Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

मुजफ्फरनगर में डबल मर्डर, घर के गेट पर पिता-पुत्र को गोलियों से भूना, हमलावर फरार

Muzaffarnagar Double Murder: मुजफ्फरनगर के दादूपुर गांव में बाइक सवार हमलावरों ने घर के गेट पर पिता-पुत्र की गोली मारकर हत्या कर दी. शुरुआती जांच में करीब एक साल पुरानी रंजिश को वारदात की वजह माना जा रहा है. एसएसपी ने खुलासे के लिए चार टीमें गठित की हैं

muzaffarnagar-dadupur-father-son-double-murder

मुजफ्फरनगर में पिता-पुत्र का डबल मर्डर

Muzaffarnagar Double Murder: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में रविवार देर शाम डबल मर्डर की सनसनीखेज वारदात सामने आई है. पुरकाजी थाना क्षेत्र के दादूपुर गांव में बाइक सवार हमलावरों ने घर के गेट पर पिता और पुत्र पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं. हमले में मुख्तियार और उनके बेटे सुखजिंदर की मौत हो गई. वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए. शुरुआती जांच में हत्या के पीछे करीब एक साल पुरानी रंजिश की बात सामने आई है.

बताया जा रहा है कि रविवार देर शाम कुछ हमलावर बाइक से पहुंचे और घर के गेट पर मौजूद मुख्तियार और उनके बेटे सुखजिंदर को निशाना बनाकर फायरिंग शुरू कर दी. गोलियां लगने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

एक साल पुरानी हत्या का बदला लेने का आरोप

इस दोहरे हत्याकांड को करीब एक साल पहले हुए मोनू हत्याकांड से जोड़कर देखा जा रहा है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश चल रही थी. पुलिस के अनुसार जिन लोगों पर हत्या का आरोप लगाया जा रहा है, उनके भाई की हत्या के मामले में पीड़ित पक्ष के कुछ लोग जमानत पर बाहर थे. इसी रंजिश में बदले की नीयत से पिता-पुत्र की हत्या किए जाने की आशंका है.

पुरकाजी थाने के एक हिस्ट्रीशीटर पर अपने साथियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम देने का आरोप लगाया गया है. हालांकि पुलिस अभी पूरे मामले की जांच कर रही है.

यूपी-उत्तराखंड बॉर्डर पर वारदात

इस मामले में यूपी और उत्तराखंड पुलिस के बीच घटनास्थल की सीमा को लेकर भी असमंजस की स्थिति सामने आई है. दरअसल दादूपुर गांव यूपी और उत्तराखंड की सीमा के दोनों तरफ बसा हुआ है. वारदात की सूचना मिलने पर दोनों राज्यों की पुलिस मौके पर पहुंची थी. जांच के दौरान मृतकों के आधार कार्ड, बिजली बिल और राशन कार्ड उत्तराखंड के पाए गए. शुरुआती जांच में घटनास्थल उत्तराखंड की सीमा में होने की बात सामने आई.

इसके बावजूद पीड़ित परिवार ने मुजफ्फरनगर पुलिस से ही आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी मुजफ्फरनगर सूरज कुमार राय भी मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात की.

एसएसपी ने गठित की चार टीमें

एसएसपी सूरज कुमार राय ने बताया कि 22 नवंबर 2026 को डायल 112 के माध्यम से दादूपुर गांव में फायरिंग की सूचना मिली थी. इसके बाद पुरकाजी पुलिस, सीओ सदर और फील्ड यूनिट के साथ उन्होंने खुद घटनास्थल का निरीक्षण किया. दोनों घायलों को अस्पताल भेजा गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया.

एसएसपी के मुताबिक शुरुआती जांच में आपसी रंजिश और बदले की कार्रवाई की आशंका सामने आई है. फिलहाल परिजनों से तहरीर लेकर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है. घटना के खुलासे के लिए चार पुलिस टीमों का गठन किया गया है.

ये भी पढ़ें- बिजली बिल नहीं भरा तो जब्त हो रहे मोटर पंप और बाइक, सिंगरौली में बकायेदारों के दफ्तर-मकानों पर लगाए ताले

उन्होंने कहा कि अभी मुजफ्फरनगर पुलिस ही मामले में कार्रवाई कर रही है. अगर राजस्व संबंधी जांच में घटनास्थल किसी दूसरे जनपद के क्षेत्र में पाया जाता है, तो उसके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी. पुलिस ने जल्द ही हत्याकांड का खुलासा करने का भरोसा दिया है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

UP Tourism