Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

जंतर-मंतर प्रदर्शन के दौरान पत्रकारों से दुर्व्यवहार मामले में सुप्रीम कोर्ट ने दिए जांच के निर्देश

सुप्रीम कोर्ट ने जंतर-मंतर प्रदर्शन के दौरान पत्रकारों से दुर्व्यवहार के मामले को जस्टिस सुभाष रेड्डी की समिति को जांच के लिए भेजा है. कोर्ट ने पत्रकारों की सुरक्षा पर अहम सवाल उठाए हैं.

Supreme Court

मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान पत्रकारों को हिरासत में लिए जाने और उनके साथ दुर्व्यवहार करने के मामले में सुप्रीम कोर्ट ने कड़ा रुख अपनाया है. शीर्ष अदालत ने प्रेस की स्वतंत्रता और पत्रकारों की सुरक्षा से जुड़े कई अहम संवैधानिक सवाल उठाते हुए इस पूरे प्रकरण की जांच का निर्देश दिया है.

मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत, न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची और न्यायमूर्ति वी. मोहना की पीठ ने ‘केरल यूनियन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स’ (KUWJ) की याचिका पर सुनवाई करते हुए व्यक्तिगत पुलिस ज्यादतियों की जांच का जिम्मा सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश जस्टिस सुभाष रेड्डी की अध्यक्षता वाली जांच समिति को सौंप दिया है.

‘पत्रकार किसे माना जाए?’

मामले की सुनवाई के दौरान पीठ ने प्रेस के अधिकारों और उनकी पहचान को लेकर कई महत्वपूर्ण संवैधानिक सवाल उठाए. कोर्ट ने पूछा कि आखिर ‘पत्रकार’ किसे माना जाए? क्या पत्रकारों को मिलने वाला कानूनी संरक्षण उनकी आधिकारिक मान्यता (Accreditation) या किसी स्थापित मीडिया संस्थान से जुड़े होने पर निर्भर होना चाहिए?

क्या किसी विरोध प्रदर्शन की रिपोर्टिंग करते समय पत्रकारों को पुलिस और अन्य कानून लागू करने वाली एजेंसियों के सामने कोई विशेष अधिकार या छूट मिलनी चाहिए?

कंटेंट क्रिएटर्स पर टिप्पणी

सुनवाई के दौरान जस्टिस जॉयमाल्या बागची ने मौखिक टिप्पणी करते हुए कहा कि यह जरूरी नहीं है कि स्वघोषित पत्रकारों को भी उसी स्तर की सुरक्षा मिले, जो मान्यता प्राप्त पत्रकारों को उपलब्ध होती है. गौरतलब है कि दिल्ली पुलिस पहले ही अदालत में यह तर्क दे चुकी है कि रील बनाने वाले (Reel-makers) और कंटेंट क्रिएटर्स प्रदर्शनों की कवरेज के दौरान उस तरह के विशेष संरक्षण का दावा नहीं कर सकते, जो एक मान्यता प्राप्त पत्रकार को मिलता है.

व्यापक दिशा-निर्देश तय करने के संकेत

सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट किया कि पत्रकारिता की स्वतंत्रता और सार्वजनिक व्यवस्था (Public Order) बनाए रखने के बीच एक उचित संतुलन बेहद जरूरी है. कोर्ट ने संकेत दिया है कि यदि पुलिस और पत्रकारों के बीच कामकाज को लेकर मौजूदा नियमों में कोई कमी या अस्पष्टता है, तो उसे दूर करने के लिए व्यापक दिशा-निर्देश (Guidelines) तय किए जा सकते हैं.

ये भी पढ़ें: बेटी की शादी में ‘छोटे सरकार’ ने खर्चे करोड़ों! आखिर कहां से कमाते हैं अनंत सिंह?

अदालत ने स्पष्ट किया कि पुलिस की ज्यादतियों से जुड़े व्यक्तिगत आरोपों की जांच जस्टिस सुभाष रेड्डी की समिति करेगी, जबकि पत्रकारों की सुरक्षा और प्रेस की स्वतंत्रता से जुड़े व्यापक संवैधानिक सवालों पर कोर्ट विचार कर सकता है. इन निर्देशों के साथ पीठ ने याचिका के गुण-दोष (Merits) पर कोई राय जाहिर किए बिना इसका निपटारा कर दिया है.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

UP Tourism