नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही फिल्म ‘रामायण’ इन दिनों लगातार सुर्खियों में बनी हुई है. फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच पहले से ही काफी उत्सुकता है. वहीं, अब इसकी टीम की एक खास मुलाकात ने एक बार फिर इस फिल्म को चर्चा में ला दिया है. फिल्म के कलाकारों और मेकर्स ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की. इस दौरान रणबीर कपूर, साई पल्लवी और निर्देशक नितेश तिवारी समेत फिल्म से जुड़े कई लोग मौजूद रहे.
इस मुलाकात की तस्वीरें फिल्म के आधिकारिक एक्स (X) अकाउंट ‘द वर्ल्ड ऑफ रामायण’ पर शेयर की गई हैं. तस्वीरों में फिल्म की टीम अमित शाह के साथ बैठकर बातचीत करती दिखाई दे रही है. सोशल मीडिया पर ये तस्वीरें सामने आते ही लोगों का ध्यान एक बार फिर फिल्म की ओर चला गया.
मेकर्स ने खास अंदाज में जाहिर की खुशी
फिल्म की टीम ने तस्वीरें साझा करते हुए अपने पोस्ट में बताया कि गृह मंत्री अमित शाह से मिलना उनके लिए खुशी की बात रही. पोस्ट के मुताबिक, फिल्म को देश ही नहीं, बल्कि दुनियाभर के सिनेमाघरों में दर्शकों का प्यार मिल रहा है. मेकर्स ने इस मौके को खास बताते हुए अपनी खुशी जाहिर की.
‘रामायण’ को लेकर जिस तरह से फिल्म इंडस्ट्री की बड़ी हस्तियां अपनी प्रतिक्रियाएं दे रही हैं, उससे भी इस प्रोजेक्ट को लेकर लोगों की दिलचस्पी बढ़ रही है. कई जाने-माने कलाकार और निर्देशक फिल्म की तारीफ कर चुके हैं.
एसएस राजामौली ने रणबीर और यश की जमकर की तारीफ
मशहूर फिल्म निर्देशक एसएस राजामौली ने भी ‘रामायण’ को लेकर अपनी राय साझा की थी. उन्होंने फिल्म के बड़े स्तर पर तैयार किए गए दृश्यों और इसकी भव्यता की तारीफ की. राजामौली के मुताबिक, फिल्म का विजुअल स्केल बड़े पर्दे पर देखने लायक है.
उन्होंने रणबीर कपूर के राम वाले किरदार को खास तौर पर सराहा. उनके अनुसार, वनवास के बाद राम के रूप में रणबीर का शांत अंदाज काफी प्रभावशाली नजर आता है. वहीं, रावण के किरदार में यश की मौजूदगी को उन्होंने बेहद दमदार और खौफनाक बताया. साई पल्लवी के सीता वाले किरदार की भी उन्होंने तारीफ की और उनके अभिनय में दिखाई देने वाली गरिमा का जिक्र किया.
राजामौली ने फिल्म के प्री-क्लाइमैक्स और क्लाइमैक्स को भी पसंद किया. साथ ही निर्माता नमित मल्होत्रा, निर्देशक नितेश तिवारी और पूरी टीम को इतने बड़े विजन को पर्दे पर उतारने के लिए बधाई दी.
अनुपम खेर ने भी दी पूरी टीम को शुभकामनाएं
बॉलीवुड अभिनेता अनुपम खेर ने भी फिल्म को लेकर अपनी खुशी जाहिर की. उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा करते हुए पूरी टीम को बधाई दी. अपने संदेश में उन्होंने ‘जय श्री राम’ कहते हुए फिल्म के कलाकारों, निर्माताओं, तकनीशियनों और इससे जुड़े हर सदस्य की मेहनत की सराहना की.
अनुपम खेर ने उम्मीद जताई कि दुनिया भर के दर्शक इस फिल्म को प्यार और आशीर्वाद देंगे. उन्होंने पर्दे के पीछे काम करने वाले लोगों की मेहनत को भी याद किया.
अल्लू अर्जुन और विजय देवरकोंडा ने भी किया समर्थन
साउथ सिनेमा के लोकप्रिय अभिनेता विजय देवरकोंडा ने भी ‘रामायण’ की टीम को शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि यह फिल्म भारतीय कहानियों, संस्कृति और कल्पनाओं को दुनिया के अलग-अलग हिस्सों तक पहुंचाने का काम करेगी. विजय ने रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश के अभिनय की तारीफ करते हुए निर्माता नमित मल्होत्रा, निर्देशक नितेश तिवारी और संगीतकार एआर रहमान व हंस जिमर के काम का भी सम्मान किया.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.





