मां का जाना सिर्फ एक इंसान का चले जाना नहीं होता, बल्कि घर की उस छांव और बिना शर्त प्यार का हट जाना होता है, जो हर मुश्किल में संबल देती है. अपनी पूजनीय मां के निधन के बाद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘योगी की पाती’ के जरिए अपनी भावनाएं उकेरी हैं. इस भावुक चिट्ठी में उन्होंने न सिर्फ अपनी मां को नमन किया, बल्कि उस पल को भी याद किया जब संन्यास लेने के बाद वे पहली बार भगवा वस्त्र में भिक्षा मांगने अपनी मां के सामने पहुंचे थे.
संन्यास के बाद पहली मुलाकात का भावुक किस्सा
सीएम योगी ने पाती में लिखा कि संन्यास परंपरा को निभाते हुए वे सबसे पहले अपनी मां के पास गए थे. संन्यास ग्रहण करने के तीन वर्ष से अधिक समय बाद जब वे भगवा वस्त्र में घर की दहलीज के बाहर खड़े थे और भिक्षा के लिए आवाज लगाई, तो बाहर आईं मां को सहसा विश्वास ही नहीं हो सका.
इससे पहले कि मां कुछ बोल पातीं, उन्होंने कहा कि ‘मां, भिक्षा दीजिए.’ अपनी भावनाओं को संभालते हुए मां ने पूछा, ‘बेटा, यह क्या हाल बना रखा है? घर में क्या कमी थी, जो भीख मांगने आ गए?’ इस पर उन्होंने उत्तर दिया कि भिक्षा उनका धर्म है, एक योगी की भिक्षा भिक्षु से ही मिलती है और मां जो अन्न देंगी, उसी से संतोष की पूर्ति होगी. पल भर में मां की ममता ने सारे संदेह को दूर कर दिया.
सनातन संस्कार मातृ वंदना से अभिसिंचित हैं। कुछ ऋण ऐसे होते हैं, जो कभी चुकाए नहीं जा सकते। हां, हम अपना कर्तव्य अवश्य निभा सकते हैं। सार्वजनिक जीवन में आने के बाद प्रदेश की मातृशक्ति के लिए यही कर्तव्य निभाने का प्रयास कर रहा हूं।
प्रत्येक माँ के प्रति सच्चा सम्मान यही होगा कि आज हर प्रदेशवासी यह संकल्प ले कि वह किसी निराश्रित माँ का संबल बनेगा, किसी वंचित माँ की पीड़ा को समझेगा और किसी दुखियारी माँ के चेहरे पर मुस्कुराहट लाएगा।
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) November 23, 2026
‘मां केवल जननी ही नहीं, जगत-जननी है’
सीएम योगी ने अपनी पाती का पहला शब्द ‘मां’ लिखा और कहा कि यह पाती हर उस मां के नाम है, जिनके बिना जीवन और इस दुनिया की कल्पना भी नहीं की जा सकती. उन्होंने लिखा कि मां केवल जननी नहीं बल्कि जगत-जननी है और ईश्वर की जननी भी मां ही है. श्रीराम के वनगमन के समय मां कौशल्या के आशीर्वाद, श्रीकृष्ण के गोकुल आगमन और मां के संस्कारों से ध्रुव व प्रह्लाद जैसे बालकों के गढ़े जाने का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि मां हर किसी की जगह ले सकती है, लेकिन मां की जगह कोई नहीं ले सकता.
हर मां के सम्मान का दिया संदेश
अक्षर ज्ञान देने वाली अपनी प्रथम गुरु को याद करते हुए सीएम योगी ने लिखा कि गोरखपुर से पंचूर की इस यात्रा में उनके भीतर भावनाओं का ज्वार उमड़ रहा है. उन्होंने कहा कि सनातन परंपरा मातृ वंदना से जुड़ी है और जहां मां का सम्मान होता है, वहां पुण्य व प्रताप स्वयं समाहित हो जाते हैं.
अंत में उन्होंने भावुक अपील करते हुए लिखा कि मां, प्रकृति और मातृभूमि के प्रति कर्तव्य कभी नहीं भूलने चाहिए और हर प्रदेशवासी का सच्चा संकल्प यही होना चाहिए कि वह किसी बिलखती या वंचित मां का सहारा बने और उसकी मुस्कान की वजह बने.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



