Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

साधारण परिवार में जन्मा बालक देश की सेवा का दायित्व संभाल रहा, यही संविधान की शक्ति का प्रमाण- प्रधानमंत्री मोदी

राष्ट्रीय संविधान दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने बचपन के साधारण हालात और जीवन संघर्ष को याद किया है. उन्होंने कहा कि एक साधारण परिवार में जन्म लेने वाला बालक, जिसे विरासत में कोई विशेषाधिकार या सुविधा नहीं मिली, एक दिन दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र की सेवा का दायित्व संभाल सकता है, ये हमारे संविधान की असाधारण शक्ति का प्रमाण है.

राष्ट्रीय संविधान दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने जीवन के शुरुआती दिनों और संघर्षों को याद करते हुए भारतीय संविधान की ताकत का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि भारत का संविधान हर नागरिक को आगे बढ़ने और अपनी पहचान बनाने का समान अवसर देता है. यही वजह है कि एक साधारण परिवार में जन्म लेने वाला बच्चा भी देश के सबसे बड़े संवैधानिक पदों में से एक तक पहुंच सकता है. प्रधानमंत्री के मुताबिक, यह भारतीय संविधान की सबसे बड़ी खूबी है कि किसी व्यक्ति का भविष्य उसके जन्म और पारिवारिक परिस्थितियों से तय नहीं होता.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को ‘संविधान: हमारी मार्गदर्शक शक्ति’ शीर्षक से एक लेख लिखा. इस लेख में उन्होंने 26 नवंबर 1949 के ऐतिहासिक दिन को याद किया, जब संविधान सभा ने भारत के संविधान को अपनाया था. उन्होंने देश के पहले राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद, संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर और संविधान सभा के तमाम सदस्यों को भी श्रद्धांजलि दी.

पीएम मोदी ने कहा कि संविधान बनाने वाले लोगों ने केवल आधुनिक भारत की जरूरतों को ध्यान में नहीं रखा, बल्कि देश की पुरानी परंपराओं, सांस्कृतिक विरासत और सभ्यता के अनुभवों को भी इसमें जगह दी. भारत जैसे विविधताओं वाले देश के लिए यह बेहद जरूरी था. यहां अलग-अलग भाषाएं बोलने वाले, अलग-अलग धर्मों को मानने वाले और अपनी-अपनी परंपराओं के साथ रहने वाले करोड़ों लोग एक ही संवैधानिक व्यवस्था से जुड़े हुए हैं.

संसद और अदालतों तक सीमित न रहे संविधान की सोच

प्रधानमंत्री ने अपने लेख में इस बात पर भी जोर दिया कि संविधान का महत्व केवल संसद, अदालतों या सरकारी संस्थानों तक सीमित नहीं रहना चाहिए. इसकी भावना आम लोगों के जीवन में भी दिखाई देनी चाहिए.

उन्होंने कहा कि संविधान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए खासतौर पर युवाओं को इससे जोड़ना जरूरी है. जब नई पीढ़ी संविधान में दिए गए अधिकारों, कर्तव्यों और मूल्यों को समझेगी, तो देश में एकता और आपसी विश्वास की भावना भी मजबूत होगी.

इसी उद्देश्य से करीब एक दशक पहले उनकी सरकार ने 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाने का फैसला किया था. इसका मकसद लोगों को संविधान के इतिहास और उसकी अहमियत से जोड़ना था, ताकि यह केवल किताबों और सरकारी कार्यक्रमों का हिस्सा बनकर न रह जाए.

अपने बचपन को याद कर भावुक हुए पीएम मोदी

लेख का सबसे खास हिस्सा वह रहा, जिसमें प्रधानमंत्री ने अपने बचपन और संघर्ष के दिनों का जिक्र किया. उन्होंने बताया कि उनका संविधान से रिश्ता केवल एक प्रधानमंत्री या जनप्रतिनिधि के तौर पर नहीं है, बल्कि यह उनकी निजी जिंदगी और करोड़ों भारतीयों के सपनों से भी जुड़ा हुआ है.

पीएम मोदी ने कहा कि जब वह अपने बचपन के साधारण हालात और उस समय की मुश्किलों को याद करते हैं, तो संविधान के प्रति उनके मन में सम्मान और कृतज्ञता का भाव और गहरा हो जाता है. उन्होंने इस बात को भारतीय लोकतंत्र की बड़ी उपलब्धि बताया कि सामान्य परिवार में जन्म लेने वाला व्यक्ति भी मेहनत और अपनी क्षमता के दम पर देश की सेवा करने की जिम्मेदारी तक पहुंच सकता है.

जन्म नहीं, मेहनत और अवसर तय करें भविष्य

प्रधानमंत्री के मुताबिक, भारतीय संविधान की असली ताकत यही है कि किसी इंसान के जन्म की परिस्थितियां उसके सपनों और भविष्य की राह में दीवार नहीं बनतीं. हर व्यक्ति को आगे बढ़ने का अवसर मिलना ही लोकतांत्रिक व्यवस्था की खूबसूरती है.

उन्होंने कहा कि संविधान ने उन्हें और देश के करोड़ों लोगों को आगे बढ़ने का रास्ता दिया है. इस भरोसे और अवसर के लिए देश का हर नागरिक संविधान का आभारी हो सकता है.

पीएम मोदी ने यह भी कहा कि उनकी सरकार ने संविधान को और मजबूत बनाने की दिशा में अपने स्तर पर प्रयास किए हैं. उनके अनुसार, संविधान के प्रति सच्ची कृतज्ञता केवल उसे याद करने से नहीं, बल्कि उसके मूल्यों को अपनाने और देश के हर नागरिक तक उनका लाभ पहुंचाने से पूरी होगी.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

UP Tourism