Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

पश्चिम बंगाल बनेगा ‘पश्चिम बंग’? शुभेंदु सरकार का बड़ा फैसला, विधानसभा में आएगा प्रस्ताव

West Bengal Name Change: पश्चिम बंगाल सरकार ने राज्य का नाम बदलकर ‘पश्चिम बंग’ करने का फैसला किया है.

West Bengal Name Change

पश्चिम बंगाल बनेगा 'पश्चिम बंग'?

West Bengal Name Change: पश्चिम बंगाल की राजनीति में एक बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है. मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने घोषणा की है कि राज्य सरकार पश्चिम बंगाल का नाम बदलकर पश्चिम बंग करने जा रही है. इतना ही नहीं, अंग्रेजी में भी राज्य का नाम ‘Paschim Banga’ ही लिखा जाएगा.

9 दिसंबर को विधानसभा में आएगा प्रस्ताव

मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि इस बदलाव को औपचारिक रूप देने के लिए 9 दिसंबर को विधानसभा में प्रस्ताव पेश किया जाएगा. अगर सदन से इसे मंजूरी मिल जाती है तो प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा जाएगा. इसके बाद आगे की प्रक्रिया के तहत इसे संसद में रखा जाएगा. शुभेंदु अधिकारी ने बताया कि राज्य मंत्रिमंडल ने इस प्रस्ताव को पहले ही हरी झंडी दे दी है.

शीतकालीन सत्र में होगी अहम चर्चा

पश्चिम बंगाल विधानसभा का शीतकालीन सत्र 4 दिसंबर से शुरू होने जा रहा है, जो 14 दिसंबर तक चलेगा. इसी सत्र के दौरान 9 दिसंबर को राज्य के नाम परिवर्तन से जुड़ा प्रस्ताव सदन के सामने रखा जाएगा.

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने पहले ही दिए थे संकेत

इस फैसले से पहले भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य भी इस मुद्दे पर संकेत दे चुके थे. उन्होंने कहा था कि राज्य सरकार जल्द ही विधानसभा में नाम बदलने का प्रस्ताव लाने की तैयारी कर रही है. अब मुख्यमंत्री के ऐलान के बाद तस्वीर लगभग साफ हो गई है.

पहले भी उठ चुका है नाम बदलने का मुद्दा

राज्य के नाम में बदलाव की चर्चा कोई नई नहीं है. जब ममता बनर्जी मुख्यमंत्री थीं, तब उनकी सरकार ने पश्चिम बंगाल का नाम बदलकर बांग्ला करने का प्रस्ताव मंजूर किया था. उस समय भी इस मुद्दे पर काफी बहस छिड़ी थी.

क्यों बदलना चाहते हैं राज्य का नाम?

दरअसल, अंग्रेजी में West Bengal नाम W अक्षर से शुरू होता है. वर्णमाला के क्रम वाली कई सरकारी और प्रशासनिक सूचियों में राज्य का नाम अंतिम हिस्से में आता है. लंबे समय से यह तर्क दिया जाता रहा है कि इससे कुछ प्रशासनिक असुविधाएं पैदा होती हैं.

ममता सरकार की कोशिश नहीं हुई थी सफल

ममता बनर्जी सरकार ने इसी वजह से ‘बांग्ला’ नाम का प्रस्ताव विधानसभा से पारित कराकर केंद्रीय गृह मंत्रालय को भेजा था. हालांकि, उस प्रस्ताव को अंतिम मंजूरी नहीं मिल सकी और मामला आगे नहीं बढ़ पाया.

ये भी पढ़ें-लखनऊ में जनजातीय भागीदारी उत्सव, जानिए 4 दिन में क्या-क्या होगा खास? प्रवेश रहेगा बिल्कुल नि:शुल्क

अब ‘Paschim Banga’ पर दांव

इस बार शुभेंदु सरकार ने ‘पश्चिम बंग’ नाम को चुना है, जिसका अंग्रेजी रूप Paschim Banga होगा और यह P अक्षर से शुरू होगा. सोमवार को नवान्न में आयोजित कैबिनेट बैठक में इस नाम को स्वीकृति दी गई. बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बताया कि सरकार ने राज्य का नाम बदलने संबंधी प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है और अब इसे संवैधानिक प्रक्रिया के तहत आगे बढ़ाया जाएगा.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

UP Tourism