सिंगरौली में बकायेदारों के दफ्तर-मकानों पर लगाए ताले
Singrauli Electricity Bill: मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले में बिजली विभाग ने बकाया बिल वसूलने के लिए सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है. शहर से लेकर गांव तक विभाग की टीम बकायेदारों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है. कहीं निजी दफ्तरों, मकानों और दुकानों पर ताले लगाए जा रहे हैं, तो कहीं बिजली बिल जमा नहीं करने वाले किसानों के मोटर पंप जब्त किए जा रहे हैं. विभाग की इस कार्रवाई से जिले में हड़कंप मचा हुआ है.
बिजली विभाग के सामने सबसे बड़ी चुनौती पिछले 10 साल से जमा नहीं हुआ करीब 130 करोड़ रुपये का बकाया है. कई बार अपील के बावजूद उपभोक्ता यह रकम जमा नहीं कर रहे हैं. दूसरी तरफ हर महीने के बिजली बिल का बकाया भी लगातार बढ़ रहा है. बताया जा रहा है कि हर महीने करीब 2 से 3 करोड़ रुपये की नई पेंडेंसी जुड़ रही है. ऐसे में विभाग के लिए पुराने बकाये के साथ मौजूदा बिलों की वसूली करना भी मुश्किल होता जा रहा है.
बकायेदारों के मकान और दुकानें सील
बिजली विभाग के कर्मचारी लगातार बकाया वसूलने के लिए उपभोक्ताओं के पास पहुंच रहे हैं. कई बड़े बकायेदारों को बिल जमा करने के लिए पहले मौका दिया गया, लेकिन रकम जमा नहीं होने पर विभाग ने उनके निजी दफ्तरों, मकानों और दुकानों में तालाबंदी कर दी. ग्रामीण इलाकों में भी कार्रवाई की जा रही है. बिजली बिल जमा नहीं करने वाले किसानों के मोटर पंप जब्त किए जा रहे हैं.
कुछ जगहों पर विभाग की टीम ने डिफॉल्टरों की बाइक भी जब्त की हैं. कर्मचारियों का कहना है कि कई उपभोक्ता बिल जमा करने का वादा तो करते हैं, लेकिन तय समय पर पैसा नहीं देते. इसी वजह से विभाग को सख्त कदम उठाने पड़ रहे हैं.
अधिकारियों की चेतावनी के बाद तेज हुई कार्रवाई
बीते दिनों रीवा संभाग के मुख्य अभियंता पीके मिश्रा ने सीधी और सिंगरौली जिले के अधिकारियों के साथ संयुक्त बैठक की थी. इस बैठक में उन्होंने चेतावनी दी थी कि बिजली बिल की वसूली में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
ये भी पढ़ें-भारत से बातचीत को तैयार पाकिस्तान! SCO फोरम में मंत्री मुसादिक मलिक ने आतंकवाद और सिंधु जल संधि पर क्या कहा?
इसके बाद से सिंगरौली जिले में विभाग की टीमें लगातार सक्रिय हैं. गांवों से लेकर शहर तक उपभोक्ताओं से बकाया बिल जमा करने की अपील की जा रही है. साथ ही रकम जमा नहीं करने वालों को कार्रवाई की चेतावनी भी दी जा रही है. विभाग ने साफ किया है कि बकाया जमा नहीं करने पर आगे भी कुर्की और जब्ती की कार्रवाई जारी रहेगी.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



