Raipur Newborn Baby Trafficking Racket Busted: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में नवजात शिशुओं की खरीद-फरोख्त करने वाले एक बड़े अंतरराज्यीय गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है. थाना आजाद चौक पुलिस की त्वरित कार्रवाई में इस सिंडिकेट से जुड़े एक डॉक्टर, एक पुरुष नर्स और तीन महिलाओं सहित कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. शुरुआती जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि यह गिरोह देश के 8 राज्यों में करीब 26 नवजात बच्चों को बेच चुका है.
कैसे खुला पूरा राज?
इस पूरे रैकेट का भंडाफोड़ तब हुआ जब सुंदरगढ़ (ओडिशा) निवासी एक गर्भवती महिला ने थाना आजाद चौक पहुंचकर आपबीती सुनाई. महिला की रिपोर्ट के अनुसार गर्भावस्था के दौरान महिला का संपर्क रायपुर निवासी कृतिका साहू से हुआ. कृतिका ने मुफ्त प्रसव और उपचार का लालच देकर उसे रायपुर बुलाया और गोगांव स्थित अहिल्या नामदेव के घर पर ठहराया, जहां उसकी मुलाकात गीतिका नाग से कराई गई.
तीनों महिलाओं ने पीड़िता की आर्थिक तंगी का फायदा उठाकर बच्चे को निःसंतान दंपति को बेचने के बदले मोटी रकम का लालच दिया. पीड़िता के मना करने पर उसे डराया-धमकाया गया. 4 नवंबर 2026 को प्रसव के बाद महिला और नवजात को दोबारा अहिल्या के घर ले जाकर बंधक बना लिया गया. आरोपियों ने धमकी दी कि प्रसव में हुए खर्च की भरपाई उसके बच्चे को बेचकर ही की जाएगी.
सिंडिकेट में किसकी क्या भूमिका? (Raipur Newborn Trafficking Racket)
पीड़िता की शिकायत पर थाना आजाद चौक में अपराध क्रमांक 307/26 (धारा 140(3), 143(4), 318(4), 61 बीएनएस) के तहत मामला दर्ज कर पुलिस ने पहले तीन महिलाओं को पकड़ा. उनसे सख्ती से हुई पूछताछ के बाद डॉक्टर और नर्स सहित तीन अन्य आरोपियों को भी दबोच लिया गया.
डॉ. खिर सिंधु महानंद, उम्र 45 वर्ष, कोटा (रायपुर)
बच्चा खरीदने वाले लाभार्थी को भर्ती किए बिना ही अस्पताल की सील लगाकर फर्जी डिस्चार्ज टिकट बनाता था. वर्ष 2026 में अस्पताल में कुल 3 डिलीवरी हुईं, लेकिन 26 जन्म प्रमाण पत्र जारी किए गए.
प्रकाश कुमार कौरव, 45 वर्ष, अमलीडीह (रायपुर)
पेशे से पुरुष नर्स है. आर्थिक रूप से कमजोर और अविवाहित गर्भवती महिलाओं की तलाश कर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराता था और सौदे की रकम बांटता था.
अश्वनी शर्मा, 38 वर्ष, रामकुंड विहार (रायपुर)
नवजात शिशुओं की खरीद-फरोख्त के एवज में पैसों के पूरे लेन-देन का काम संभालता था.
कृतिका साहू, 34 वर्ष, आमापारा (रायपुर)
गर्भवती महिलाओं को झांसा देकर रायपुर बुलाती थी और डॉक्टर से फर्जी डिस्चार्ज टिकट हासिल करती थी.
अहिल्या नामदेव, 40 वर्ष, गोगांव (रायपुर)
गर्भवती महिलाओं को अपने घर में ठहराने और बंधक बनाकर रखने में शामिल थी.
गीतिका नाग, 36 वर्ष, भिलाई-03 (दुर्ग)
महिलाओं को बच्चा बेचने के लिए राजी करने, डराने और सौदेबाजी के षड्यंत्र में शामिल थी.
ये भी पढ़ें: दिल्ली में मंत्री, बॉर्डर पर पकड़ा गया पाकिस्तानी नागरिक; अवैस रजा के बारे में क्या पता चला?
पुलिस ने जब्त किए अहम दस्तावेज (Raipur newborn baby trafficking)
डीसीपी वेस्ट जोन रॉबिंसन गुरिया के निर्देशन में पुलिस टीम ने डॉ. खिर सिंधु महानंद के कब्जे से पीड़िता के इलाज से जुड़े दस्तावेज और ओपीडी (OPD) रिकॉर्ड रजिस्टर जब्त कर लिया है. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, 3 डिलीवरी के मुकाबले 26 जन्म प्रमाण पत्र जारी होना इस बात का बड़ा सबूत है कि सिंडिकेट लंबे समय से अवैध रूप से बच्चों की तस्करी कर रहा था. पुलिस अब उन 8 राज्यों के खरीदारों और गिरोह के अन्य संपर्कों की तलाश में जुटी है.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




