Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

हाजत में आरोपी की मौत से मचा हड़कंप, थानाध्यक्ष समेत 5 पुलिसकर्मी सस्पेंड

Saharsa Custodial Death Case: बिहार के सहरसा जिले के सौरबाजार थाने में हिरासत के दौरान आरोपी अनमोल कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. मामले में लापरवाही सामने आने पर थानाध्यक्ष समेत पांच पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है, जबकि SDPO सदर के नेतृत्व में SIT गठित की गई है.

 Saharsa Custodial Death Case

 Saharsa Custodial Death Case

 Saharsa Custodial Death Case: बिहार के सहरसा जिले के सौरबाजार थाना क्षेत्र में पुलिस हिरासत में बंद एक आरोपी की मौत के बाद पुलिस विभाग में खलबली मच गई है. शौचालय जाने के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली. इस मामले में ड्यूटी के प्रति लापरवाही और हाजत के नियमों के पालन में प्रारंभिक चूक सामने आने के बाद पुलिस अधीक्षक ने सख्त कार्रवाई करते हुए थानाध्यक्ष समेत पांच पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. साथ ही, पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष और गहन जांच के लिए एक विशेष जांच टीम भी गठित की गई है.

वॉशरूम में फांसी लगाने का दावा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह मामला सौरबाजार थाना कांड संख्या 398/26 से जुड़ा है. प्रेम-प्रसंग से संबंधित इस प्रकरण में पुलिस ने अनमोल कुमार नामक अभियुक्त को गिरफ्तार किया था. बताया जा रहा है कि आज सुबह करीब नौ बजे अभियुक्त शौचालय जाने के लिए थाना परिसर स्थित वॉशरूम गया था. इसी दौरान उसने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच के क्रम में सामने आए सीसीटीवी फुटेज में अभियुक्त खुद वॉशरूम के भीतर जाते हुए नजर आ रहा है. हालांकि, हिरासत के भीतर इस तरह की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

अस्पताल में मृत घोषित, मानवाधिकार नियमों का पालन

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम में अफरा-तफरी मच गई. आनन-फानन में अभियुक्त अनमोल कुमार को सदर अस्पताल, सहरसा ले जाया गया, लेकिन वहां मौजूद डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. हिरासत में मौत के मामलों की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रशासन और पुलिस ने तय मानकों के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है. राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग यानी एनएचआरसी की गाइडलाइन के अनुसार, मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में शव का मृत्यु समीक्षा प्रतिवेदन तैयार कराया जा रहा है. इसके अलावा, पारदर्शिता बनाए रखने के लिए मेडिकल बोर्ड के जरिए पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमार्टम कराया जा रहा है.

पांच पुलिसकर्मी निलंबित, पुलिस केंद्र क्लोज

हिरासत में आरोपी की मौत और हाजत नियमों की अनदेखी को लेकर पुलिस अधीक्षक ने कड़ा रुख अपनाया है. प्रथम दृष्टया लापरवाही और कर्तव्यहीनता पाए जाने पर थानाध्यक्ष संजय कुमार सत्यार्थी, मामले के अनुसंधानकर्ता पीएसआई शिवानी कुमारी, ओडी पदाधिकारी एएसआई अनंत कुमार सिंह, सिपाही मुन्ना कुमार और ड्यूटी पर तैनात चौकीदार राजकिशोर शर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है. निलंबन के साथ ही इन सभी को पुलिस केंद्र क्लोज कर दिया गया है.

एसडीपीओ सदर के नेतृत्व में विशेष जांच टीम गठित

घटना की हर पहलू से पड़ताल करने और तथ्यों को सामने लाने के लिए पुलिस अधीक्षक ने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम का गठन किया है. यह टीम हिरासत में लिए जाने से लेकर वॉशरूम जाने और घटना के समय ड्यूटी पर मौजूद कर्मियों की भूमिका तक हर बिंदु की जांच करेगी. सीसीटीवी फुटेज, ड्यूटी रजिस्टर और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल, इस घटना के बाद सौरबाजार थाना और पूरे सहरसा पुलिस महकमे में हलचल तेज है और जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है.

भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

UP Tourism