Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

तीन शादियां, 16 लाख की ठगी और चौथे से शादी की तैयारी; कानपुर की दुल्हन का भंडाफोड़

कानपुर के बर्रा क्षेत्र में तीन शादियां कर चुकी युवती प्रगति के चौथे युवक के साथ लिव-इन में रहते हुए शादी की तैयारी के मामले का भंडाफोड़ हुआ है. पुलिस ने 16 लाख रुपये के जेवर-नकदी हड़पने की धमकी के आरोप में प्रगति समेत परिवार के 6 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.

Kanpur Bride With Three Marriages Living In Live In Preparing For Fourth Marriage Six Arrested Including Family

कानपुर के बर्रा थाना क्षेत्र में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां तीन शादियां कर चुकी एक युवती चौथे युवक के साथ लिव-इन में रह रही थी और शादी की तैयारी में जुटी थी. इसी बीच उसके कथित खेल का खुलासा हो गया. पुलिस ने प्रगति समेत कुल 6 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. हिरासत में लिए जाने के बाद प्रगति रोने लगी और खुद पर लगे आरोपों को झूठा बताते हुए न्याय न मिलने पर आत्मदाह की धमकी दी.

कैसे खुला पूरा मामला?

इंस्पेक्टर क्षितिज कुमार सिंह के मुताबिक, विश्व बैंक कॉलोनी निवासी विशाल विश्वकर्मा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 18 मई 2025 को गोविंद नगर के करन बैंक्वेट हॉल में उनकी शादी प्रगति से हुई थी. आरोप है कि शादी के ठीक एक महीने बाद, 18 जून 2025 को प्रगति 15 लाख रुपये के गहने और एक लाख रुपये नकद लेकर मायके चली गई.

जब विशाल ने पड़ताल की, तो पता चला कि प्रगति पहले भी दो शादियां कर चुकी है. जांच में सामने आया कि उसकी पहली शादी 20 मार्च 2017 को बारादेवी के सोनू विश्वकर्मा से हुई थी और तीन महीने बाद ही 23 जून 2017 को उसने इटावा के सुमित बाथम से दूसरी शादी कर ली. पुलिस को उसके फोन से तीनों पतियों की तस्वीरें भी मिली हैं.

मामला दबाने के लिए 20 लाख की मांग

विशाल का आरोप है कि 13 अगस्त 2026 को जब वे अपने छोटे भाई के साथ प्रगति के पिता अशोक कुमार विश्वकर्मा के घर पिछली शादियों का सच पूछने गए, तो वहां उनके साथ मारपीट की गई और मामला रफा-दफा करने के बदले 20 लाख रुपये मांगे गए. पैसे न देने पर झूठे केस में फंसाने की धमकी भी दी गई.

मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस लोकेशन ट्रेस करते हुए ठिकाने पर पहुंची, जहां प्रगति एक युवक के साथ मिली. युवक ने बताया कि वे चार महीने से लिव-इन में हैं और जल्द शादी करने वाले थे.

गोद लेने वाले माता-पिता, सगी मां और मौसा-मौसी गिरफ्तार

पुलिस ने प्रगति के साथ उसे गोद लेने वाले माता-पिता अशोक विश्वकर्मा व सीमा (जो रिश्ते में उसके मौसा-मौसी भी हैं), सगी मां सोमवती, मौसी कोमल और मौसा शरद सैनी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. मौसी ललिता और मामी गोमती विश्वकर्मा अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है.

डीसीपी दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि यह संगठित गिरोह भोले-भाले लोगों को शादी के जाल में फंसाकर जेवर-नकदी उड़ाता था और फिर झूठे मुकदमे की धमकी देकर वसूली करता था.

यह भी पढ़ें: 11 लाख दीयों से जगमगाई काशी, 40 देशों के मेहमानों समेत 15 लाख पर्यटक पहुंचे; देखें भव्य नजारा

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

UP Tourism