आजकल आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का खुमार लोगों के सिर चढ़कर बोल रहा है, लेकिन इटली से एक ऐसा गजब का मामला सामने आया है जिसे सुनकर आप भी हंसते-हंसते लोटपोट हो जाएंगे. यहां एक 9 साल के बच्चे की छोटी सी शरारत ने पुलिस और फायर ब्रिगेड के अधिकारियों को पूरे 48 घंटे तक नचाकर रख दिया. टॉयलेट सीट (कमोड) से निकलते हुए एक विशालकाय अजगर की तस्वीर ने इलाके में ऐसी दहशत फैलाई कि प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए, लेकिन जब असलियत सामने आई तो सबने अपना माथा पीट लिया.
क्या था पूरा माजरा? फोटो देख सहम गए थे लोग
यह पूरा वाकया इटली के कास्टेलफिडार्डो (Castelfidardo) शहर का है. यहां एक अपार्टमेंट के टॉयलेट कमोड से बाहर झांकते हुए एक भारी-भरकम अजगर की तस्वीर अचानक सामने आई. फोटो इतनी असली लग रही थी कि देखने वालों के रोंगटे खड़े हो गए.
सांप की खबर फैलते ही अपार्टमेंट में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में ओसिमो (Osimo) से फायरफाइटर्स (दमकल विभाग) और पुलिस की टीम को मौके पर बुलाया गया.
48 घंटे तक घर का कोना-कोना छानती रही टीम
- तस्वीर को सच मानकर रेस्क्यू टीम और पुलिस ने पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया.
- अधिकारियों ने पूरे 48 घंटे तक अपार्टमेंट और आसपास के पाइपों व कोनों की बारीकी से तलाशी ली, ताकि उस खूंखार अजगर को पकड़ा जा सके.
- लेकिन दो दिन की कड़ी मशक्कत और पसीना बहाने के बाद भी न तो कोई सांप मिला और न ही उसके रेंगने का कोई निशान हाथ लगा.
ऐसे खुली पोल: 9 साल के बच्चे ने किया था ‘खेल’
जब पुलिस को कहीं भी सांप नहीं मिला, तो तस्वीर की गहराई से जांच की गई. जांच में जो सच सामने आया, उसने अधिकारियों को हैरान कर दिया. पता चला कि कमोड में अजगर की वह तस्वीर असली नहीं थी, बल्कि AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) की मदद से तैयार की गई थी.
ये भी पढ़ें: ‘भारत ने भी….’ दिल्ली में पाकिस्तानी मंत्री का कबूलनामा, क्या बोले- मुसादिक मसूद मलिक?
पूछताछ में सामने आया कि यह कारनामा एक 9 साल के बच्चे का था. बच्चे ने बताया कि वह उस घर में अपनी एक दोस्त से मिलने गया था और वहीं मस्ती-मस्ती में उसने AI टूल का इस्तेमाल करके टॉयलेट से अजगर निकलने की यह नकली फोटो बना दी थी.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



