Bisleri Controversy: बिसलेरी के बोतलबंद पानी में ब्रोमेट की मात्रा पाए जाने से जुड़े दावों के बाद आम लोगों के बीच पीने के पानी की शुद्धता और सेहत पर इसके असर को लेकर नई बहस छिड़ गई है. हर रोज सफर या दफ्तर में बोतलबंद पानी पर भरोसा करने वाले उपभोक्ताओं के मन में यह सवाल उठ रहा है कि आखिर पानी में ब्रोमेट आता कहां से है और क्या यह वाकई सेहत के लिए खतरनाक है. इस पूरे विवाद पर न्यू साइंस क्रिएटर्स इंस्टीट्यूट के चेयरमैन प्रो. आर.के. कोटनाला ने वैज्ञानिक पहलू से अहम जानकारी साझा की है.
ओजोन ट्रीटमेंट के दौरान पानी में कैसे बनता है ब्रोमेट?
प्रो. कोटनाला के मुताबिक, पानी को कीटाणुरहित और शुद्ध बनाने के लिए अक्सर ओजोन ट्रीटमेंट का सहारा लिया जाता है. इस प्रक्रिया के दौरान पानी में प्राकृतिक रूप से मौजूद ब्रोमाइड रासायनिक प्रतिक्रिया के चलते ब्रोमेट में तब्दील हो सकता है.
उन्होंने स्पष्ट किया कि पानी में ब्रोमेट की मौजूदगी सेहत के लिए नुकसानदायक साबित हो सकती है और यदि कोई व्यक्ति लंबे समय तक ऐसे पानी का सेवन करता है, तो इससे गंभीर स्वास्थ्य जोखिम पैदा होने की आशंका बनी रहती है. यही वजह है कि शुद्धिकरण की तकनीक के साथ-साथ सुरक्षा मानकों पर सख्त नजर रखना बेहद जरूरी हो जाता है.
एक सैंपल के आधार पर निष्कर्ष निकालना सही नहीं
इस मामले में जांच की प्रक्रिया पर भी प्रो. कोटनाला ने महत्वपूर्ण बात कही है. उनका मानना है कि बोतलबंद पानी की गुणवत्ता परखने के लिए केवल एक सैंपल पर निर्भर रहना उचित नहीं है, बल्कि एक से अधिक सैंपलों की व्यापक जांच होनी चाहिए.
उन्होंने कहा कि किसी एक नमूने के नतीजे से पूरे मामले पर अंतिम राय बना लेना वैज्ञानिक दृष्टि से सही नहीं कहा जा सकता. बहरहाल, इस ताजा चर्चा ने न केवल बोतलबंद पानी की निगरानी व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि आम उपभोक्ताओं को भी अपने पीने के पानी की गुणवत्ता के प्रति अधिक सतर्क रहने का संदेश दिया है.
यह भी पढ़ें: मई 2027 में होगा भारत की पहली बुलेट ट्रेन का ट्रायल रन, पीएम मोदी के मंत्री ने दी जानकारी
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.





