम के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं.

बर्ड फ्लू की पहली स्वदेशी वैक्सीन

प्रधानमंत्री मोदी ने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के एक लेख का भी उल्लेख किया, जिसमें विस्तार से बताया गया है कि स्वदेशी टीकों के विकास से पशुधन और पोल्ट्री को संक्रामक रोगों से कैसे सुरक्षा मिल रही है और इससे किसानों की आय व जीवन कैसे आसान हुआ है.

इस बीच, कृषि मंत्री देश की पोल्ट्री को ‘बर्ड फ्लू’ (एच5एन1 स्ट्रेन) के प्रकोप से बचाने के लिए इसके खिलाफ भारत की पहली स्वदेशी वैक्सीन को राष्ट्र को समर्पित करने वाले थे. यह वैक्सीन भोपाल स्थित आईसीएआर-नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ हाई सिक्योरिटी एनिमल डिसीज (आईसीएआर-एनआईएचएसएडी) ने विकसित की है, जिसे देश के पोल्ट्री क्षेत्र में बीमारी नियंत्रण को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है.

बर्ड फ्लू के आर्थिक और स्वास्थ्य जोखिम

बर्ड फ्लू यानी एवियन इन्फ्लूएंजा के प्रकोप के कारण बड़ी संख्या में पशुओं और पक्षियों को मारना पड़ता है तथा व्यापार पर प्रतिबंध लगाने पड़ते हैं, जिससे अंतरराष्ट्रीय बाजार बाधित होते हैं, पोल्ट्री उत्पादों की कीमतें प्रभावित होती हैं और किसानों को भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ता है. वर्ष 2006 में भारत में पहला मामला सामने आने के बाद से देश में एच5एन1 और एच5एन8 सबटाइप से जुड़े 500 से अधिक प्रकोप देखे जा चुके हैं. सरकारी अनुमानों के मुताबिक, एक बड़े प्रकोप से भारत की जीडीपी वृद्धि में 1.5 प्रतिशत की कमी आ सकती है और देश की 20 प्रतिशत से अधिक पोल्ट्री आबादी खतरे में पड़ सकती है.

ये भी पढ़ें: खाटू श्याम जन्मोत्सव के बीच बड़ा हादसा…! मंदिर के पास रेस्टोरेंट में लगी भीषण आग, एक के बाद एक फटे 4 सिलेंडर

वर्ष 2006 के प्रकोप से लगभग 2,200 करोड़ से 3,000 करोड़ रुपये का प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष नुकसान हुआ था, जबकि मणिपुर के एक प्रकोप से राज्य की जीडीपी के 0.5 प्रतिशत के बराबर नुकसान हुआ था. इसके अलावा, विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के अनुसार 2003 से अब तक भारत सहित 25 देशों में एच5एन1 एवियन इन्फ्लूएंजा के 1,003 मानवीय मामले सामने आए हैं, जिनमें 479 लोगों की मौत हुई है.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

UP Tourism