Anant Singh’s daughter’s wedding: मोकामा से विधायक अनंत सिंह की बेटी की शादी आज धूमधाम से आयोजित की जा रही है, जिसे लेकर लदमा गांव में भव्य तैयारियां की गई हैं. विदेशी फूलों से सजा पंडाल, हेलीपैड, घुड़दौड़ और करोड़ों रुपये के संभावित खर्च ने इस शादी को सुर्खियों में ला दिया है.
रातभर तैयारियों का जायजा लेने के बाद मोकामा विधायक अनंत सिंह ने स्पष्ट किया है कि बेटी के विवाह समारोह को भव्य और यादगार बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी. विदेशी व देश के विभिन्न शहरों से मंगवाए गए फूलों की सजावट, घुड़दौड़ प्रतियोगिता में विजेता के लिए महिंद्रा थार का इनाम, करीब 4 लाख मेहमानों की दावत और वीवीआईपी मेहमानों के लिए बनाए गए हेलीपैड के कारण यह शादी पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है. 40 से 50 करोड़ रुपये के संभावित खर्च और बॉलीवुड से लेकर भोजपुरी सितारों की मौजूदगी ने इस आयोजन को बेहद खास बना दिया है.
भव्य पंडाल और घुड़दौड़ में थार का इनाम
शादी के मंडप को जयपुर के पत्रकार चौक की थीम पर सजाया गया है और मऊ से विशेष कारीगर बुलाए गए हैं, जबकि फूल बेंगलुरु, वाराणसी, कोलकाता और विदेशों से मंगवाए गए हैं. इसके साथ ही दोपहर 2 से 4 बजे के बीच लदमा गांव में घुड़दौड़ होगी, जिसमें देशभर के घुड़सवार भाग लेंगे और विजेता को महिंद्रा थार इनाम में मिलेगी.
4 लाख मेहमान, सितारे और संभावित खर्च
समारोह में करीब 4 लाख मेहमानों और 150 से ज्यादा व्यंजनों का इंतजाम किया गया है, वहीं 20 से 25 वीवीआईपी मेहमानों के लिए हेलीपैड भी बनाया गया है. मेहमानों की सूची में बड़े नेताओं के साथ सोनू सूद, उदित नारायण, मनोज तिवारी, पवन सिंह, रवि किशन, अक्षरा सिंह, खेसारी लाल यादव और मैथिली ठाकुर के नाम शामिल बताए जा रहे हैं. इवेंट एक्सपर्ट्स शादी पर 40 से 50 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान लगा रहे हैं, जबकि 2025 के विधानसभा हलफनामे में अनंत सिंह और परिवार की संपत्ति 100 करोड़ रुपये से अधिक बताई गई थी.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




