Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

JKSSB FAA भर्ती परीक्षा में धांधली का आरोप: JKSA ने गृह मंत्री अमित शाह को लिखा पत्र

जम्मू-कश्मीर स्टूडेंट्स एसोसिएशन ने 15 नवंबर को हुई JKSSB की फाइनेंस अकाउंट्स असिस्टेंट परीक्षा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के जरिए कथित नकल को लेकर गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखा है.

JKSA Writes To Amit Shah Seeking CBI Probe Into Alleged JKSSB FAA Exam Malpractice Demand Postponement Of JKPSI

जम्मू-कश्मीर सेवा चयन बोर्ड (JKSSB) द्वारा 15 नवंबर को आयोजित फाइनेंस अकाउंट्स असिस्टेंट (FAA) भर्ती परीक्षा में कथित संगठित नकल का मामला तूल पकड़ता जा रहा है. इस मामले को लेकर जम्मू-कश्मीर स्टूडेंट्स एसोसिएशन (JKSA) ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर सीबीआई (CBI) जांच की मांग की है. एसोसिएशन के राष्ट्रीय संयोजक नासिर खुहामी ने बताया कि भर्ती प्रक्रियाओं में बार-बार सामने आ रही अनियमितताओं और उम्मीदवारों के गिरते भरोसे को देखते हुए गृह मंत्री से हस्तक्षेप की गुहार लगाई गई है.

इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस से नकल का आरोप

JKSA ने अपने पत्र में निष्पक्ष, स्वतंत्र और समयबद्ध CBI जांच कराने के साथ-साथ आगामी जम्मू-कश्मीर पुलिस सब-इंस्पेक्टर (JKPSI) और कांस्टेबल भर्ती परीक्षाओं को फिलहाल स्थगित करने की मांग की है.

एसोसिएशन का आरोप है कि इस कथित गिरोह ने परीक्षा केंद्रों के बाहर बैठे लोगों तक प्रश्नपत्र पहुंचाए, वहां से उत्तर हासिल किए और अत्याधुनिक इलेक्ट्रॉनिक संचार उपकरणों के जरिए चुनिंदा अभ्यर्थियों तक जवाब भेजे. हालांकि, एसोसिएशन ने समय रहते इस कथित रैकेट का भंडाफोड़ करने के लिए जम्मू-कश्मीर पुलिस की कार्रवाई की सराहना भी की है.

2020 से चल रहे भर्ती विवादों का हवाला

नासिर खुहामी ने कहा कि मौजूदा आरोपों को साल 2020 से चल रहे भर्ती विवादों के संदर्भ में देखा जाना चाहिए. उन्होंने याद दिलाया कि 2022 में पेपर लीक के आरोपों के बाद पुलिस सब-इंस्पेक्टर परीक्षा रद्द करनी पड़ी थी, जिसमें CBI ने 24 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की थी. इसी तरह मार्च 2022 की FAA परीक्षा में भी पेपर लीक के बाद 20 आरोपियों पर CBI केस दर्ज हुआ था.

JKSA ने परीक्षा केंद्रों की सीसीटीवी फुटेज और डिजिटल सबूतों को सुरक्षित रखने, JKSSB की कार्यप्रणाली की समीक्षा करने और भविष्य की भर्तियों में कड़े सुरक्षा इंतजाम लागू करने की अपील करते हुए कहा कि बार-बार होने वाली गड़बड़ियां युवाओं के करियर और सिस्टम पर जनता के भरोसे को गहरी चोट पहुंचाती हैं.

यह भी पढ़ें: सीमा समृद्धि कुशवाहा बनीं बीजेपी ओबीसी मोर्चा की स्पेशल इनवाइटी मेंबर, पीएम मोदी का किया धन्यवाद

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

UP Tourism