संविधान दिवस के मौके पर दिल्ली बीजेपी द्वारा आयोजित ‘संविधान गौरव दिवस’ सेमिनार में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आजादी के बाद संविधान के प्रति अपनाए गए नजरिए पर बड़ी बात कही. उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि आजादी के बाद संविधान को केवल सरकार चलाने की एक गाइडबुक के तौर पर देखने की कोशिश हुई, जबकि युवाओं, किशोरों और आम नागरिकों के मन में इसकी मूल भावना को जगाने व मजबूत करने का काम भुला दिया गया. अमित शाह के मुताबिक, संविधान का सम्मान करना हर भारतीय के लिए गर्व और जिम्मेदारी की बात है. उन्होंने बताया कि 2014 में नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद 2015 में यह फैसला लिया गया कि हर साल 26 नवंबर को ‘संविधान गौरव दिवस’ मनाया जाए, ताकि संविधान के सर्वोच्च मूल्यों को स्कूल-कॉलेज से लेकर हर नागरिक तक पहुंचाया जा सके.
‘संसद लाइब्रेरी में संविधान की मूल प्रति जरूर देखें’
सेमिनार को संबोधित करते हुए गृह मंत्री ने सभ्यता के विरोधियों और संविधान की प्रति लेकर चलने वालों को एक खास सुझाव दिया. उन्होंने कहा कि यदि जीवन में संविधान के लिए 10 से 15 मिनट का समय निकाला जा सके, तो एक बार संविधान की मूल प्रति को जरूर देखना चाहिए.
भारत का संविधान राष्ट्र की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों का आधार है। संविधान दिवस के अवसर पर नई दिल्ली में आयोजित ‘संविधान गौरव दिवस’ समारोह से लाइव… https://t.co/Md2VYJlS7g
— Amit Shah (@AmitShah) November 26, 2026
अमित शाह ने बताया कि संविधान की मूल प्रति के अध्यायों की शुरुआत उन ऐतिहासिक और सांस्कृतिक चित्रों से होती है, जिनमें भगवान श्री राम का अयोध्या आगमन, भगवान बुद्ध, भगवान महावीर, गुरु गोबिंद सिंह जी, रानी लक्ष्मीबाई, दांडी मार्च और नेताजी सुभाष चंद्र बोस की झलक दिखती है. उन्होंने आग्रह किया कि जो लोग हाथ में संविधान लेकर घूमते हैं, वे संसद की लाइब्रेरी जाएं, 15 मिनट समय दें और नंदलाल बोस के बनाए चित्रों को देखकर संविधान की असली भावना को समझें.
शासन संविधान के दायरे में
गृह मंत्री ने लोकतंत्र और शासन व्यवस्था की मर्यादा का जिक्र करते हुए कहा कि संविधान निर्माताओं ने स्पष्ट किया था कि सत्ता जनता के जरिए मिलती है और जनता के जरिए ही आगे बढ़ती है.
जनता को यह तय करने का अधिकार दिया गया कि सत्ता किसे दी जाए, जबकि सत्ता संभालने वालों के लिए यह लक्ष्मण रेखा खींची गई कि शासन हमेशा संविधान के दायरे में रहकर ही चलना चाहिए. उन्होंने कहा कि एक ओर जनता के पास सत्ता चुनने का हक है और दूसरी ओर शासकों को संवैधानिक सीमाओं के भीतर काम करना होगा. शाह के अनुसार, प्रस्तावना का हर शब्द एक महान भारत गढ़ने के लिए घोषित किया गया था.
यह भी पढ़ें: संविधान सिर्फ कानून की किताब नहीं, हमारी पहचान और विरासत है- गृह मंत्री अमित शाह
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


