भारत दौरे पर आए नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कई खास और यादगार उपहार भेंट किए. उनके भारत दौरे के दूसरे और आखिरी दिन नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया. इसके बाद दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों के बीच द्विपक्षीय बातचीत हुई. इस मुलाकात के दौरान भारत की ओर से नेपाल के प्रधानमंत्री को ऐसे उपहार दिए गए, जिनमें सिर्फ भारतीय कला और संस्कृति की झलक ही नहीं, बल्कि भारत और नेपाल के सदियों पुराने रिश्तों की गहराई भी दिखाई देती है.
पीएम मोदी की ओर से बालेंद्र शाह को दिए गए इन खास उपहारों में कलमकारी शैली में तैयार की गई ‘सम्पूर्ण रामायण’ की पेंटिंग, खूबसूरत बनारसी ब्रोकेड सिल्क स्टॉल और पीतल के कलश में काशी का पवित्र गंगाजल शामिल है. इन तीनों उपहारों का अपना अलग महत्व है.
रामायण की पेंटिंग में दिखी भारत-नेपाल की साझा विरासत
प्रधानमंत्री मोदी की ओर से दिया गया सबसे खास उपहार कलमकारी शैली में बनी ‘सम्पूर्ण रामायण’ की विशाल पेंटिंग है. इस कलाकृति में भगवान राम के जीवन की महत्वपूर्ण घटनाओं को बेहद खूबसूरती से उकेरा गया है. इसमें उनके जन्म से लेकर वनवास, रावण पर विजय और अंत में अयोध्या लौटने तक की पूरी कहानी दिखाई गई है.
आंध्र प्रदेश की पारंपरिक श्रीकालहस्ती शैली में तैयार की गई इस पेंटिंग को सूती कपड़े पर हाथ से बनाया गया है. इसे बनाने में बांस की कलम और प्राकृतिक रंगों का इस्तेमाल किया गया है. यही वजह है कि यह पेंटिंग भारतीय हस्तकला और पारंपरिक चित्रकारी का शानदार उदाहरण मानी जा सकती है.
इस उपहार का महत्व सिर्फ कला तक सीमित नहीं है. भगवान राम की नगरी अयोध्या और माता सीता की जन्मभूमि जनकपुर के बीच गहरा धार्मिक और सांस्कृतिक रिश्ता रहा है. ऐसे में यह पेंटिंग भारत और नेपाल के साझा इतिहास, आस्था और आपसी जुड़ाव को भी दर्शाती है.
बनारसी सिल्क स्टॉल में दिखी कारीगरों की मेहनत
नेपाल के प्रधानमंत्री को दूसरा खास तोहफा बनारस की मशहूर बनारसी ब्रोकेड सिल्क स्टॉल के रूप में दिया गया. इस स्टॉल को वाराणसी के कुशल बुनकरों ने तैयार किया है. इसकी बारीक डिजाइन और चमकदार जरी का काम भारतीय कपड़ा उद्योग की पारंपरिक खूबसूरती को सामने लाता है.
इस सिल्क स्टॉल को गुजरात के एक आकर्षक ‘सादेली’ बॉक्स में रखा गया है. इस बॉक्स पर लकड़ी की पारंपरिक नक्काशी और सुंदर ज्यामितीय डिजाइन बनाए गए हैं. यानी इस उपहार में बनारस की बुनकरी और गुजरात की लकड़ी पर की जाने वाली कलाकारी, दोनों का अनोखा मेल देखने को मिलता है.
यह तोहफा भारत की उस पुरानी हस्तशिल्प परंपरा की याद दिलाता है, जिसे देश के कारीगर पीढ़ियों से संभालते आ रहे हैं. आज भी बनारसी सिल्क की पहचान देश ही नहीं, बल्कि दुनिया के कई हिस्सों में है.
पीएम मोदी की ओर से दिया गया तीसरा उपहार भी बेहद खास है. इसमें काशी का पवित्र गंगाजल एक सुंदर पीतल के कलश में भरकर नेपाल के प्रधानमंत्री को भेंट किया गया.
हिंदू धर्म में गंगाजल को बेहद पवित्र माना जाता है. इसे आस्था, शुद्धता और शुभता का प्रतीक समझा जाता है. काशी से लाया गया यह जल भारत और नेपाल के धार्मिक संबंधों की एक खास तस्वीर पेश करता है.
दरअसल, वाराणसी के काशी विश्वनाथ मंदिर और नेपाल की राजधानी काठमांडू स्थित पशुपतिनाथ मंदिर का भगवान शिव से गहरा संबंध है. दोनों ही मंदिर श्रद्धालुओं के लिए बेहद महत्वपूर्ण धार्मिक स्थल हैं. ऐसे में काशी का गंगाजल भेंट करना इन दोनों देशों के बीच मौजूद आध्यात्मिक जुड़ाव को सम्मान देने जैसा है.
रिश्तों को मजबूती देने का संदेश
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से दिए गए ये तीनों उपहार केवल औपचारिक भेंट नहीं हैं. हर उपहार के पीछे भारत की किसी न किसी क्षेत्रीय कला, धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक पहचान की कहानी छिपी है.
रामायण की पेंटिंग अयोध्या और जनकपुर के रिश्ते को याद दिलाती है, बनारसी सिल्क और सादेली बॉक्स भारतीय कारीगरों की हुनरमंदी दिखाते हैं, जबकि काशी का गंगाजल भारत और नेपाल की साझा धार्मिक आस्था को सामने रखता है.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.





