उत्तर प्रदेश के 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अभी से कमर कस ली है. इस बार पार्टी के शीर्ष नेतृत्व की सबसे ज्यादा नजर पूर्वांचल पर टिकी है, जहां पिछले चुनावी आंकड़े और सहयोगी दलों की बढ़ती महत्वाकांक्षाएं बड़ी चुनौती बनकर उभरी हैं. सूत्रों के अनुसार, हालात को साधने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह अगले महीने से यूपी के दौरे शुरू कर सकते हैं और इसकी शुरुआत पूर्वांचल से होने के संकेत हैं. शाह का पूरा जोर बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने, जातीय समीकरण दुरुस्त करने और विपक्ष के मजबूत गढ़ों में नई रणनीति बनाने पर रहेगा. उनके बाद भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और अन्य केंद्रीय मंत्रियों के प्रवास भी तेज किए जाएंगे.
क्यों पूर्वांचल बन गया है BJP के लिए चुनौती?
सियासी आंकड़े बताते हैं कि पूर्वांचल के 20 जिलों की 124 विधानसभा सीटों में से पिछली बार सपा गठबंधन ने 36.6 फीसदी वोट के साथ 45 सीटें जीती थीं. वहीं, लोकसभा चुनाव में विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन ने पूर्वांचल की 26 में से 17-18 सीटों पर कब्जा जमाकर 43.52 प्रतिशत वोट हासिल किए और करीब 75 विधानसभा क्षेत्रों में बढ़त बनाई, जो 2022 के मुकाबले लगभग दोगुनी थी. यही वजह है कि बीजेपी जमीनी स्तर पर संगठन को दोबारा धार देने में जुटी है.
NDA में सीट बंटवारे पर बढ़ी रस्साकशी
पूर्वांचल में बीजेपी के सामने केवल विपक्ष ही नहीं, बल्कि अपने सहयोगी दलों को साधना भी बड़ी परीक्षा है. रिपोर्ट्स के अनुसार, बीजेपी राज्य की 403 में से करीब 340-350 सीटों पर खुद चुनाव लड़ने और सहयोगियों को 55-60 सीटें देने के फॉर्मूले पर विचार कर रही है, जबकि सहयोगी दलों की कुल मांग करीब 117 सीटों तक पहुंच गई है.
चर्चा है कि निषाद पार्टी 36-37, सुभासपा 25 और अपना दल (एस) 25 सीटों की मांग कर रही है, वहीं पश्चिमी यूपी में रालोद (RLD) भी लगभग 30 सीटें चाह रही है. ऐसे में सहयोगियों को संतुष्ट रखते हुए अपने वोट बैंक को एकजुट रखना बीजेपी के लिए अहम साबित होगा.
यह भी पढ़ें: सीएम योगी के नेतृत्व में खास होगा काशी की देव दीपावली, जानिए क्या है तैयारी?
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




