भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) जस्टिस सूर्यकांत ने लोकतंत्र और संवैधानिक संस्थाओं को लेकर महत्वपूर्ण टिप्पणी की है. रविवार को हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला स्थित केंद्रीय विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में छात्रों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में नागरिकों को किसी भी फैसले पर अपनी राय रखने और आलोचना करने का पूरा अधिकार है. हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि किसी निर्णय से असहमति और उस निर्णय को लेने वाली संस्था पर निशाना साधना दो अलग-अलग बातें हैं.
फैसले और संस्था में अंतर समझना जरूरी
छात्रों के साथ बातचीत के दौरान CJI सूर्यकांत ने कहा कि कई बार लोग किसी निर्णय और उसे देने वाली संस्था के बीच का अंतर समझ नहीं पाते. उनके अनुसार, जब लोग किसी फैसले के कारण पूरी संस्था पर सवाल उठाने लगते हैं तो उससे जनता का भरोसा कमजोर हो सकता है. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की सफलता काफी हद तक उन संस्थाओं पर लोगों के विश्वास पर निर्भर करती है, जो संवैधानिक व्यवस्था को मजबूत बनाए रखती हैं. विश्वविद्यालय की ओर से जारी जानकारी में भी इस बात का उल्लेख किया गया.
छात्रों को दिया सफलता का विशेष मंत्र
दीक्षांत समारोह में जस्टिस सूर्यकांत ने विद्यार्थियों को जीवन में आगे बढ़ने को लेकर प्रेरक संदेश भी दिया. उन्होंने हिमालय की पहाड़ियों का उदाहरण देते हुए कहा कि किसी ऊंचाई तक पहुंचने का मार्ग हमेशा आसान और सीधा नहीं होता. सफलता पाने के लिए धैर्य, निरंतर प्रयास और सही दिशा में आगे बढ़ना जरूरी है. उन्होंने यह भी कहा कि कोई व्यक्ति अकेले पहाड़ की चोटी तक नहीं पहुंचता, उसी तरह जीवन में भी परिवार, मित्रों और समाज के सहयोग की अहम भूमिका होती है.
#WATCH | धर्मशाला | भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) न्यायमूर्ति सूर्यकांत ने कहा, “सुधार किसी भी व्यवस्था का एक अहम हिस्सा होते हैं, इसलिए न्यायिक प्रणाली में और सुधारों का भी स्वागत है… मीडिया को आत्म-मंथन करना चाहिए और यह तय करना चाहिए कि उसे किन सुधारों की जरूरत है…” https://t.co/9ew0l2521l
— ANI_HindiNews (@AHindinews) November 22, 2026
सैकड़ों छात्रों को मिली डिग्री और सम्मान
धर्मशाला के गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज ऑडिटोरियम में आयोजित इस समारोह में कुल 702 विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान की गईं. इसके अलावा 32 छात्रों को स्वर्ण पदक से सम्मानित किया गया, जिनमें 23 छात्राएं शामिल थीं. डिग्री प्राप्त करने वालों में 584 पोस्ट ग्रेजुएट, 29 ग्रेजुएट और 48 पीएचडी शोधार्थी शामिल रहे. इस अवसर पर विश्वविद्यालय की न्यूजलेटर के साथ शिक्षकों द्वारा लिखी गई पांच पुस्तकों का भी विमोचन किया गया.
मुख्यमंत्री सुक्खू ने शिक्षा का महत्व बताया
कार्यक्रम में मौजूद हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने छात्रों को बधाई देते हुए कहा कि डिग्री केवल अकादमिक उपलब्धि नहीं है, बल्कि इसके साथ समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारियां भी जुड़ती हैं. उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य सिर्फ रोजगार हासिल करना नहीं होना चाहिए, बल्कि यह व्यक्ति के विचारों को मजबूत बनाती है, शोध को बढ़ावा देती है और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का अवसर देती है.
युवाओं को भविष्य की तकनीकों के लिए तैयार करने पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज दुनिया तेजी से बदल रही है और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक्स तथा डिजिटल तकनीकों का प्रभाव लगातार बढ़ रहा है. ऐसे माहौल में शिक्षा व्यवस्था को सिर्फ नौकरी तलाशने वाले युवाओं तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि ऐसे युवाओं को तैयार करना चाहिए जो रोजगार सृजित कर सकें और नवाचार के क्षेत्र में योगदान दें.
हिमालय से जुड़े मुद्दों पर रिसर्च बढ़ाने की अपील
हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविंदर गुप्ता ने विश्वविद्यालय से हिमालयी क्षेत्र की चुनौतियों पर अधिक शोध करने का आग्रह किया. उन्होंने जलवायु परिवर्तन, आपदा प्रबंधन, जल संरक्षण, जैव विविधता और ग्रामीण विकास जैसे विषयों को भविष्य के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया. उन्होंने छात्रों से कहा कि डिग्री उन्हें पहचान जरूर दिलाएगी, लेकिन उनके संस्कार, व्यवहार और मूल्य ही उन्हें लंबे समय तक सम्मान दिलाएंगे.
कई गणमान्य हस्तियां रहीं मौजूद
इस विशेष समारोह में हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस गुरमीत सिंह संधावालिया और राज्य के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री भी उपस्थित रहे. कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों की उपलब्धियों को सराहा गया और उन्हें भविष्य में समाज तथा देश के विकास में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित किया गया.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.






