Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

कुशीनगर महोत्सव में भारत एक्सप्रेस के CMD उपेन्द्र राय ने जीवन के संघर्षों पर दिया सफलता का मंत्र, सुनिए पूरा संबोधन

कुशीनगर महोत्सव-2026 के भव्य मंच पर भारत एक्सप्रेस न्यूज़ नेटवर्क के CMD एवं एडिटर-इन-चीफ उपेन्द्र राय ने शिरकत की. अपने प्रेरक संबोधन में उन्होंने यात्राओं के अनुभव, जीवन के संघर्षों से निपटने का सूत्र साझा किया और अपनी स्वरचित भावुक नज्म सुनाकर श्रोताओं का दिल जीत लिया.

कुशीनगर: कला, संस्कृति और लोक परंपराओं के महाकुंभ ‘कुशीनगर महोत्सव-2026’ के मंच पर रविवार की शाम उस समय एक बेहद आत्मीय और विचारोत्तेजक माहौल बन गया, जब भारत एक्सप्रेस न्यूज़ नेटवर्क के चेयरमैन, मैनेजिंग डायरेक्टर (CMD) एवं एडिटर-इन-चीफ उपेन्द्र राय ने समारोह में शिरकत की. महोत्सव के आयोजक विनय राय के विशेष आमंत्रण पर पहुंचे CMD उपेन्द्र राय ने मंच से जीवन के अनुभवों, रिश्तों की गहराई और संघर्षों से लड़ने की कला पर ऐसा प्रेरक संबोधन दिया कि पूरा पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा.

“जब कोई रिश्ता 30 साल पूरा कर ले, तो वह मरने के बाद ही टूटता है”

अपने संबोधन की शुरुआत में CMD उपेन्द्र राय ने आयोजक विनय राय के साथ अपने दशकों पुराने आत्मीय संबंधों को याद किया. उन्होंने मुस्कुराते हुए बताया कि वे प्रत्यक्ष रूप से वर्ष 2000 से और अप्रत्यक्ष रूप से 1997 से एक-दूसरे को जानते हैं. दिल्ली के पत्रकारिता जगत का एक रोचक किस्सा साझा करते हुए उन्होंने कहा कि लोग हम चारों भाइयों को सगा भाई ही मानते थे – एक बार एक वकील साहब ने तो अनेक लोगों की गवाही के बाद भी यह मानने से इनकार कर दिया था कि हम सगे भाई नहीं हैं. उन्होंने कहा, “जब कोई रिश्ता 30 साल की आयु पूरी कर ले, तो मान लेना चाहिए कि अब वह जीवन भर नहीं, बल्कि मरने के बाद ही टूटेगा.”

यात्राओं से सीखा 80 फीसदी जीवन दर्शन: CMD उपेन्द्र राय

CMD उपेन्द्र राय ने बताया कि वे कुशीनगर महोत्सव में पहली बार आए हैं, हालांकि यह आयोजन उनके अपने घर जैसा है. सुबह ठीक 11 बजे से लगातार सफर करते हुए गोरखपुर में कुछ मुलाकातों के बाद वे सीधे कुशीनगर पहुंचे. यात्राओं के प्रति अपने प्रेम को रेखांकित करते हुए उन्होंने कहा कि उन्होंने जीवन में जितनी भी बातें सीखी हैं, उनमें से 80 फीसदी सीख उन्हें यात्राओं से, और शेष किताबें पढ़ने व लोगों से मिलने-जुलने से मिली हैं.

संघर्षों पर दिया जीवन मंत्र: “चुपचाप रहना मुर्दे का लक्षण है”

जीवन में आने वाली चुनौतियों और संघर्षों पर युवाओं व श्रोताओं को व्यावहारिक मंत्र देते हुए CMD उपेन्द्र राय ने बेहद बेबाक बात कही:

“हमारे सबके जीवन में लड़ाई है, युद्ध है और संघर्ष है. बड़े-बुजुर्ग सिखाते हैं कि कहीं उलझना या लड़ना नहीं चाहिए, चुपचाप रहना चाहिए. मैं इसके उलट कहता हूं—जरूर उलझना चाहिए और बिल्कुल चुपचाप नहीं रहना चाहिए, क्योंकि चुपचाप रहना मुर्दे का लक्षण होता है. लेकिन हां, लड़ाई वही लड़ो जिसे स्वयं नियंत्रित कर सको. जिस लड़ाई में पंचों को बुलाना पड़ जाए या बहुत लोगों को शामिल करना पड़े, समझो आप वह लड़ाई हार गए. लड़ाई उतनी ही लड़ो कि जब समाप्त करना हो, अपनी चटाई मोड़ो, बगल में दबाओ और आगे बढ़ चलो.”

स्वरचित नज्म सुनाकर श्रोताओं को किया भावविभोर

संबोधन के समापन पर CMD उपेन्द्र राय ने एक बेहद संवेदनशील प्रसंग साझा किया. उन्होंने बताया कि एक दिन पहले ही लखनऊ में उनके भांजे का तिलक समारोह था (शादी 24 नवंबर को है). समारोह में संगीत के बीच बैठे हुए रात ठीक 9 बजकर 13 मिनट पर उनके मन में कुछ पंक्तियां उभरीं, जिन्हें उन्होंने कुशीनगर के मंच से श्रोताओं को समर्पित किया:

मेरी संजीदगी तुम्हें परेशान करती है,

तुम्हें नहीं पता बंद कमरे की पीड़ा कितनी परेशान करती है.

हाथ की सफाई से मदारी सबका मन बहला देता है,

पर उससे पूछो भूख उसको कितना परेशान करती है.

कोई क्यों लटक जाता है फांसी के फंदे पर मां को रोता हुआ छोड़कर,

वो तुमसे ज्यादा जिंदा रहना चाहता था—जिंदगी किसी-किसी को ज्यादा परेशान करती है.


इन मर्मस्पर्शी पंक्तियों ने मंच पर मौजूद अतिथियों और पंडाल में बैठे हजारों दर्शकों को गहरी संवेदना से भर दिया. अंत में उन्होंने कलाकारों के इस मंच की सराहना करते हुए सभी से लोक संगीत और कला का आनंद लेने का आग्रह किया.

यह भी पढ़िए: कुशीनगर महोत्सव-2026: सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच भारत एक्सप्रेस के CMD उपेन्द्र राय ने की शिरकत, देखें VIDEO



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

UP Tourism

Latest