Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

पीएम मोदी के 25 साल पूरे, बीजेपी उतारेगी ‘सेवा दूत’; 25 दिन तक जनता के बीच रहेंगे बड़े नेता

BJP Seva Doot Campaign: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने पर बीजेपी 1 से 25 दिसंबर तक ‘सेवा दूत अभियान’ चलाएगी.

BJP Seva Doot Campaign

BJP Seva Doot Campaign: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के मौके पर भारतीय जनता पार्टी ने देशव्यापी जनसंपर्क कार्यक्रम शुरू करने का फैसला किया है. पार्टी इस पहल को ‘सेवा दूत अभियान’ नाम दे रही है. यह अभियान 1 दिसंबर से 25 दिसंबर तक लगातार 25 दिनों तक चलाया जाएगा. इस दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता संगठनात्मक गतिविधियों को दफ्तरों तक सीमित रखने के बजाय सीधे लोगों के बीच जाकर संवाद करेंगे.

हरीश द्विवेदी को मिली अभियान की जिम्मेदारी

पूरे कार्यक्रम के संचालन की जिम्मेदारी बीजेपी के राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी को सौंपी गई है. पार्टी की रणनीति के मुताबिक वरिष्ठ नेताओं को अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में भेजा जाएगा, जहां वे पूरे अभियान के दौरान स्थानीय स्तर पर समय बिताएंगे. नेता गांव, कस्बों और शहरों में पहुंचकर नागरिकों से मुलाकात करेंगे और उनकी राय जानेंगे.

योजनाओं की पहुंच का होगा आकलन

बीजेपी इस अभियान के जरिए यह समझने की कोशिश करेगी कि केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाएं लोगों तक कितनी प्रभावी तरीके से पहुंच रही हैं. साथ ही यह भी परखा जाएगा कि लाभार्थियों को इन योजनाओं का वास्तविक फायदा किस हद तक मिल रहा है. पार्टी का फोकस केवल प्रचार तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि जमीनी फीडबैक जुटाने पर भी रहेगा.

घर-घर पहुंचेंगे सेवा दूत

अभियान में सबसे अहम भूमिका सेवा दूतों की होगी. ये कार्यकर्ता विधानसभा, मंडल, गांव और वार्ड स्तर तक सक्रिय रहेंगे. घर-घर जाकर लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देंगे और बताएंगे कि वे उनका लाभ कैसे प्राप्त कर सकते हैं. यदि कोई पात्र व्यक्ति अब तक किसी योजना से नहीं जुड़ पाया है तो उसके पंजीकरण में भी मदद की जाएगी.

शिकायतें और सुझाव भी जुटाए जाएंगे

सेवा दूत केवल योजनाओं की जानकारी ही नहीं देंगे, बल्कि स्थानीय समस्याओं, शिकायतों और लोगों के सुझावों को भी दर्ज करेंगे. इन जानकारियों को प्रशासन और सरकार तक पहुंचाया जाएगा, ताकि आवश्यक कार्रवाई हो सके. पार्टी का मानना है कि इससे जनता की अपेक्षाओं और जमीनी चुनौतियों को बेहतर तरीके से समझा जा सकेगा.

ये भी पढ़ें-50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर, न्याय संहिता का जिक्र: संविधान दिवस पर पीएम मोदी

चुनावी राज्यों पर रहेगा विशेष फोकस

बीजेपी की विशेष नजर उन राज्यों पर रहेगी जहां निकट भविष्य में विधानसभा चुनाव होने हैं. उत्तर प्रदेश और पंजाब समेत अन्य चुनावी राज्यों में बड़े नेताओं के कार्यक्रमों की संख्या अधिक रखी जाएगी. माना जा रहा है कि सेवा दूत अभियान के जरिए पार्टी जनता के साथ सीधा संवाद बढ़ाने के साथ-साथ यह भी आंकलन करना चाहती है कि सरकारी योजनाओं का असर चुनावी समर्थन में कितना बदल रहा है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

UP Tourism