Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

भारत पहुंचे नेपाल के PM बालेन शाह, मोदी के साथ अयोध्या-जनकपुर ट्रेन का करेंगे उद्घाटन

Balen Shah India Visit: भारत दौरे पर आए नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह का राष्ट्रपति भवन में औपचारिक स्वागत किया गया. सोमवार को उनकी पीएम नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय बातचीत होगी. इस दौरान अयोध्या-जनकपुर ट्रेन का उद्घाटन और कई समझौतों पर चर्चा हो सकती है.

nepal-pm-balen-shah-india-visit-modi-meeting

नेपाल के PM बालेन शाह का राष्ट्रपति भवन में स्वागत

Balen Shah India Visit: भारत के दो दिवसीय दौरे पर आए नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह का सोमवार को राष्ट्रपति भवन में औपचारिक स्वागत किया गया. इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी मौजूद रहे. राष्ट्रपति भवन पहुंचने पर पीएम मोदी ने नेपाली प्रधानमंत्री का स्वागत किया. बालेन शाह रविवार को दो दिवसीय राजकीय यात्रा पर नई दिल्ली पहुंचे थे. एयरपोर्ट पर वाणिज्य और उद्योग राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने उनका स्वागत किया था.

भारत दौरे के दूसरे दिन सोमवार को बालेन शाह की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय बातचीत होगी. इस बैठक में दोनों देशों के बीच आर्थिक सहयोग बढ़ाने और पुराने रिश्तों को और मजबूत करने पर चर्चा होगी. बातचीत के दौरान व्यापार, ऊर्जा, कनेक्टिविटी, निवेश और बुनियादी ढांचे से जुड़े मुद्दे प्रमुखता से उठ सकते हैं.

अयोध्या-जनकपुर के बीच नई ट्रेन का होगा उद्घाटन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के पीएम बालेन शाह वर्चुअल माध्यम से अयोध्या और जनकपुरधाम के बीच चलने वाली नई ट्रेन का उद्घाटन करेंगे. अयोध्या को भगवान राम का जन्मस्थान और नेपाल के जनकपुरधाम को माता सीता का जन्मस्थान माना जाता है. दोनों स्थानों के बीच रेल कनेक्टिविटी शुरू होने से धार्मिक और सांस्कृतिक संबंधों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है.

द्विपक्षीय बातचीत के बाद दोनों देशों के बीच कई समझौता ज्ञापनों (MoU) का आदान-प्रदान होगा. इसके बाद संयुक्त बयान जारी किया जाएगा. बालेन शाह राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से भी मुलाकात करेंगे. उनका सोमवार शाम को स्वदेश लौटने का कार्यक्रम है.

‘समृद्ध नेपाल-उन्नत भारत’ विजन दस्तावेज पर भी नजर

इस यात्रा के दौरान दोनों देश ‘समृद्ध नेपाल, उन्नत भारत’ शीर्षक से एक संयुक्त विजन दस्तावेज जारी कर सकते हैं. इसका मकसद भारत और नेपाल के बीच लंबे समय के सहयोग के लक्ष्य और ठोस योजनाएं तय करना है.

दोनों देशों के बीच होने वाली बातचीत में बाढ़ के बाद पुनर्निर्माण में मदद, ऊर्जा, व्यापार, परिवहन, निवेश और कनेक्टिविटी जैसे मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है. इसके अलावा, दोनों पक्ष कनेक्टिविटी और ऊर्जा सहयोग से जुड़ी पूरी हो चुकी परियोजनाओं का उद्घाटन कर सकते हैं और नई परियोजनाओं की आधारशिला भी रख सकते हैं.

नेपाल के विदेश मंत्रालय के मुताबिक, इस दौरे में आर्थिक सहयोग को मजबूत करने पर खास जोर रहेगा. इसके तहत व्यापार, परिवहन, निवेश, ऊर्जा, कनेक्टिविटी नेटवर्क और बुनियादी ढांचे के विकास पर बातचीत होगी. शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, खेल, आपदा प्रबंधन और मानव संसाधन विकास जैसे क्षेत्रों में सहयोग के लिए भी समझौता ज्ञापनों का आदान-प्रदान किया जाएगा.

35 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल के साथ आए हैं बालेन शाह

नेपाल के प्रधानमंत्री के साथ वित्त मंत्री स्वर्णिम वागले, विदेश मंत्री शिशिर खनाल, प्रधानमंत्री के मुख्य सलाहकार कुमार ब्यंजनकर और कई वरिष्ठ सरकारी अधिकारी भारत आए हैं. यह सभी 35 सदस्यीय सरकारी प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा हैं. इनके अलावा व्यापार जगत के 52 प्रतिनिधियों का एक अलग प्रतिनिधिमंडल भी अपने खर्च पर इस यात्रा में शामिल हुआ है.

ये भी पढ़ें- ट्रेड फेयर में दिखा महिलाओं के हुनर का जलवा, आजमगढ़ की ढाई लाख की साड़ी से लेकर झारखंड के स्टार्टअप तक खास आकर्षण

बालेन शाह की यह यात्रा भारत और नेपाल के बीच राजनीतिक, आर्थिक और सांस्कृतिक संबंधों को आगे बढ़ाने के लिहाज से अहम मानी जा रही है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

UP Tourism