रिपोर्ट – अजय भटनागर
Bhopal Aishbagh Janta Quarters Demolition: राजधानी भोपाल के ऐशबाग स्थित जनता क्वार्टर में सोमवार सुबह प्रशासन ने ध्वस्तीकरण की बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है. यहां करीब 40 साल पुराने 599 जर्जर मकानों को भारी मशीनों और बुलडोजर की मदद से तोड़ा जा रहा है. इस कार्रवाई में जिला प्रशासन, नगर निगम और हाउसिंग बोर्ड की संयुक्त टीम जुटी है. कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है, वहीं मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने एक आवंटी के क्वार्टर को 25 नवंबर तक तोड़ने पर अंतरिम रोक लगाई है.
सुबह से शुरू हुई ध्वस्तीकरण की कार्रवाई
सोमवार सुबह से ही जनता क्वार्टर इलाके में प्रशासनिक अमला और भारी मशीनें पहुंच गई थीं. इसके बाद एक-एक कर मकानों को तोड़ने का काम शुरू किया गया. सुरक्षा के मद्देनजर पूरे इलाके में बैरिकेडिंग की गई है और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर कार्रवाई की निगरानी कर रहे हैं. करीब 599 मकानों को ध्वस्त करने की यह कार्रवाई पुनर्विकास योजना के तहत की जा रही है.
एक क्वार्टर को 25 नवंबर तक हाईकोर्ट से राहत
कार्रवाई के खिलाफ आवंटी मोहम्मद हफीज खान ने मध्य प्रदेश हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी. रविवार को हुई विशेष सुनवाई में कोर्ट ने पूरी कार्रवाई पर रोक लगाने से इनकार कर दिया, लेकिन क्वार्टर नंबर EWS 465 को 25 नवंबर तक तोड़ने पर अंतरिम रोक लगा दी. कोर्ट ने आवंटी और हाउसिंग बोर्ड के अधिकारियों को कलेक्टर के साथ बैठक कर पुनर्विकास के दौरान मिलने वाली किराये की राशि पर सहमति बनाने के निर्देश दिए हैं. इस संबंध में बुधवार को कोर्ट में जानकारी पेश की जाएगी.
2016 में जर्जर घोषित हुए थे मकान, बनेंगे नए फ्लैट
जानकारी के मुताबिक, जनता क्वार्टर का निर्माण वर्ष 1986 के आसपास हुआ था और नगर निगम ने मई 2016 में इन मकानों को जर्जर घोषित किया था. हाउसिंग बोर्ड के मुताबिक यहां करीब 600 क्वार्टर हैं, जिनमें से लगभग 110 मूल आवंटियों को दिए गए थे, जबकि बाकी मकानों पर अनधिकृत कब्जे होने का दावा किया गया है.
प्रशासन और हाउसिंग बोर्ड की योजना पुराने मकानों की जगह नए बहुमंजिला आवासीय भवन बनाने की है. इसके तहत पात्र मूल आवंटियों को मौजूदा मकान से 20 प्रतिशत बड़ा फ्लैट देने और निर्माण अवधि के दौरान किराये की सहायता उपलब्ध कराने का प्रस्ताव है.
किराये को लेकर रहवासियों की चिंता
कार्रवाई के बीच मौके पर मौजूद कई परिवारों ने वैकल्पिक आवास और किराये की सहायता को लेकर अपनी चिंता जताई है. मजदूरी कर जीवनयापन करने वाले परिवारों का कहना है कि उनके पास दस्तावेज और रजिस्ट्री होने के बावजूद मकान मिलने की स्थिति स्पष्ट नहीं है, और वे 5,000 से 6,000 रुपये मासिक किराये पर कमरा लेने में असमर्थ हैं. मकान टूटने के बाद परिवारों का सामान बाहर रखा है और वे प्रशासन से जल्द पुनर्वास व किराया सहायता की स्पष्ट व्यवस्था की मांग कर रहे हैं.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.






