Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

ब्रिटिश भारत के पांच विभाजनों की पड़ताल करती सैम डैलरिम्पल की ‘शैटर्ड लैंड्स’ ने जीता केसीबीपी एनआईएफ बुक प्राइज 2026

न्यू इंडिया फाउंडेशन (NIF) ने सैम डैलरिम्पल को उनकी पुस्तक ‘शैटर्ड लैंड्स: फाइव पार्टीशंस एंड द मेकिंग ऑफ मॉडर्न एशिया’ के लिए कमलादेवी चट्टोपाध्याय एनआईएफ बुक प्राइज 2026 का विजेता घोषित किया है.

Sam Dalrymple Wins Kamaladevi Chattopadhyay NIF Book Prize 2026 For Shattered Lands Five Partitions And The Making Of Modern Asia
Edited by Vaibhav Gupta

न्यू इंडिया फाउंडेशन (NIF) ने आज सैम डैलरिम्पल को हार्पर कॉलिन्स फोर्थ एस्टेट द्वारा प्रकाशित उनकी पुस्तक ‘शैटर्ड लैंड्स: फाइव पार्टीशंस एंड द मेकिंग ऑफ मॉडर्न एशिया’ के लिए कमलादेवी चट्टोपाध्याय (केसीबीपी) एनआईएफ बुक प्राइज का विजेता घोषित किया है. मि. डैलरिम्पल को यह पुरस्कार 12 दिसंबर, 2026 को बंगलौर लिट्रेचर फेस्टिवल के 15वें संस्करण के आधिकारिक समारोह में प्रदान किया जाएगा, और इसमें नक़द पुरस्कार के साथ ही एक ट्रॉफी और एक प्रशस्ति पत्र शामिल होंगे. कमलादेवी चट्टोपाध्याय एनआईएफ बुक प्राइज आधुनिक भारत पर उत्कृष्ट कथेतर लेखन को सम्मानित करता है और मि. डैलरिम्पल की पुस्तक यह दर्शाती है कि ब्रिटिश भारत के पांच विभाजनों ने आधुनिक दक्षिण एशिया की सीमाओं, राजनीतियों और पहचानों को किस तरह आकार दिया.

प्रतिष्ठित निर्णायक मंडल ने किया चयन

2026 की केसीबीपी लघु सूची का चयन एक प्रतिष्ठित निर्णायक मंडल ने किया था, जिसमें टाटा संस और टाटा ग्रुप के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन, पॉलिटिकल साइंटिस्ट और केसीबीपी एनआईएफ जूरी की अध्यक्ष नीरजा गोपाल जयाल, ट्राइलीगल के पार्टनर राहुल माथन, विज्ञान-इतिहासकार जाह्नवी फालके, इतिहासकार श्रीनाथ राघवन, भारत की पूर्व विदेश सचिव निरुपमा राव और उद्यमी मनीष सभरवाल शामिल थे.

जूरी प्रशस्ति-पत्र में पुस्तक की सराहना

कमलादेवी चट्टोपाध्याय एनआईएफ बुक प्राइज 2026 के जूरी प्रशस्ति-पत्र के अनुसार,
जूरी ‘शैटर्ड लैंड्स’ को भारतीय उपमहाद्वीप को आकार देने वाली ऐतिहासिक और राजनीतिक शक्तियों की ज्ञानवर्धक पड़ताल के लिए सराहती है. सैम डैलरिम्पल ने अपनी गहन रिसर्च और कहानी सुनाने की दमदार शैली के जरिए एक ऐसे इलाक़े के इतिहास को जीवंत किया है जो सरहदों से बंटा है लेकिन साझा इतिहास से जुड़ा हुआ है. इतिहास की यह महत्वाकांक्षी और असरदार किताब बंटवारे और उसके गहरे प्रभावों को नया नजरिया प्रदान करती है.

चार अन्य उत्कृष्ट किताबों के साथ शॉर्टलिस्ट की गई शैटर्ड लैंड्स को ब्रिटिश भारत के कम चर्चित बंटवारों को सामने लाने के लिए सराहा गया है. जहां बंटवारे की ज्यादातर कहानियां 1947 में ही शुरू और ख़त्म हो जाती हैं, वहीं मि. डैलरिम्पल ने साम्राज्य के अंत की कहानी बर्मा से लेकर अदन तक पांच विघटनों में सुनाई है.

शॉर्टलिस्ट में शामिल किताबें:

  • ए मैन फॉर ऑल सीजंस: द लाइफ ऑफ के.एम. पणिक्कर; लेखक: नारायणी बसु
  • शैटर्ड लैंड्स: फाइव पार्टीशंस एंड द मेकिंग ऑफ मॉडर्न एशिया; लेखक: सैम डैलरिम्पल
  • असेम्बलिंग इंडिया’ज कॉन्स्टीट्यूशन: ए न्यू डेमोक्रेटिक हिस्ट्री; लेखक: रोहित डे एवं ऑर्नित शानी
  • द सीक्रेट मास्टर: अरुण काशलकर एंड ए जर्नी टू द ऐज ऑफ म्यूजिक; लेखक: सुमना रामानन
  • ए सिक्स्थ ऑफ ह्यूमैनिटी: इंडिपेंडेंट इंडिया’ज डेवलपमेंट ऑडिसी; लेखक: अरविंद सुब्रमण्यम एवं देवेश कपूर

क्या है न्यू इंडिया फाउंडेशन?

एनआईएफ तीन मुख्य प्रोग्राम आयोजित करता है: एनआईएफ बुक फेलोशिप, अनुवाद फेलोशिप, और कमलादेवी चट्टोपाध्याय एनआईएफ बुक प्राइज. एनआईएफ अशोका सेंटर फॉर ट्रांसलेशन के साथ भाषावाद नामक वार्षिक अनुवाद संगोष्ठी भी आयोजित करता है, जिसने भारत में हुए अनुवादों का एक अनूठा और सर्च करने योग्य डेटाबेस (bhashavaad.in) भी तैयार किया है, जिसमें अब 30,000 से ज्यादा प्रविष्टियां हैं और यह संख्या निरंतर बढ़ती जा रही है.

पिछले दो दशकों में एनआईएफ बुक फेलोशिप ने 1947 के बाद के भारत के विभिन्न पहलुओं (राजनीतिक जीवनियों और सांस्कृतिक इतिहास से लेकर संस्मरण तक) पर आधारित लगभग 40 उच्च-स्तरीय कथेतर किताबों को सहयोग प्रदान किया है; ये किताबें समकालीन भारत की एक विशिष्ट व्याख्या प्रस्तुत करती हैं.

न्यू इंडिया फाउंडेशन का मार्गदर्शन एक सम्मानित गवर्निंग बोर्ड करता है, जिसमें पॉलिटिकल साइंटिस्ट नीरजा गोपाल जयाल, इतिहासकार श्रीनाथ राघवन, ट्राइलीगल के पार्टनर राहुल माथन, उद्यमी मनीष सभरवाल और नंदन नीलेकणि (मानद गवर्निंग बोर्ड सदस्य) शामिल हैं.

यह भी पढ़ें: असम का वो योद्धा जिसके नाम पर एनडीए में मिलता है मेडल, जानें लचित बरफुकान की गाथा

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

UP Tourism