मुंबई हमले के पीड़ित परिवारों का दर्द आज भी बरकरार
Mumbai Terror Attack: 26 नवंबर 2008 की रात मुंबई की सड़कों पर गोलियां चल रही थीं, टीवी स्क्रीन पर आग की लपटें दिखाई दे रही थीं. ताज होटल धुएं से घिरा था और छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस पर जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष चल रहा था. देश के लोग टीवी के सामने बैठे थे और हर कोई यही दुआ कर रहा था कि यह रात जल्द खत्म हो जाए लेकिन उस रात जिन घरों में किसी का इंतजार हो रहा था, वहां सुबह तो हुई, मगर जिंदगी कभी पहले जैसी नहीं हुई. किसी घर का दरवाजा उस रात आखिरी बार खुला था, किसी बच्चे ने अपने पिता को आखिरी बार फोन पर सुना था. किसी मां को यह तक नहीं मालूम था कि जिस बेटे को उसने सुबह घर से विदा किया था, वह अब कभी वापस नहीं आएगा.
आज 18 साल बाद मुंबई की इमारतें फिर रोशनी से जगमगा रही हैं, रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों की आवाजाही सामान्य है. ताज होटल में मेहमान आते-जाते हैं, मगर कुछ परिवारों के लिए 26 नवंबर आज भी एक ऐसा दिन है, जिसे वे चाहकर भी पीछे नहीं छोड़ सकते.
सात साल की उम्र में छिन गया पिता का साया
अंजलि गुप्ता की जिंदगी में 26 नवंबर 2008 एक ऐसी तारीख बनकर आया, जिसने उनका बचपन छीन लिया. वह महज सात साल की थीं, जब उनके पिता विनोद गुप्ता सीएसटी रेलवे स्टेशन पर अपनी मां को ट्रेन में बैठाने गए थे. परिवार को क्या पता था कि मां को ट्रेन तक छोड़ने गया बेटा और पिता अब कभी घर नहीं लौटेगा.
उनकी मां सावित्री ने पति को फोन किया, फोन बजता रहा. आखिरकार दूसरी तरफ से किसी अनजान व्यक्ति ने फोन उठाया और बताया कि फोन के मालिक की प्लेटफॉर्म पर मौत हो चुकी है,
अंजलि के पिता परिवार के इकलौते कमाने वाले थे. उस एक रात ने परिवार से सिर्फ एक इंसान नहीं छीना, बल्कि बच्चों का भविष्य, मां का सहारा और घर की आर्थिक सुरक्षा भी छीन ली.
18 साल बाद भी इस परिवार की कहानी उस सवाल को सामने रखती है कि किसी आतंकी हमले में मरने वाला व्यक्ति सिर्फ एक संख्या नहीं होता, उसके पीछे एक पूरा संसार होता है.
जिस बच्चे ने मां को कभी देखा ही नहीं…
26/11 के बाद कई बच्चे ऐसे बड़े हुए, जिनके पास मां या पिता की यादें नहीं थीं. उनके पास सिर्फ तस्वीरें थीं और परिवार के लोगों से सुनी हुई कहानियां. पूनम नवादिया की मौत सीएसटी पर आतंकियों की गोलीबारी में हुई थी, उनके पति भरत गंभीर रूप से घायल हुए थे. उस समय उनके बच्चे इतने छोटे थे कि मां की यादें उनके मन में दर्ज तक नहीं हो सकीं, बाद में जब वे बड़े हुए तो उन्हें अपनी मां के बारे में रिश्तेदारों से सुनकर और तस्वीरों में देखकर जानना पड़ा.
सोचिए, एक बच्चा जब बड़ा होकर अपनी मां के बारे में पूछता है और जवाब में उसे बताया जाता है कि वह तस्वीरों में दिखने वाली महिला उसकी मां है, तो उस परिवार के लिए यह कितना बड़ा दर्द होगा.
गर्भ में पल रहे बच्चे के सिर से उठ गया पिता का साया
मोहम्मद उमर शेख मुंबई में टैक्सी चलाकर अपने परिवार का पेट पालते थे, 26 नवंबर की रात उनकी टैक्सी विस्फोट का शिकार हुई. उनकी पत्नी मोमीना खातून उस समय चार महीने की गर्भवती थीं, उनके पहले से तीन बच्चे थे.
पति की मौत के बाद चार बच्चों की जिम्मेदारी उनके कंधों पर आ गई,जिस व्यक्ति ने परिवार को बेहतर जिंदगी देने के सपने के साथ मुंबई का रुख किया था, उसके जाने के बाद पत्नी के सामने बच्चों की पढ़ाई, बीमारी और रोजमर्रा के खर्चों का पहाड़ खड़ा था. उस रात आतंकियों ने एक टैक्सी को विस्फोट से उड़ा दिया था, लेकिन उसके साथ एक परिवार की आर्थिक और भावनात्मक दुनिया भी बिखर गई.
शरीर से तो जख्म मिट जाते हैं पर मन हमेशा जख्मी रहता है….
26/11 के पीड़ितों की कहानी केवल उन लोगों की नहीं है, जिन्होंने अपने परिजनों को खोया. उस रात जिंदा बच गए कई लोगों के लिए भी सामान्य जिंदगी में लौटना आसान नहीं था.
तौफीक शेख उस समय सीएसटी स्टेशन पर चाय बेचते थे, 18 साल बाद भी वह उस रात को याद करते हैं तो उनकी नींद उड़ जाती है. उन्हें पहले गोलियों की आवाज पटाखों जैसी लगी थी, फिर अचानक स्टेशन पर भगदड़ और चीख-पुकार शुरू हो गई.
संतोष वीर नारिमन हाउस के पास आतंकियों को रोकने की कोशिश में गंभीर रूप से घायल हुए थे, कई ऑपरेशन हुए, आज भी उनके पैरों में दर्द रहता है लेकिन उन्होंने उस दर्द को अपनी जिंदगी का अंत नहीं बनने दिया. वह हर साल रक्तदान शिविर लगाकर दूसरों की जान बचाने की कोशिश करते हैं.
ये कहानियां बताती हैं कि आतंकवाद का हमला उस दिन खत्म नहीं होता, जिस दिन सुरक्षा बल ऑपरेशन समाप्त होने की घोषणा करते हैं. उसका असर उन लोगों के भीतर वर्षों तक चलता रहता है, जिन्होंने उसे देखा, झेला या उसमें अपना कोई खोया.
हर जख्म मुआवजे से नहीं भरता, दिल में उठी हूक कलेजा चीर देती है….
किसी परिवार को आर्थिक सहायता मिल सकती है, किसी घायल का इलाज कराया जा सकता है, किसी शहीद के नाम पर स्मारक बनाया जा सकता है. लेकिन क्या किसी बच्चे को उसका बचपन लौटाया जा सकता है? क्या किसी मां को उसका बेटा वापस मिल सकता है? क्या किसी पत्नी को वह जीवन मिल सकता है, जिसकी उसने अपने पति के साथ कल्पना की थी?
ये भी पढ़ें- 18 साल बाद 26/11 का सबसे बड़ा सवाल ! क्या हमने सिर्फ सुरक्षा बढ़ाई या सिस्टम की जवाबदेही भी तय की?
26/11 की 18वीं बरसी पर देश शहीदों और पीड़ितों को याद कर रहा है, मगर इस दिन उन परिवारों को भी याद करने की जरूरत है, जिनके जीवन में उस रात के बाद हर दिन एक नई लड़ाई लेकर आया. आतंकियों ने 26 नवंबर की रात गोलियां चलाई थीं, गोलियों की आवाज कुछ घंटों में थम गई, मगर जिन घरों में अपनों की आवाज हमेशा के लिए खामोश हो गई, वहां 18 साल बाद भी उस रात का सन्नाटा बाकी है, शायद इसीलिए 26/11 की सबसे दर्दनाक तस्वीर किसी जलती हुई इमारत की नहीं, बल्कि उस बच्चे की है, जो आज भी अपने पिता को सिर्फ एक तस्वीर में देख सकता है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



